ऊना | 8 मई 2026 | ऊना जिले के युवाओं के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं अब पहले से अधिक सुलभ और किफायती बनती जा रही हैं। ऊना इंडोर स्टेडियम Una Indoor Stadium में बैडमिंटन कोर्ट और जिम जैसी सुविधाएं बेहद कम शुल्क पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे खिलाड़ी, विद्यार्थी और फिटनेस प्रेमी बड़ी संख्या में लाभ उठा रहे हैं।
जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के अधिकारी प्रिंस पठानिया ने बताया कि इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सुविधा के लिए बच्चों से मात्र 300 रुपये तथा अन्य वर्गों से 600 रुपये मासिक शुल्क लिया जा रहा है।
वहीं जिम सुविधा के लिए बच्चों के लिए 500 रुपये और अन्य वर्गों के लिए 1000 रुपये मासिक शुल्क निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि निजी संस्थानों में इसी प्रकार की सुविधाओं के लिए बैडमिंटन कोर्ट का शुल्क आमतौर पर 1000 से 2000 रुपये तथा जिम सुविधा के लिए 1500 से 3000 रुपये प्रति माह तक लिया जाता है। ऐसे में ऊना इंडोर स्टेडियम युवाओं के लिए कम खर्च में बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाकर एक आदर्श स्पोर्ट्स सेंटर बनकर उभर रहा है।
युवाओं में बढ़ रही खेलों के प्रति रुचि
कम शुल्क और आधुनिक सुविधाओं के कारण जिले के युवाओं में खेल गतिविधियों और फिटनेस के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। इंडोर स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण और सुरक्षित सुविधाएं मिल रही हैं।
जिला प्रशासन खेल संस्कृति को दे रहा बढ़ावा
प्रिंस पठानिया ने कहा कि जतिन लाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन खेल सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने और युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
क्या कहते हैं उपायुक्त
इस संबंध में उपायुक्त (DC) जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर, सुलभ और किफायती खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि अधिक से अधिक युवा खेल गतिविधियों और फिटनेस से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि जिले में खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

