Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस संगठन ने अपनी कमर कस ली है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी जिला अध्यक्षों को पार्टी की सभी अधूरी कमेटियों का जल्द से जल्द गठन करने के कड़े निर्देश दिए हैं, ताकि संगठन का कामकाज जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब प्रदेश में विधानसभा चुनावों को महज एक साल का समय शेष रह गया है, इसलिए संगठन का हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी धरातल पर सक्रिय होना चाहिए। रजनी पाटिल ने कहा कि जिसे भी पार्टी में जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे उस पर हर स्तर पर खरा उतरना होगा।

 

अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों की होगी छुट्टी

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित जिला अध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए रजनी पाटिल ने दो टूक शब्दों में कहा कि जो पदाधिकारी संगठन के कामकाज को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं या लगातार बैठकों से अनुपस्थित चल रहे हैं, उनकी जगह नए और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाए। उन्होंने जिला प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित तौर पर दौरे करने और बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।

 

अनुशासनहीनता और निर्देशों की अवहेलना सहन नहीं: विनय कुमार

बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सभी पदाधिकारियों को संगठन के कार्यों की रिपोर्ट समय पर सौंपने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के किसी भी निर्देश की अवहेलना कतई सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूर्ण अनुशासन और बेहतर तालमेल के साथ चुनावी मोड में काम करने का आह्वान किया।

संबंधित समाचार

 

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।