Dharamshala International Film Festival 2026: हिमाचल प्रदेश की पर्यटन राजधानी धर्मशाला में आगामी 29 अक्तूबर से 1 नवम्बर 2026 तक 'धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव' (DIFF) का भव्य 15वां सीजन आयोजित होने जा रहा है। डलझील के समीप स्थित तिब्बतन चिल्ड्रन विलेज में सजने वाले इस चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सिनेमा महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक अहम समीक्षा बैठक संपन्न हुई। सहायक आयुक्त कांगड़ा विवेक चौहान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आयोजकों और विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक के दौरान सहायक आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आयोजन स्थल पर निर्बाध बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, सुचारू यातायात प्रबंधन, कड़े सुरक्षा इंतजाम और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार कांगड़ा जिले को 'टूरिज्म कैपिटल' के रूप में विकसित कर रही है और ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मील का पत्थर साबित होंगे।

 

स्थानीय युवाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों से सीखने का सुनहरा मौका

प्रशासनिक अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि इस बहुप्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव के आयोजन से धर्मशाला और संपूर्ण कांगड़ा जिले में वैश्विक स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही, कांगड़ा व आसपास के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, उभरते कलाकारों और फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले युवाओं को देश-विदेश से आने वाले ख्यातनाम फिल्मकारों, निर्देशकों और सिनेमा विशेषज्ञों से सीधा संवाद करने तथा कला की बारीकियां सीखने का अनूठा अवसर मिलेगा।

संबंधित समाचार

 

प्रशासनिक तालमेल से पूरी होंगी तैयारियां

सहायक आयुक्त विवेक चौहान ने सभी सरकारी एजेंसियों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर समय सीमा के भीतर तैयारियां मुकम्मल करने के निर्देश दिए ताकि बाहर से आने वाले मेहमानों को विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जा सकें। इस महत्वपूर्ण बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन, फिल्म उत्सव की निदेशिका रितु सरीन, प्रबंधक लूसी पीटर और कम्युनिटी आउटरीच समन्वयक अभिषेक ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।