17 July in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 17 जुलाई वर्ष का 198वां (लीप वर्ष में यह 199वां) दिन है। साल में अभी 167 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 17 जुलाई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 17 जुलाई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
इतिहास का वो पन्ना: जिसने बदल दिया अंतर्राष्ट्रीय न्याय का चेहरा, वो अदालत जिसने दुनिया के सबसे बड़े तानाशाहों को झुका दिया
आज ‘वर्ल्ड डे फॉर इंटरनेशनल जस्टिस’ है। 1998 में आज ही के दिन 120 से ज्यादा देशों ने मिलकर इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट की स्थापना की थी। इस कोर्ट को बनाने का मकसद गंभीर अपराधों के मामलों की सुनवाई करना है।
तारीख 17 जुलाई। आज की सुबह दुनिया में एक नए इंसाफ की गवाह बनी थी। ‘वर्ल्ड डे फॉर इंटरनेशनल जस्टिस’। यह कहानी है उस अदालत की, जिसने दुनिया के सबसे खूंखार और ताकतवर गुनहगारों की रातों की नींद उड़ा दी।
साल 1998 में आज ही के दिन, दुनिया के 120 से ज्यादा देशों ने एक ऐतिहासिक फैसले पर दस्तखत किए और नींव रखी ‘इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट’ (ICC) की। यह कोई आम अदालत नहीं थी, बल्कि इसका मक़सद था मानवता के खिलाफ होने वाले सबसे जघन्य और भयानक अपराधों का हिसाब करना। 1 जुलाई 2002 से इस अदालत ने आधिकारिक तौर पर काम करना शुरू किया। हालांकि, भारत इस पूरी रोम संधि से दूर रहा, लेकिन इस अदालत के बनने की दास्तान किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं है।
इस इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट को बनाने का सपना 1945 में संयुक्त राष्ट्र (UN) के जन्म के साथ ही देखा जाने लगा था। साल 1948 में UN ने एक बेहद कड़ा संकल्प पास किया। दुनिया ने माना कि इतिहास में हुए बड़े-बड़े नरसंहारों ने इंसानियत की रूह को कंपा दिया है। मानवता को ऐसे खौफनाक संकटों से बचाने के लिए पूरी दुनिया का एक साथ आना जरूरी था।
नरसंहार को दुनिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय अपराध घोषित कर दिया गया। इसके बाद ‘इंटरनेशनल लॉ कमिशन’ ने दिन-रात एक करके रिसर्च शुरू की। कमेटियां बनीं, ड्राफ्ट तैयार हुए, लेकिन दुनिया को एक ऐसी अदालत देने में दशकों का वक्त लग गया।
1993 में जब युगोस्लाविया भीषण गृहयुद्ध की आग में झुलस रहा था और चारों तरफ इंसानी खून बह रहा था, तब दुनिया को समझ आया कि अब और देर नहीं की जा सकती। जातीय हिंसा में हजारों बेगुनाहों की मौत ने सोई हुई वैश्विक व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया। इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट की मांग तेज हो गई।
साल 1994 से लेकर 1998 तक ड्राफ्ट को तराशा गया। आखिरकार, रोम की उस ऐतिहासिक कॉन्फ्रेंस में 15 जून से 17 जुलाई के बीच दुनिया भर के देश जुटे। बहसें हुईं, मंथन हुआ और आज ही के दिन 100 से ज्यादा देशों की रजामंदी से यह कोर्ट हकीकत बन गया।
इस महा-अदालत का पहला सबसे बड़ा इम्तिहान साल 2006 में हुआ। कटघरे में खड़ा था कांगो का एक खूंखार मिलिट्री कमांडर थॉमस लुबांगा।
जुर्म क्या था? मासूम बच्चों को जबरन फौज में भर्ती करना और उन्हें युद्ध की भट्टी में झोंक देना।
2009 से 2012 तक चले इस ऐतिहासिक ट्रायल ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। आखिरकार, मार्च 2012 में इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने मानवता के इस दुश्मन को दोषी करार देते हुए 14 साल की जेल की सजा सुनाई। यह इस बात का सबूत था कि दुनिया का कोई भी तानाशाह या कमांडर कितना भी ताकतवर क्यों न हो, अगर वो इंसानियत के खिलाफ जाएगा, तो इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट का शिकंजा उसे छोड़ता नहीं है!
1917: जब युद्ध के खौफ से ब्रिटेन के शाही परिवार ने अपना सरनेम बदला
बात 18वीं सदी की शुरुआत की है, जब ब्रिटेन के शाही घराने और जर्मनी के शासकों के बीच शादियों का एक लंबा दौर चल रहा था। यहां तक कि ब्रिटेन की मशहूर क्वीन विक्टोरिया के पति, प्रिंस अल्बर्ट भी जर्मन मूल के थे। इन दोनों के 9 बच्चे हुए और उन्होंने पूरे यूरोप के अलग-अलग शाही परिवारों में शादियां करके अपना दबदबा कायम किया। इसी जर्मन कनेक्शन की वजह से ब्रिटिश राजपरिवार के पुरुषों को ‘साक्से कोबुर्ग एंड गोथा’ की शाही उपाधि दी जाती थी।
साल 1911 में किंग जॉर्ज पंचम ब्रिटेन के सिंहासन पर बैठे। लेकिन कुछ ही सालों बाद, 1914 में दुनिया पहले विश्वयुद्ध की भीषण आग में झुलस गई। इस महायुद्ध में ब्रिटेन और जर्मनी एक-दूसरे के जानी दुश्मन बनकर आमने-सामने खड़े थे।
युद्ध जैसे-जैसे खिंचता गया, ब्रिटेन की जनता के दिलों में जर्मनी के खिलाफ गुस्सा और नफरत उबलने लगी। हालात इतने बदतर हो गए कि ब्रिटेन की सड़कों पर जर्मन मूल के लोगों को निशाना बनाया जाने लगा, उनकी दुकानें लूटी जाने लगीं और देश में जर्मन विरोधी दंगे भड़क उठे।
मामला तब और पेचीदा हो गया जब लोगों को पता चला कि ब्रिटेन का मुकाबला जिस जर्मन राजा विल्हम द्वितीय से है, वो कोई और नहीं बल्कि किंग जॉर्ज पंचम का सगा चचेरा भाई था! अब ब्रिटिश जनता का गुस्सा सीधे अपने ही राजपरिवार के ‘जर्मन कनेक्शन’ पर फूटने लगा था। सिंहासन पर खतरा मंडराता देख किंग जॉर्ज समझ गए कि अगर राजशाही को बचाना है, तो कोई बड़ा कदम उठाना होगा।
जनता के उग्र विरोध और जर्मन विरोधी लहर को शांत करने के लिए किंग जॉर्ज ने एक अभूतपूर्व फैसला लिया। उन्होंने सदियों पुराने जर्मन नाम को हमेशा के लिए त्याग कर उसे पूरी तरह ब्रिटिश रंग में ढालने की ठानी।
आज ही के दिन, यानी 17 जुलाई 1917 को किंग जॉर्ज ने एक शाही घोषणा की। उन्होंने अपने राजवंश का नाम ‘साक्से कोबुर्ग एंड गोथा’ से बदलकर हमेशा के लिए ‘विंडसर’ कर दिया। विंडसर दरअसल इंग्लैंड का एक मशहूर और ऐतिहासिक किला था, जिससे लोगों की भावनाएं जुड़ी थीं। इस एक फैसले ने इतिहास का रुख बदल दिया और तब से लेकर आज तक, ब्रिटेन के शाही परिवार के पुरुष सदस्यों को ‘विंडसर’ के नाम से ही पहचाना जाता है।
देश-विदेश में 17 जुलाई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1453: कैस्टिलियन के पहले युद्व में फ्रांसीसी सेनाओं ने इंग्लैंड को पराजित किया।
1489: बहलोल लोदी की मृत्यु के बाद निजाम खान ने सिकंदर लोदी के रूप में दिल्ली सल्तनत का शासन संभाला।
1850: खगोलशास्त्री विलियम क्रैंच बॉन्ड और फोटोग्राफर जॉन एडम्स व्हिपल ने ‘डैग्यूरोटाइप’ (चांदी-लेपित तांबे की प्लेट पर प्रकाश द्वारा छवि बनाने की तकनीक) का इस्तेमाल करके ‘वेगा’ तारे की पहली तस्वीर लेकर इतिहास रचा था।
1861: अमेरिकी गृहयुद्ध के खर्चों को उठाने के लिए, अमेरिकी कांग्रेस ने 1861 में पहली बार सरकारी कागजी मुद्रा जारी करने की मंजूरी दी। इन्हें “डिमांड नोट” कहा जाता था। इसके तहत 6 करोड़ डॉलर के नोट छापने की अनुमति दी गई। ये नोट $5, $10, और $20 की कीमत में छापे गए थे।
1893: इंग्लैंड के आर्थर श्रेव्सबरी टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर बने।
1912: अंतर्राष्ट्रीय एमेच्योर एथलेटिक्स महासंघ (IAAF) की स्थापना स्वीडन के स्टॉकहोम शहर में की गई थी। 1912 के ग्रीष्मकालीन ओलंपिक के समापन के बाद 17 राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघों के प्रतिनिधियों ने मिलकर इस वैश्विक निकाय की नींव रखी थी।
1916: अब्राहम लिंकन की जन्मस्थली को राष्ट्रीय ऐतिहासिक पार्क के रूप में लॉरॉय काउंटी के केंटकी शहर में स्थापित किया गया।
1918: रूस के अंतिम ज़ार निकोलस द्वितीय और उनके परिवार की बोल्शेविकों द्वारा हत्या कर दी गई।
1936: स्पेन में सैन्य विद्रोह के साथ स्पेनिश गृहयुद्ध की शुरुआत हुई, जो 3 साल तक चलता रहा।
1944: अमेरिका में कैलिफोर्निया के समीप में गोला बारूद से लदे दो जहाजों में विस्फोट होने से 322 लोगों की मौत हो गयी।
1947: भारतीय यात्री जहाज एसएस रामदास एक समुद्री तूफान की चपेट में आ गया। हादसे में जहाज में सवार 713 यात्रियों में से 690 की मौत हो गई।
1948: भारत सरकार ने महिलाओं को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित सभी अखिल भारतीय एवं केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए पात्र घोषित किया।
1955: आज ही के दिन वॉल्ट डिज्नी ने कैलिफोर्निया में डिज्नीलैंड पार्क की शुरुआत की थी। पार्क में मौजूद डिज्नी कैरेक्टर्स को देखने हर साल यहां लाखों लोग आते हैं।
1975: अमेरिका के अपोलो और सोवियत संघ के सोयुज़ अंतरिक्ष यानों का पृथ्वी की कक्षा में ऐतिहासिक डॉकिंग मिशन सफल हुआ।
1980: जेंको सुजुकी जापान के प्रधानमंत्री बने।
1981: अमेरिका के कैनसस सिटी स्थित हयात रीजेंसी होटल के वॉकवे गिरने से 114 लोगों की मृत्यु हुई।
1994: ब्राज़ील ने इटली को पेनल्टी शूटआउट में हराकर चौथी बार फीफा फुटबॉल विश्व कप जीता।
1994: शूमेकर-लेवी 9 धूमकेतु का पहला टुकड़ा बृहस्पति ग्रह से टकराया | यह खगोल विज्ञान के इतिहास में पहली बार था जब इंसानों ने सौर मंडल के दो पिंडों की टक्कर को सीधे अपनी आंखों से देखा था
1995: फोर्ब्स पत्रिका ने माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स को दुनिया का सबसे अमीर आदमी बताया।
1996: तमिलनाडु के तत्कालीन मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने मद्रास का नाम बदलकर चेन्नई कर दिया।
2014: मलेशियन एयरलाइंस की फ्लाइट को रूस समर्थक अलगाववादियों ने मिसाइल के जरिए गिरा दिया। हमले में फ्लाइट में सवार सभी 298 यात्रियों की मौत हो गई।
2020: देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 लाख (1 मिलियन) के पार पहुंच गई थी। भारत अमेरिका और ब्राजील के बाद इस आंकड़े को छूने वाला दुनिया का तीसरा देश बना था।
17 जुलाई को जन्मे प्रमुख व्यक्ति (Born on 17 July)
1943: फ़्लाइंग ऑफ़िसर निर्मलजीत सिंह सेखों – परमवीर चक्र सम्मानित भारतीय सैनिक।
1959: ज़रीना वहाब – हिंदी चलचित्र अभिनेत्री।
1971: रवि किशन – हिंदी और भोजपुरी फ़िल्मों के अभिनेता।
1913: रोजर गिलेमिन– फ्रांसीसी-अमेरिकी चिकित्सक एवं 1977 के नोबेल पुरस्कार विजेता।
17 जुलाई को हुए प्रमुख निधन (Died on 17 July)
1886: बेगम ज़ीनत महल – मुगल सम्राट बहादुर शाह ज़फ़र की बेगम और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी प्रमुख शख्सियत।
1967: जॉन कोलट्रेन– विश्वविख्यात अमेरिकी जैज़ सैक्सोफोन वादक एवं संगीतकार।
1972: इंदुलाल याज्ञिक – स्वतंत्रता सेनानी, किसान नेता और महागुजरात आंदोलन के प्रमुख नेता।
1979: लालमणि मिश्र – विख्यात भारतीय शास्त्रीय संगीतज्ञ, संगीतशास्त्री एवं विचित्र वीणा के महान साधक।
1992: कानन देवी – भारत की प्रसिद्ध अभिनेत्री, गायिका और फ़िल्म निर्माता। दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित।
2001: कैथरीन ग्राहम– The Washington Post की प्रकाशक।
2005: आई. जी. पटेल – भारतीय रिज़र्व बैंक के चौदहवें गवर्नर।
2009: वॉल्टर क्रॉनकाइट– अमेरिकी पत्रकार और टेलीविज़न समाचार जगत के प्रतिष्ठित एंकर।
2013: बरुन डे – प्रसिद्ध इतिहासकार।
2018: रीता भादुड़ी – हिन्दी सिने जगत की जानीमानी अभिनेत्री थीं।
17 जुलाई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव
विश्व इमोजी दिवस
इसकी शुरुआत 2014 में Emojipedia के संस्थापक जेरेमी बर्ज ने की थी। यह दिन डिजिटल संचार में इमोजी के महत्व और उनके रचनात्मक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। 17 जुलाई की तिथि इसलिए चुनी गई क्योंकि कई डिजिटल कैलेंडर इमोजी पर यही तारीख प्रदर्शित होती है। इस दिन दुनिया भर की बड़ी टेक कंपनियां (जैसे Apple, Google, Meta) नए इमोजी जारी करती हैं और लोग सोशल मीडिया पर बिना शब्दों के केवल भावनाओं को व्यक्त करने का जश्न मनाते हैं।
विश्व अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस
17 जुलाई 1998 को रोम संविधि को अपनाया गया था, जिसके आधार पर अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) की स्थापना हुई। इसी उपलक्ष्य में विश्व अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस (World Day for International Justice) मनाया जाता है।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



