हिमाचल शिक्षक सस्पेंड मामले पर विभाग का कड़ा एक्शन
चंबा जिले से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां ड्यूटी के दौरान घोर अनुशासनहीनता बरतने और शराब के नशे में धुत होकर स्कूल आने के आरोपों में दो शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग को इन अध्यापकों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। इस कार्रवाई के बाद से जिले के तमाम शिक्षण संस्थानों और स्टाफ में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक यह एक्शन शिक्षा खंड भरमौर और बनीखेत के अंतर्गत आने वाले स्कूलों में लिया गया है। सस्पेंड होने वाले अध्यापकों में एक जेबीटी और एक पीईटी शिक्षक शामिल हैं। जेबीटी शिक्षक बनीखेत शिक्षा खंड के तहत आने वाले राजकीय प्राथमिक पाठशाला स्वागलू में अपनी सेवाएं दे रहे थे। सस्पेंशन पीरियड के दौरान इनका हेडक्वार्टर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय कल्हेल तय किया गया है। वहीं, सस्पेंड किए गए पीईटी शिक्षक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौबिया में तैनात थे और सस्पेंशन के दौरान इनका मुख्यालय उदयपुर बदला गया है।
स्थानीय लोगों और स्कूल प्रबंधन से मिली शिकायतों के अनुसार, ये दोनों अध्यापक अक्सर शराब के नशे में चूर होकर स्कूल पहुंचते थे। इस वजह से स्कूल का पूरा शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा था और वहां पढ़ने वाले छोटे बच्चों पर भी इसका बेहद गलत असर पड़ रहा था। इसके अलावा इन शिक्षकों पर समय पर स्कूल न आने और अपनी जिम्मेदारी के प्रति लापरवाही बरतने के भी गंभीर आरोप लगे हैं।
इस पूरे मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि शिक्षा विभाग ने इन अध्यापकों को सुधरने का मौका भी दिया था। विभाग की ओर से पहले भी इन्हें लिखित और मौखिक तौर पर दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन इन्होंने सरकारी आदेशों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया। आखिरकार जब पानी सिर से ऊपर चला गया और शिकायतों की पूरी जांच में आरोपों की पुष्टि हुई, तो विभाग ने दोनों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। शिक्षा विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए साफ कर दिया है कि स्कूलों में इस तरह की बदतमीजी और अनैतिक काम को कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षकों का काम बच्चों को सही रास्ता दिखाना है, न कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करना।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



