Himachal News: 20वें एशियाई खेलों के पदक विजेताओं पर पैसों की बारिश, मुख्यमंत्री ने किया 5.33 करोड़ की नकद राशि का ऐलान
Himachal News: जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जा रहे 20वें एशियाई खेलों में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले हिमाचल प्रदेश के स्टार खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को कुल 5.33 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
राज्य सरकार की इस घोषणा के तहत कबड्डी में स्वर्णिम प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की हिमाचली खिलाड़ियों पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33-33 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। कबड्डी खिलाड़ियों को कुल 1.33 करोड़ रुपये बांटे जाएंगे। इसके अलावा पुरुष मैराथन में रजत पदक जीतकर इतिहास रचने वाले सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये और महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल करने वाली एथलीट सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
ओलंपिक स्वर्ण विजेता को मिलेंगे 5 करोड़
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर निखारने और उन्हें आर्थिक रूप से संबल प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने खेल पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। नई खेल नीति के तहत अब ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 5 करोड़, रजत पदक विजेता को 3 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 2 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है।
खिलाड़ियों को मिलेगी मुफ्त हवाई यात्रा की सुविधा
राज्य सरकार के संशोधित नियमों के अनुसार एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक पर 4 करोड़, रजत पर 2.50 करोड़ और कांस्य पदक पर 1.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण विजेताओं को 3 करोड़, रजत विजेताओं को 2 करोड़ तथा कांस्य विजेताओं को 1 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही राज्य से बाहर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 200 किमी से अधिक दूरी के लिए इकोनॉमी क्लास हवाई यात्रा और 200 किमी तक की यात्रा के लिए एसी 3-टियर ट्रेन किराए की सुविधा भी दी जा रही है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)