Navratri 2024 6th Day: शक्ति की आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्रि के छठे दिन मां दुर्गा के छठे स्वरूप माता कात्यानी की पूजा की जाती है। मां कात्यायनी पूरे ब्रजमंडल की अधिष्ठदात्री देवी हैं। मां कात्यायनी को निर्भीकता और साहस की देवी माना जाता है। माता के इस रूप में भक्तों को शत्रुओं पर विजय प्राप्ति का वरदान देती है। शीघ्र विवाह, वैवाहिक जीवन में खुशहाली और दुश्मनों पर विजय पाने के लिए मां कात्यायनी की पूजा अचूक मानी जाती है। इनके आशीर्वाद से भक्त को मनचाहा जीवनसाथी मिलता है। ऐसी मान्यता है कि अगर नवरात्रि पर देवी कात्यायनी की पूजा विधि-विधान के साथ की जाती है, तो उस भक्त को माता साहस और आंतरिक शक्ति प्रदान करती है।
पुराणों के अनुसार, देवी दुर्गा की छठी शक्ति मां कात्यायनी का जन्म महर्षि कात्यायन के घर हुआ था, इसलिए इनका नाम कात्यायनी पड़ा।
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी की पूजा के लिए मुहूर्त और शुभ समय
नवरात्रि का छठा दिन कात्यायनी देवी के पूजन का होता है। वैदिक पंचांग के अनुसार इस साल 8 अक्टूबर को शारदीय नवरात्रि का 6वां दिन है। नवरात्रि का 6वां दिन षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल आश्विन मास की षष्ठी तिथि की शुरुआत 08 अक्टूबर मंगलवार को प्रातः 11:17 बजे से होगी जिसका समापन 9 अक्टूबर बुधवार दोपहर 12:14 बजे होगा। यह पूजन का शुभ मुहूर्त है।
Navratri 2024 6th Day: ऐसा है माता कात्यायनी का स्वरूप
मां दुर्गा का ये स्वरूप अत्यंत चमकीला और भास्वर है और वे ब्रजमंडल की अधिष्ठात्री देवी हैं। सुनहरे और चमकीले वर्ण वाली, चार भुजाओं वाली और रत्नाभूषणों से अलंकृत कात्यायनी देवी खूंखार और झपट पड़ने वाली मुद्रा में रहने वाले सिंह पर सवार रहती हैं। इनका आभामंडल विभिन्न देवों के तेज अंशों से मिश्रित इंद्रधनुषी छटा देता है। माता कात्यायनी की दाहिनी ओर की ऊपर वाली भुजा अभय देने वाली मुद्रा में तथा नीचे वाली भुजा वर देने वाली मुद्रा में रहती हैं। बाईं ओर की ऊपर वाली भुजा में वे चंद्रहास खड्ग धारण करती हैं जबकि नीचे वाली भुजा में कमल का फूल रहता है।
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी की पूजा का शुभ मुहूर्त
वैदिक पंचांग के अनुसार, मां कात्यायनी की पूजा करने के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 40 मिनट से लेकर 12 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। इस मुहूर्त में पूजा करना शुभ रहेगा।
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी से पहले करें इन देवताओं की पूजा
मां कात्यायनी के पूजन के लिए सुबह जल्दी उठकर स्नान कर लें। मां कात्यायनी के पूजन से पहले कलश की पूजा का विधान है, जो स्वयं गणेश हैं। उन्हें स्नान के बाद साफ कपड़े पहनाएं और फूल, अक्षत आदि अर्पित कर तिलक लगाएं। उन्हें मोदक भोग लगाएं और पूरे विधि विधान से पूजा करें। इसके बाद आप नवग्रह, दशदिक्पाल, नगर देवता, ग्राम देवता की पूजा भी करें।
Navratri 2024 6th Day: इस विधि से करें मां कात्यायनी की पूजा
मां कात्यायनी की चौकी लगाएं। कात्यायनी देवी को पीला रंग बहुत पसंद है, इसलिए पीले रंग के वस्त्र को जरूर धारण करें और माता की चौकी लगाते हुए पीले रंग का कपड़ा और फूलों का प्रयोग करें। इसके बाद देवी की पूजा के लिए अपने एक हाथ में एक फूल लेकर मां कात्यायनी का ध्यान करें। माता के समक्ष घी का दीया ही जलाएं। इसके बाद माता को फूल चढ़ाएं और अक्षत, कुमकुम और सिंदूर अर्पित करें। उसके बाद मां कात्यायनी को उनका प्रिय भोग शहद, मिठाई अर्पित करें। मां को जल अर्पित कर दुर्गा चलिसा और दुर्गा सप्तशती का पाठ करें। पूजा के दौरान मंत्रों का जाप करें ओर आखिर में मां की आरती करें।
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी को भोग में क्या अर्पित करें?
मां कात्यायनी को शहद या फिर शहद से बने हलवे और मूंग दाल हलवे का भोग लगाना बेहद शुभ माना गया है। माना जाता है कि इससे व्यक्ति को किसी प्रकार का भय नहीं सताता। धार्मिक मान्यता है इससे सौंदर्य में निखार आता है। वैवाहिक जीवन में मिठास आती है और साथ ही धन-संपत्ति में बढ़ोतरी होती है।
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी प्रिय रंग
मां दुर्गा के छठवें स्वरुप मां कात्यायनी का प्रिय रंग लाल है। यह रंग साहस और शक्ति प्रतिनिधित्व करता है। इस दिन लाल रंग धारण करना बेहद शुभ माना जाता है।
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी के मंत्र जाप
पहला मंत्र
सर्व मंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थसाधिके।
शरण्ये त्र्यम्बिके गौरी नारायणी नमोस्तुते ।।
दूसरा मंत्र
ऊं क्लीं कात्यायनी महामाया महायोगिन्य घीश्वरी,
नन्द गोप सुतं देवि पतिं मे कुरुते नमः।।
तीसरा मंत्र
पत्नीं मनोरमां देहि मनोवृत्त अनुसारिणीम्।
तारिणीं दुर्ग संसार सागरस्य कुलोद्भवाम्।।
मां कात्यायनी का ध्यान मंत्र
वन्दे वाञ्छित मनोरथार्थ चन्द्रार्धकृतशेखराम्।
सिंहारूढा चतुर्भुजा कात्यायनी यशस्विनीम्॥
स्वर्णवर्णा आज्ञाचक्र स्थिताम् षष्ठम दुर्गा त्रिनेत्राम्।
वराभीत करां षगपदधरां कात्यायनसुतां भजामि॥
पटाम्बर परिधानां स्मेरमुखी नानालङ्कार भूषिताम्।
मञ्जीर, हार, केयूर, किङ्किणि, रत्नकुण्डल मण्डिताम्॥
प्रसन्नवदना पल्लवाधरां कान्त कपोलाम् तुगम् कुचाम्।
कमनीयां लावण्यां त्रिवलीविभूषित निम्न नाभिम्॥
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी देवी कवच
मां कात्यायनी का यह कवच मंत्र बहुत शक्तिशाली है। चैत्र नवरात्रि में कात्यायनी के इस कवच मंत्र का जाप नवरात्रि के छठे दिन करने से सभी मुश्किलें स्वयं दूर होने लगती हैं साथ ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। जिससे परिवार में सभी का स्वास्थ्य ठीक रहता है और लम्बे समय से बीमार व्यक्ति भी इस कवच मंत्र के जाप से ठीक हो सकते हैं। इस कवच का पाठ करने पर रोगों से मुक्ति मिलती है। यदि आप जीवन की सभी प्रकार के भय, डर से मुक्ति चाहते हैं तो इस कवच का पाठ अवश्य करें।
कात्यायनौमुख पातु कां स्वाहास्वरूपिणी।
ललाटे विजया पातु मालिनी नित्य सुन्दरी॥
कल्याणी हृदयम् पातु जया भगमालिनी॥
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी देवी की आरती
मां कात्यायनी की आरती, जय जय अम्बे, जय कात्यायनी।
जय जगमाता, जग की महारानी, बैजनाथ स्थान तुम्हारा।
वहां वरदाती नाम पुकारा, कई नाम हैं, कई धाम हैं।
यह स्थान भी तो सुखधाम है, हर मंदिर में जोत तुम्हारी।
कहीं योगेश्वरी महिमा न्यारी, हर जगह उत्सव होते रहते।
हर मंदिर में भक्त हैं कहते, कात्यायनी रक्षक काया की।
ग्रंथि काटे मोह माया की, झूठे मोह से छुड़ाने वाली।
अपना नाम जपाने वाली, बृहस्पतिवार को पूजा करियो।
ध्यान कात्यायनी का धरियो, हर संकट को दूर करेगी।
भंडारे भरपूर करेगी, जो भी मां को भक्त पुकारे।
कात्यायनी सब कष्ट निवारे।
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी की व्रत कथा
पौराराणिक कथा के अनुसार वनमीकथ का नाम के महर्षि थे, उनका एक पुत्र था जिसका नाम कात्य रखा गया। इसके बाद कात्य गोत्र में महर्षि कात्यायन ने जन्म लिया, उनकी कोई संतान नहीं थी। उन्होंने मां भगवती को पुत्री के रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की, महर्षि कात्यायन की तपस्या से प्रसन्न होकर मां भगवती ने उन्हें साक्षात दर्शन दिया। कात्यायन ऋषि ने माता को अपनी मंशा बताई, देवी भगवती ने वचन दिया कि वह उनके घर पुत्री के रूप में जन्म लेंगी।
जब तीनों लोक पर महिषासुर नामक दैत्य का अत्याचार बढ़ गया और देवी देवता उसके कृत्य से परेशान हो गए, तब ब्रह्मा, विष्णु और भगवान शिव के तेज से माता ने महर्षि कात्यायन के घर जन्म लिया। इसलिए माता के इस स्वरूप को कात्यायनी के नाम से जाना जाता है। माता के जन्म के बाद कात्यायन ऋषि ने सप्तमी, अष्टमी और नवमी तीन दिनों तक मां कात्यायनी की विधिवत पूजा अर्चना की। इसके बाद मां कात्यायनी ने दशमी के दिन महिषासुर नामक दैत्य का वध कर तीनों लोक को उसके अत्याचार से बचाया।
Navratri 2024 6th Day: मां कात्यायनी के विवाह से जुड़े उपाय
विवाह में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं या कुण्डली में विवाह का योग नहीं बन रहा है तो मां कात्यायनी की विधिवत पूजा अर्चना करने के बाद 108 बार माता के मंत्रों का जाप करें। पौराणिक कथाओं में बताया गया है कि गोपियों ने भी भगवान श्री कृष्ण से विवाह के लिए मां कात्यायनी देवी की अराधना की थी। ऐसे में इनका संबंध विवाह से जुड़े मामलों से भी है। ऐसा कहा जाता है कि, जो भी इनकी पूजा करता है उसे इच्छानुसार वर की प्राप्ति होती है।
जय मां कात्यायनी
Posted By: Himachal News
Himachal News की खबरों के वीडियो देखने के लिए और News Updates के लिए हमारे Facebook पेज Himachal News को Like करें व हमारे YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
Disclaimer (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। लेख में बताए गए उपाय, लाभ, सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। हिमाचल न्यूज़ इसकी पुष्टि नहीं करता है। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।