Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर में लगातार दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश और ऊंची पहाड़ियों पर सीजन की पहली बर्फबारी जारी रहने से पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। मौसम के इस तल्ख मिजाज के कारण जिले की मुख्य सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करना अत्यधिक जोखिम भरा हो गया है। पहाड़ियों से लगातार दरकते पत्थरों और भूस्खलन के चलते राहगीरों और पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

स्पीति व काजा को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 505 पर मलिंग नाला के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थरों की बरसात होने के कारण पुलिस व प्रशासन ने एहतियातन वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। इसके अलावा स्पिलो से पूह तथा रिकांगपिओ से चौरा मार्ग पर भी जगह-जगह लैंडस्लाइड के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है। बीते शनिवार को चौरा के समीप पहाड़ी से गिरे चट्टानी पत्थरों की चपेट में एक टैक्सी आ गई थी, हालांकि गनीमत यह रही कि चालक और सभी सवारियां सुरक्षित बच गईं।

मौसम विभाग ने क्षेत्र में भारी बारिश और ठंड को लेकर एडवाइजरी जारी की है, जबकि प्रशासन ने लोगों को संवेदनशील इलाकों में न जाने की सलाह दी है।

 

श्यासो खड्ड के पास पत्थरों के बीच फंसा पर्यटक वाहन

रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर श्यासो खड्ड के पास अचानक पहाड़ियों से गिरते पत्थरों के बीच एक पर्यटक वाहन फंस गया, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। इस दौरान यात्रियों ने आपसी एकजुटता और साहस का परिचय देते हुए वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला। उधर, छितकुल से रानी कंडा के मध्य मुजलंग नामक स्थान पर भारी हिमस्खलन होने से सड़क मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है।

 

मवेशियों संग फंसे चरवाहे को बचाने सांगला से रवाना हुआ राहत दल

मौसम के बिगड़े रुख के बीच सांगला घाटी के रूपिन क्षेत्र में भी एक चरवाहे के सैकड़ों भेड़-बकरियों के साथ बर्फबारी में फंसे होने की सूचना मिली है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सांगला से त्वरित राहत एवं बचाव दल (QRT) को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है ताकि चरवाहे और मवेशियों को सुरक्षित निकाला जा सके।

संबंधित समाचार

 

किन्नर कैलाश गुफा में फंसे राजस्थान के 9 श्रद्धालुओं को पुलिस टीम ने किया रेस्क्यू

शनिवार को खराब मौसम और बर्फबारी के दौरान किन्नर कैलाश यात्रा पर गए राजस्थान के 9 श्रद्धालुओं के एक प्राकृतिक गुफा में फंसने से हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और पुलिस तथा होमगार्ड जवानों की 10 सदस्यीय क्यूआरटी टीम को तैनात किया। टीम ने खराब मौसम के बीच मुस्तैदी दिखाते हुए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।