हिमाचल में आसमानी आफत: आंधी-तूफान और बिजली गिरने से मची तबाही, दो लोगों ने गंवाई जान
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई है। सोमवार तड़के राज्य के विभिन्न हिस्सों में आए भीषण आंधी-तूफान और गरज के साथ हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कुदरत के इस कहर से दो लोगों की मौत की दुखद खबर भी सामने आई है।
मंडी के सुंदरनगर में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां पेड़ गिरने से कई वाहन मलबे में दब गए, जबकि बिजली गिरने से दर्जनों मवेशियों की मौत की सूचना है।
शिमला और कांगड़ा के कई हिस्सों में पेड़ गिरने से बिजली के खंभे टूट गए हैं। जलोरी पास पर पेड़ गिरने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है, जिसे बहाल करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
कुल्लू और मंडी में सबसे ज्यादा नुकसान
कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र में कुदरत का सबसे रौद्र रूप देखने को मिला। यहां के घालिंचा, घरयाल और कंडी जैसे गांवों में करीब 15 घरों और गौशालाओं की छतें हवा में उड़ गईं।
कांगड़ा और कुल्लू में दो लोगों की मौत
कांगड़ा जिले से एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां खराब मौसम के बीच बिजली लाइन ठीक कर रहे एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, कुल्लू के नग्गर में आसमानी बिजली गिरने से एक नेपाली मूल के व्यक्ति की जान चली गई और दो अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान बालकृष्ण निवासी नेपाल के रूप में हुई है।
65 KM की रफ्तार से चली हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, सुंदरनगर और बिलासपुर में हवा की रफ्तार 57 से 65 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। बैजनाथ के छोटा भंगाल और पापरोला में भी तूफानी हवाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि ज्यादातर प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
16 मई तक नहीं मिलेगी राहत: मौसम विभाग का पूर्वानुमान
हिमाचल में अभी मौसम शांत होने वाला नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है। वहीं, 12 और 13 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना। 14 से 16 मई तक कई क्षेत्रों में मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। जबकि, 17 मई को छिटपुट स्थानों पर मौसम खराब रहने के आसार हैं।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ऊंचे इलाकों और पेड़ों के नीचे न जाने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

