Rampur Road Accident: ज्यूरी में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा वाहन
रामपुर बुशहर (हिमाचल न्यूज़): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ज्यूरी क्षेत्र में वीरवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। इस दुर्घटना में गानवी निवासी एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्राप्त गानवी निवासी शिशुपाल के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिशुपाल अपने निजी वाहन में क्याओ की तरफ जा रहा था, तभी अचानक ज्यूरी के पास पहाड़ी मार्ग पर गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन सड़क से नीचे सीधे सतलुज नदी की दिशा में सैकड़ों फुट गहरी खाई में जा गिरा। गाड़ी के गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ज्यूरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरा और खतरनाक रास्ता होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस का साथ दिया और खाई तक पहुंचे। हालांकि, जब तक मदद पहुंची, तब तक चालक शिशुपाल दम तोड़ चुका था। इस दुखद घटना से गानवी क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
क्या कहती है पुलिस
झाकड़ी थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण खराब सड़क और संतुलन बिगड़ना लग रहा है, फिर भी पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

