Himachal News: जिला शिमला में पुलिस की स्पेशल सेल और ठियोग टीम की दो अलग-अलग कार्रवाइयां; 4 आरोपी गिरफ्तार, नकदी और कार भी जब्त
हिमाचल न्यूज़, शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और उपमंडल ठियोग में पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। पिछले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने दो अलग-अलग ऑपरेशनों में एक युवती सहित चार लोगों को भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) के साथ दबोचने में सफलता हासिल की है।
ठियोग के होटल में पुलिस की दबिश
पहली घटना ठियोग की है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शाली बाजार के एक निजी होटल के कमरे में छापेमारी की। पुलिस टीम ने जब होटल के कमरे की तलाशी ली, तो वहां मौजूद एक युवक और युवती के कब्जे से 3 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोगेंद्र वेकटा उर्फ दादा (निवासी सरोग, ठियोग) और फागू की रहने वाली एक युवती के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तारादेवी के पास 64 ग्राम हेरोइन बरामद
दूसरी बड़ी सफलता शिमला पुलिस की स्पेशल सेल को तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन पर मिली। पुलिस को इनपुट मिला था कि शोघी की ओर से एक कार में नशे की बड़ी खेप लाई जा रही है। रविवार (10 मई) को नाकाबंदी के दौरान जब संदिग्ध कार को रोका गया, तो उसमें से 64 ग्राम चिट्टा और भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्ण (35 वर्ष) निवासी कलस्टन, शिमला और कर्ण वर्मा (30 वर्ष) निवासी ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या कहती है पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शिमला, गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ पश्चिम शिमला थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से आई थी और शिमला में इसका मुख्य सप्लायर कौन है। सोमवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने जनता से अनुरोध किया है कि यदि उनके आसपास नशे के कारोबार से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

