Lahaul Spiti News: विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में लाहौल-स्पीति जिले के चंद्रभागा संगम तट पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-हवन और भजन-कीर्तन का आयोजन कर अशोक सिंघल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस बीच लाहौल घाटी के इस पवित्र संगम तट का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि चंद्रभागा संगम तट धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार माता कुंती ने इसी स्थल पर देह त्याग किया था, वहीं अशोक सिंघल की अस्थियां भी इसी संगम में प्रवाहित की गई थीं।

 

राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति समर्पित रहा अशोक सिंघल का जीवन: रवि ठाकुर

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि अशोक सिंघल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज की सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। उनके जन्मशताब्दी वर्ष पर देश व समाज में उनके योगदान को स्मरण करना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।

 

विश्व हिंदू परिषद के कई पदाधिकारी रहे मौजूद

यज्ञ व श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश खंडेकर, इंद्रप्रस्थ क्षेत्र के संगठन मंत्री नीरज धनोरिया, क्षेत्र मंत्री लेखराज राणा और दिल्ली प्रांत मंत्री सुनील सूरी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रेमजीत डोको, सुनील आर्य तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी इसमें भाग लिया।

संबंधित समाचार


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।