मंडी में दर्दनाक हादसा, स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा को तेज रफ्तार टैंपो ने रौंदा
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। आज सुबह जोगेंद्रनगर उपमंडल में एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। यहां स्कूल जा रही 11वीं कक्षा की एक छात्रा को तेज रफ्तार टैंपो ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी जान चली गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर एहजू के समीप पेश आया। मृतका की पहचान 17 वर्षीय अनु के रूप में हुई है, जो बैजनाथ के पुन्नू राम की बेटी थी। अनु एहजू स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी और इन दिनों अपने मामा के घर मचकेहड़ में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
स्कूल जाते वक्त हुआ हादसा
अनु रोजाना की तरह सुबह तैयार होकर स्कूल के लिए निकली थी। जब वह सड़क पार कर रही थी, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित टैंपो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि छात्रा सड़क पर काफी दूर जाकर गिरी। हादसे के वक्त उसके साथ अन्य स्कूली बच्चे भी मौजूद थे, जो इस मंजर को देख सहम गए।
हादसे के तुरंत बाद टैंपो चालक गंभीर रूप से घायल छात्रा को उपचार के लिए बैजनाथ अस्पताल ले गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या कहती है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी जोगेंद्रनगर सकीनी कपूर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का केस दर्ज कर लिया है और टैंपो चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



