Himachal News: शिमला में सड़क किनारे खड़ी कार से 15 लाख की चोरी मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, सामान भी बरामद
Himachal News: शिमला के बालूगंज पुलिस थाना पश्चिम क्षेत्र के तहत सड़क किनारे खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान चुराने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल दोनों आरोपियों को धर दबोचा, बल्कि उनके कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पुलिस थाना पश्चिम में 20 सितंबर को एफआईआर दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि 19 सितंबर की रात को उन्होंने अपनी कार ढंडा के समीप सड़क किनारे पार्क की थी। अगली सुबह जब वे वाहन के पास पहुंचे तो देखा कि गाड़ी के पिछले बाएं दरवाजे का शीशा टूटा हुआ था और भीतर रखा बैग गायब था। कार से महंगा लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क और कीमती घड़ी सहित करीब 15 लाख रुपये का सामान चोरी हो चुका था।
सीसीटीवी फुटेज से बेनकाब हुए दोनों शातिर
मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने तफ्तीश शुरू की और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की। 26 सितंबर को पुलिस टीम ने पहले आरोपी लेख राज (38 वर्ष), निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी को आईजीएमसी शिमला के पास से धर दबोचा।
वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त
पहले आरोपी से हुई कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 सितंबर को मामले के दूसरे आरोपी जोध सिंह (29 वर्ष), निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी को सुंदरनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 15 लाख रुपये का पूरा चोरीशुदा सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल शिमला पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश कर रिमांड पर ले रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या ये आरोपी पहले भी ऐसी चोरियों में शामिल रहे हैं। मामले में आगामी कानूनी जांच जारी है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)