रैली ऑफ हिमालयाज-2026: डीसी किरण भड़ाना ने दारचा से तीसरे चरण को दिखाई हरी झंडी, पहली बार जांस्कर घाटी में प्रवेश करेंगे प्रतिभागी
Himachal News: हिमालय की दुर्गम और बर्फ़ीली वादियों में मोटरस्पोर्ट्स और एडवेंचर का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। मंगलवार को लाहौल-स्पीति जिले के दारचा से उपायुक्त श्रीमती किरण भड़ाना ने हरी झंडी दिखाकर 'जेके टायर रैली ऑफ हिमालयाज-2026' के तीसरे चरण का आधिकारिक शुभारंभ किया। हिमालयन एक्सट्रीम मोटरस्पोर्ट्स और एडवेंचर एक्स फ्यूजन ट्राइब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतिष्ठित क्रॉस-कंट्री मोटरस्पोर्ट्स प्रतियोगिता इस वर्ष अपने छठे सफल संस्करण में प्रवेश कर चुकी है।
मनाली से शुरू हुई इस रोमांचकारी रैली में देशभर से आए बाइकर्स और ड्राइवरों का दारचा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश की सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सरकार द्वारा साहसिक पर्यटन और मोटरस्पोर्ट्स को प्रोत्साहन देने की नीति के तहत लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने रैली के सुरक्षित आयोजन के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। आयोजकों ने सुचारू यातायात, सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) तथा सीमा सड़क संगठन (BRO) का विशेष आभार व्यक्त किया।
139 से अधिक राइडर्स व ड्राइवर्स ले रहे भाग
वर्ष 2021 से शुरू हुई यह रैली आज देश की सबसे कठिन क्रॉस-कंट्री प्रतियोगिताओं में शुमार है, जो ड्राइवरों के धैर्य, नेविगेशन और तकनीकी कौशल की कड़ी परीक्षा लेती है। इस वर्ष रैली में मोटो श्रेणी में 80 राइडर्स, एक्सट्रीम श्रेणी में 35 और टीएसडी श्रेणी में 24 प्रतिभागी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार भारतीय सेना की पांच टीमें और कई महिला राइडर्स भी प्रतिस्पर्धा में शामिल हैं। रैली का मुख्य आकर्षण पहली बार जांस्कर घाटी, पदुम और पेंसी ला जैसे अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इसका प्रवेश है।
'जिप्सी किंग' हरि सिंह को समर्पित है छठा संस्करण
रैली का यह छठा संस्करण भारतीय मोटरस्पोर्ट्स के महान दिग्गज और पांच बार के नेशनल चैंपियन हरि सिंह 'जिप्सी किंग' की स्मृति को समर्पित किया गया है। वहीं केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का पर्यटन विभाग भी इस आयोजन के साथ बतौर प्रायोजक जुड़ा है, ताकि जांस्कर क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय साहसिक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा सके। दुर्गम दर्रों और तेजी से बदलते मौसम के बीच आगे बढ़ रही यह रैली एडवेंचर प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)