बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बड़ागांव क्लस्टर का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दी ये आदेश
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के बागवानी, राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंडी जिले के द्रंग विकास खंड के अंतर्गत बड़ागांव क्लस्टर का दौरा कर एचपी शिवा (HP SHIVA) परियोजना के तहत चल रहे बागवानी विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों से परियोजना के विभिन्न चरणों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बड़ागांव में एचपी शिवा परियोजना के तहत 62 किसान-बागवानों की लगभग 12 हेक्टेयर भूमि पर 12,753 उन्नत किस्म के अमरूद के पौधे रोपे गए हैं, जिस पर करीब 1 करोड़ 29 लाख 31 हजार रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है। इस क्लस्टर में ललित, श्वेता, हिसार सफेदा और जारवी रेड जैसी अमरूद की उच्च पैदावार वाली किस्में लगाई गई हैं।
ड्रिप सिंचाई प्रणाली 5 दिन में पूरी करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान बागवानी मंत्री ने सौर बाड़बंदी, भूमि सुधार और सिंचाई नेटवर्क की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी एजेंसी को निर्देश दिए कि ड्रिप सिंचाई से जुड़े शेष कार्यों को आगामी 5 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए ताकि पौधों को समय पर पर्याप्त पानी मिल सके। उन्होंने बताया कि द्रंग विकास खंड में एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत कुल 8 क्लस्टरों का चयन कर 99.77 हेक्टेयर भूमि को कवर किया जा रहा है।
मुलथान में स्वास्थ्य संस्थानों व स्कूल का किया औचक निरीक्षण
मंत्री जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अमरूद की वैज्ञानिक खेती, कटाई-छंटाई, कीट नियंत्रण और बाग प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर जागरूक किया जाए। इससे पूर्व मंत्री ने बैजनाथ के मुलथान स्थित कोठी कोहड़ व मलाह में जनसमस्याएं सुनीं और तहसील कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी कोहड़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोट तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)