Mandi Road Accident: 300 फीट नीचे गिरी कार, दो ने तोड़ा दम
मंडी (हिमाचल न्यूज़): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ शिकारी देवी से माथा टेककर लौट रहे चार दोस्तों के लिए बुधवार की रात काल बनकर आई। जंजैहली-शिकारी माता मार्ग पर एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
देर रात हुआ हादसा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
यह हादसा बुधवार देर रात करीब एक बजे पेश आया। सूचना मिलते ही जंजैहली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे में ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने खाई से दो शवों को बरामद किया है, जिनकी पहचान राम (गांव भराड) और चालक भूपेंद्र कुमार (गांव जाजर, थुनाग) के रूप में हुई है।
घायलों की हालत नाजुक, नेरचौक रेफर
इस हादसे में पूर्ण चंद और देवीदहड़ निवासी एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया गया है।
क्या कहती है पुलिस
एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



