Himachal News: हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल में सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत गठित खंड स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। एसडीएम निशांत शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय नादौन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और बाल कल्याण योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की इन दूरगामी योजनाओं का गांव-गांव तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि हर पात्र व्यक्ति को समय पर सहायता मिल सके।

एसडीएम निशांत शर्मा ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि नादौन क्षेत्र में 290 आंगनवाड़ी केंद्रों का नेटवर्क पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है, जिसके माध्यम से 6 माह से 6 वर्ष तक के 4,483 बच्चों और 929 गर्भवती व धात्री महिलाओं को नियमित पूरक पोषाहार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की मंशा के अनुसार समाज के अंतिम व्यक्ति, अनाथ बच्चों और एकल नारियों के पुनर्वास व सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

 

पढ़ाई से लेकर घर बनाने तक मिला सरकारी सहारा

बैठक में 'मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना' की प्रगति का ब्यौरा देते हुए बताया गया कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के विजन के तहत इस वर्ष नादौन के 35 निराश्रित बच्चों को 18.96 लाख रुपये की सीधे वित्तीय सहायता दी गई है। इसके अतिरिक्त 5 होनहार बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए 1,73,530 रुपये, 2 बच्चों को वोकेशनल कोर्स के लिए 1,12,516 रुपये, 1 बच्चे को अपना घर बनाने के लिए 1 लाख रुपये की पहली किस्त तथा 1 छात्र को प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग हेतु 12,500 रुपये प्रदान किए गए हैं।

 

शगुन व कन्यादान योजना में भी बंटी लाखों की राशि

समिति की बैठक में 'इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना' के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि चालू वित्त वर्ष में निराश्रित महिलाओं के 262 बच्चों को 18.40 लाख रुपये तथा 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग के 28 युवाओं को 4.75 लाख रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की गई। इसके अलावा 'बेटी है अनमोल' योजना के तहत 93 बालिकाओं के नाम 19.44 लाख की एफडीआर बनाई गई और 640 छात्राओं को 9.88 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। वहीं, 'मुख्यमंत्री कन्यादान योजना' में 31 कन्याओं के विवाह पर 15.81 लाख तथा 'मुख्यमंत्री शगुन योजना' के तहत 100 बेटियों की शादी पर 31 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।

संबंधित समाचार

 

जमीनी स्तर पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के कड़े निर्देश

बैठक के अंत में एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे कागजी औपचारिकताओं को सरल बनाएं और पात्र लोगों के आवेदन समय पर स्वीकृत करवाएं। इस अवसर पर सीडीपीओ एवं समिति सचिव संजय गर्ग ने सभी योजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष शम्मी सोनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और समिति सदस्य बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।