Solan News: नशीले पदार्थों और चिट्टा तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत सोलन जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार एक युवक और युवती को 11.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने मोटरसाइकल पर चरस और चिट्टे की तस्करी में संलिप्त इस नेटवर्क के दो सदस्यों को सलाखों के पीछे धकेला है।

 

गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने बिछाया जाल

पुलिस से मिली जानकारी एसआईयू सोलन की टीम को क्षेत्र में बाइक सवार युवक-युवती द्वारा नशीले पदार्थ की सप्लाई ले जाने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीतिक तरीके से नाकाबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। जब दोनों की विधिवत तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 11.21 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

 

सूडान का युवक और ठियोग की युवती गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय अब्दुल रहमान (पुत्र मोहम्मद अब्दुल्लाह), मूल निवासी सूडान (हाल निवासी पाइन व्यू, शिव मंदिर के समीप, खोपड़ी कॉलोनी, कनलोग, जिला शिमला) तथा 20 वर्षीय सानिया शर्मा (निवासी गांव जग चौकी, डाकघर नाग जुब्बर, तहसील ठियोग, जिला शिमला) के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त करने के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।

संबंधित समाचार

 

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक तलाश रही पुलिस

इस संदर्भ में पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों आरोपियों को 25 सितंबर 2026 को अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से खरीदा गया था और इसे शिमला व सोलन में किसे सप्लाई किया जाना था।


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।