Lahaul Spiti News: केलांग में धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस, DC किरण भड़ाना ने वरिष्ठ नागरिकों को बताया समाज की अमूल्य धरोहर
Lahaul Spiti News: जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग स्थित पुराने परिधि गृह के प्रांगण में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त (DC) लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी आईटीडीपी अश्वनी कुमार और एसडीएम केलांग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि जिला कल्याण अधिकारी संजय कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा पेश की।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का लंबा अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन नई पीढ़ी को दिशा दिखाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि इस दिवस को मनाने का मूल उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सामाजिक अधिकारों और गरिमा के प्रति समाज में संवेदनशीलता और जागरूकता बढ़ाना है ताकि वे सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।
कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता: उपायुक्त
उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि इन योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ जिले के प्रत्येक पात्र बुजुर्ग तक पहुंचे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, आदर और सहयोग की भावना बनाए रखें।
महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों ने ली भागदारी, बुजुर्गों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में लाहौल-स्पीति के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बुजुर्गों के साथ-साथ स्थानीय महिला मंडलों तथा स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव और विचार साझा किए। सामाजिक सुरक्षा, अधिकार और बुजुर्गों से जुड़े विविध विषयों पर उपस्थित लोगों के बीच सकारात्मक चर्चा हुई।
स्वास्थ्य व आयुष विभाग द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की ओर से एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आए वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दवाइयां तथा स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने बुजुर्गों को उम्र से जुड़ी बीमारियों से बचाव और बेहतर जीवन शैली अपनाने के टिप्स दिए।
बुजुर्गों के सम्मान और अधिकारों के संरक्षण का दिया गया संदेश
इस आयोजन के माध्यम से समाज में बुजुर्गों के प्रति आदर, संवेदनशीलता और देखभाल की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने बुजुर्गों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)