Himachal News: चंबा जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। चुराह उपमंडल के अंतर्गत आने वाले दुर्गम बैरागढ़-साच पास दर्रा-किलाड़ मार्ग पर सैलानियों से भरी एक अर्टिका कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में समा गई। इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों सहित कुल आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात को हुई थी, लेकिन क्षेत्र के अत्यंत दुर्गम होने के चलते शनिवार दोपहर को जाकर इस घटना का पता चल सका।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दक्षिण भारत के बेंगलुरु और कर्नाटक से पहाड़ों की खूबसूरती निहारने आए दो परिवारों ने पर्यटन स्थल डलहौजी से एक टैक्सी किराए पर ली थी। ये दोनों परिवार शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे बैरागढ़ से बर्फ से ढके और बेहद जोखिम भरे रास्तों से होते हुए सच पास के लिए रवाना हुए थे। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी गाड़ी डलहौजी वापस नहीं पहुंची, तो गाड़ी के मालिक को किसी अनहोनी का डर सताने लगा। उन्होंने बिना देरी किए कार में लगे जीपीएस सिस्टम को ट्रैक किया, जिसमें गाड़ी की लोकेशन कालावन के समीप एक ही जगह पर रुकी हुई दिखाई दी। इसके बाद जब स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की गई, तो खाई में कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंच गए। हालांकि, खड़ी चढ़ाई, खराब मौसम और मोबाइल सिग्नल न होने के कारण शवों को खाई से बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शनिवार शाम को बचाव कार्य रोकने के बाद अधिकारियों ने जानकारी दी कि रविवार सुबह से दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करके सभी शवों को निकाला जा रहा है।
इस भीषण हादसे में गाड़ी के ड्राइवर सहित नौ लोग सवार थे, जिनमें से आठ लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों की पहचान बनीखेत निवासी टैक्सी चालक विश्वास के रूप में हुई है। वहीं बेंगलुरु के रहने वाले अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची, और उनके दो बेटे दर्श (8 साल) व अक्षाद (11 साल) ने भी इस हादसे में अपनी जान गंवा दी। इसके अलावा कर्नाटक के व्हाइट फील्ड निवासी दूसरे परिवार के सदस्य पीजी कार्तिकेयन, उनकी पत्नी मणिमाला और उनके बेटे नंदन की भी मौत हो गई है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



