नई दिल्ली | देश के 5 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव परिणामों ने भारतीय राजनीति में नए समीकरण पैदा कर दिए हैं। भाजपा ने पश्चिम बंगाल और असम जैसे बड़े राज्यों में अपनी ताकत झोंकते हुए ऐतिहासिक सफलता पाई है, वहीं दक्षिण के राज्यों में क्षेत्रीय क्षत्रपों और कांग्रेस ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
भारतीय जनता पार्टी ने पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में जोरदार प्रदर्शन करते हुए 3-2 से बाजी अपने नाम कर ली है। पार्टी जहां असम और पुड्डुचेरी में अपनी सरकार बचाने में सफल रही है, वहीं पश्चिम बंगाल में पहली बार राज्य की सत्ता हासिल करने में सफल रही है। लगातार तीन बार बंगाल की मुख्यमंत्री रहीं ममता को इतनी बड़ी हार की कभी उम्मीद नहीं रही होगी, जिनकी पार्टी 100 सीटों के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाई।
पश्चिम बंगाल: ममता का किला ढहा, सुभेंदु बने ‘जायंट किलर‘
पश्चिम बंगाल (West Bengal) पश्चिम बंगाल में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। कुल 293 सीटों पर दो चरणों में मतदान कराया गया था। राज्य में रिकॉर्ड मतदान दर्ज हुआ, जो 92 प्रतिशत से अधिक रहा।
पश्चिम बंगाल में दो दशकों का सबसे बड़ा उलटफेर हुआ है। भाजपा ने 200 से अधिक सीटें जीतकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सत्ता से बाहर कर दिया है।
पश्चिम बंगाल में सोमवार को राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से केवल 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है, क्योंकि भारतीय चुनाव आयोग ने शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिला की पूरी फाल्टा विधानसभा सीट के लिए 21 मई को पुनर्मतदान की घोषणा की थी, जिसके परिणाम 24 मई को घोषित किए जाएंगे।
भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी खुद सुभेंदु अधिकारी से 15,114 वोटों से हार गईं हैं। उन्होंने काउंटिंग सेंटर पर खुद के साथ मारपीट का आरोप लगाया और चुनाव को ‘लूट’ करार दिया है। राज्य में कांग्रेस को दो सीटें जरूर हासिल हुईं, लेकिन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी खुद चुनाव हार गए।
पश्चिम बंगाल कुल सीटें: 294 (293 पर चुनाव)
बहुमत के लिए : 148
भाजपा+: 208
तृणमूल कांग्रेस (TMC): 79
कांग्रेस: 02
अन्य: 04
तमिलनाडु: अभिनेता विजय की पार्टी TVK सबसे आगे
तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर हुआ है। दो साल पहले बनी अभिनेता विजय की पार्टी ‘तमिलनाडु वेत्री कड़गम’ (TVK) ने सुनामी ला दी है। TVK ने 107 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। टीवीके को सरकार बनाने के लिए 118 सीटों के साथ बहुमत हासिल करना होगा। विजय अब कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने की तैयारी में हैं।
विजय के पिता चंद्रशेखर ने कहा है कि विजय कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकते हैं। डीएमके के साथ मिलकर लड़ रही कांग्रेस को पांच सीटें मिली हैं। वर्तमान मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन अपनी पारंपरिक कोलाथुर सीट से 8,000 वोटों से चुनाव हार गए हैं। उन्हें टीवीके के बीएस बाबू ने 8000 से ज्यादा वोटों से हराया है।
तमिलनाडु में 234 सीटों के लिए मतदान हुआ और यहां रिकॉर्ड 85.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
कुल सीटें: 234
बहुमत का आंकड़ा: 118 सीटें
टीवीके: 107
डीएमके+: 74
एआईडीएमके+: 53
अन्य: 00
असम: हिमंता बिस्वा सरमा की हैट्रिक
असम में भी हिमंता सरकार की वापसी हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। हिमंता लगातार तीसरी बार सरकार बनाएंगे। कांग्रेस का चेहरा रहे गौरव गोगोई खुद भी चुनाव हार गए हैं। असम में कुल 126 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान हुआ था और यहां भी वोटिंग प्रतिशत 85 फीसदी से अधिक हुई है।
कुल सीटें: 126
बहुमत: 64
भाजपा गठबंधन: 102 सीटें
कांग्रेस गठबंधन: 21 सीटें
एआईयूडीएफ: 02
अन्य: 01
केरल: वामपंथियों की विदाई, कांग्रेस (UDF) की भारी जीत
केरल में हर पांच साल में सत्ता बदलने का रिवाज कायम रहा। पिनाराई विजयन की सरकार को जनता ने नकार दिया है। पिनाराई विजयन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, हालांकि उन्होंने अपनी धरमदम सीट 19,000 वोटों के अंतर से जीत ली है। केरल में 140 सीटों के लिए एक चरण में मतदान हुआ, जिसमें 78.27 प्रतिशत वोटिंग हुई।
कुल सीटें: 140
बहुमत का आंकड़ा: 71
यूडीएफ (UDF – कांग्रेस गठबंधन): 99 सीटें
एलडीएफ (LDF – वामपंथी गठबंधन): 41 सीटें (लगभग)
भाजपा+: 03
अन्य: 03
पुड्डुचेरी: एनडीए की सत्ता में वापसी
केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में एन. रंगासामी का जादू फिर चला है। भाजपा और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगण (अन्नाद्रमुक) के समर्थन वाले इस गठबंधन ने केंद्र शासित प्रदेश में अपनी सत्ता बरकरार रखी है। वहीं कांग्रेस-द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले ‘इंडिया’ गठबंधन को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा है। यहां भी अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन ने तीन सीटें जीती है। एन. रंगासामी का अगला मुख्यमंत्री बनना तय है। पुडुचेरी में लगभग 90 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
कुल सीटें: 30
बहुमत का आंकड़ा: 16
एनडीए (NDA) NR कांग्रेस + भाजपा + AIADMK: 18 सीटें
इंडिया गठबंधन (INDIA) कांग्रेस + DMK: 06 सीटें
टीवीके (TVK): 03 सीटें
अन्य: 03
नोट: ये आंकड़े चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए परिणाम पर आधारित हैं।
Posted By: Himachal News
Himachal News की खबरों के वीडियो देखने के लिए और News Updates के लिए हमारे Facebook पेज Himachal News को Like करें व हमारे YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

