Brij Lal Join Congress: हिमाचल प्रदेश में दिसंबर 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों की बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने प्रदेश में अपने ‘संगठन विस्तार अभियान’ का शंखनाद करते हुए मुख्य विपक्षी दल भाजपा को तगड़ा सियासी झटका दिया है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के दो बार प्रत्याशी रहे वरिष्ठ नेता और कैलाश फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष बृजलाल अपने करीब 250 निष्ठावान समर्थकों के साथ कांग्रेस के पाले में चले गए हैं।
शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय ‘राजीव भवन’ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बृजलाल को पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई। रामपुर की राजनीति में इस घटनाक्रम को भाजपा के लिए एक बड़े डेंट के रूप में देखा जा रहा है।
कांग्रेस का हाथ थामने के बाद बृजलाल ने भाजपा की अंदरूनी सियासत पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह बिना किसी शर्त के कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब कार्यकर्ताओं की नहीं, बल्कि चंद नेताओं की पार्टी बनकर रह गई है, जहाँ आधा दर्जन नेता आपस में ही मुख्यमंत्री पद की दौड़ के लिए रस्साकशी कर रहे हैं।
बृजलाल ने टिकट वितरण पर गुबार निकालते हुए कहा कि रामपुर सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, लेकिन भाजपा ने स्थानीय नेतृत्व की पूरी तरह अनदेखी की और किन्नौर से उम्मीदवार लाकर थोप दिया। इसी ‘पैराशूट उम्मीदवार’ के फैसले ने स्थानीय कार्यकर्ताओं का दम घोंट दिया, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
आने वाले दिनों में 10 हजार भाजपाई बदलेंगे पाला: विनय कुमार
पार्टी अध्यक्ष विनय कुमार ने इस मौके पर संगठन विस्तार अभियान की औपचारिक शुरुआत का ऐलान करते हुए भाजपा पर मनोवैज्ञानिक दबाव बढ़ा दिया। उन्होंने दावा किया कि यह तो सिर्फ शुरुआत है, आने वाले दिनों में भाजपा के 8 से 10 हजार कार्यकर्ता कांग्रेस का दामन थामेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से भाजपा के कई छोटे-बड़े नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में आने के लिए लगातार फोन आ रहे हैं, जिससे साफ है कि विपक्ष के भीतर भारी असंतोष है।
बूथ स्तर पर चक्रव्यूह रच रही कांग्रेस: विक्रमादित्य सिंह
कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दोटूक कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव को हल्के में नहीं ले रही है और पार्टी का पूरा ध्यान अभी से बूथ स्तर तक संगठन को अभेद्य बनाने पर है। उन्होंने दावा किया कि फिलहाल रामपुर क्षेत्र के नेताओं की जॉइनिंग हुई है, लेकिन बहुत जल्द प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी भाजपा के कई ऐसे ‘बड़े चेहरे’ कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं, जिनकी कल्पना भी विपक्ष ने नहीं की होगी।
सोमसी देष्टा: शिमला
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



