मंडी, धर्मशाला, सोलन में खिला ‘कमल‘, पालमपुर में लहराया कांग्रेस का परचम
सुनील कुमार शर्मा: शिमला
हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों मंडी, धर्मशाला, सोलन और पालमपुर के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं। इन नतीजों ने प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर को पूरी तरह से साफ कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने तीन नगर निगमों मंडी, सोलन और धर्मशाला में शानदार जीत दर्ज कर शहरी क्षेत्रों में अपना दबदबा साबित किया है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने पालमपुर नगर निगम में स्पष्ट बहुमत हासिल कर अपनी साख बचा ली है।
नगर निगम चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा का शहरी क्षेत्रों में अभी भी मजबूत प्रभाव कायम है। अब सभी की निगाहें नवनिर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह और मेयर-डिप्टी मेयर के आधिकारिक चुनाव पर टिकी हुई हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुई मतगणना
हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के अलावा, राज्य भर में 250 जिला परिषद सदस्यों और 1,769 पंचायत समिति सदस्यों के लिए भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह नौ बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। जिला परिषद के परिणाम आने अभी बाकी है।
नगर निगम परिणाम: एक नजर
नगर निगम | कुल वार्ड | भाजपा | कांग्रेस | अन्य |
मंडी | 14 | 12 | 1 | 1 |
धर्मशाला | 17 | 11 | 5 | 1 |
सोलन | 17 | 10 | 6 | 1 |
पालमपुर | 15 | 4 | 11 | 0 |
मंडी में भाजपा की ऐतिहासिक ‘सुनामी‘
मंडी नगर निगम के नतीजे भाजपा के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि रहे हैं। कुल 14 वार्डों वाले इस नगर निगम में भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ 12 सीटों पर अपना परचम लहराया है। कांग्रेस यहां सिर्फ 1 सीट पर सिमट गई, जबकि 1 सीट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई। इस एकतरफा जीत के बाद मंडी शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जमकर जश्न मनाया।
धर्मशाला में भाजपा को स्पष्ट बहुमत
नगर निगम धर्मशाला के 17 वार्डों में से 11 सीटों पर भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 5 और निर्दलीय को 1 सीट मिली। इस जीत के साथ ही धर्मशाला में मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा तय हो गया है।
सोलन: कड़े मुकाबले में भाजपा जीती
सोलन नगर निगम में मुकाबला काफी कड़ा रहा, लेकिन अंततः 10 सीटें जीतकर भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा छू लिया। कांग्रेस को 6 सीटों से संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में कई दिग्गजों को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जिनमें भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के पूर्व महापौर और उपमहापौर शामिल हैं।
पालमपुर में कांग्रेस की शानदार वापसी
चार में से केवल पालमपुर ही एकमात्र ऐसा नगर निगम रहा, जहां कांग्रेस ने अपना जलवा बिखेरा है। कुल 15 सीटों वाले इस निगम में कांग्रेस ने 11 सीटों पर शानदार जीत हासिल की है, जबकि भाजपा को यहां केवल 4 सीटों पर ही जीत मिल सकी। इस जीत ने पालमपुर में मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए कांग्रेस का रास्ता पूरी तरह साफ कर दिया है और यह प्रदेश की राजनीति में खासी चर्चा का विषय बना हुआ है।



