Himachal News: हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में एक बेहद अनोखा दृश्य देखने को मिला है। जहां आमतौर पर सत्ता पक्ष और विपक्ष सड़कों पर आमने-सामने होते हैं, वहीं कुल्लू जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के मौजूदा विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के समर्थन में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। कुल्लू के ढालपुर मैदान में हुए इस प्रदर्शन की मुख्य मांग कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की कैबिनेट में शामिल करना रही।

पूर्व भाजपा मंत्री एवं वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह ठाकुर की अगुवाई में आयोजित इस रोष प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू न केवल प्रदेश की जनता को चुनावी गारंटियों के नाम पर गुमराह कर रहे हैं, बल्कि कुल्लू जिले के विकास की उपेक्षा करते हुए अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ विधायक को लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार का झुनझुना थमा रहे हैं।

 

जनता और विधायकों दोनों को ठग रही सुक्खू सरकार: गोविंद सिंह ठाकुर

जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले बोले। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस शासन के दौरान जनकल्याणकारी संस्थानों को बंद किया गया है और युवाओं को रोजगार देने के वादे अधूरे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर पिछले काफी समय से कैबिनेट मंत्री बनने का इंतजार कर रहे हैं और मुख्यमंत्री बार-बार आश्वासन देने के बावजूद मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं कर रहे हैं।

 

पुतला फूंकने की तीन कोशिशें पुलिस ने कीं नाकाम

प्रदर्शन के दौरान ढालपुर में माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंकने का प्रयास किया। हालांकि, वहां तैनात पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्यकर्ताओं की योजना को नाकाम कर दिया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा तीन बार गाड़ियों में छिपाकर पुतला दहन स्थल तक लाने का प्रयास किया गया, लेकिन सतर्क पुलिस जवानों ने हर बार पुतले को अपने कब्जे में ले लिया।

संबंधित समाचार

 

कुल्लू को कैबिनेट में प्रतिनिधित्व देने की मांग पर टिकीं निगाहें

कुल्लू जिले को प्रदेश मंत्रिमंडल में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग लंबे समय से उठती रही है। अगस्त और सितंबर के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा हाईकमान से चर्चा और जल्द कैबिनेट विस्तार के संकेत दिए जाने के बाद सुंदर सिंह ठाकुर का नाम सबसे आगे चल रहा है। अब विपक्षी दल भाजपा द्वारा कांग्रेस विधायक के समर्थन में सड़क पर उतरने से कुल्लू की राजनीति में नया मोड़ आ गया है और सभी की नजरें आगामी मंत्रिमंडल विस्तार पर टिक गई हैं।

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।