13 July in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 13 जुलाई वर्ष का 194वां (लीप वर्ष में यह 195वां) दिन है। साल में अभी 171 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 13 जुलाई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 13 जुलाई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
13 जुलाई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 13 July in History)
1929: लाहौर जेल में जतिंद्र नाथ दास ने शुरू किया था अनशन; 63 दिन बाद उनकी शहादत के साथ खत्म हुआ
साल 1929 को आज ही के दिन भारत के महान क्रांतिकारी जतिंद्र नाथ दास ने लाहौर जेल में अपना अनशन शुरू किया था। कैदियों को बेहतर सुविधाएं देने की मांग से शुरू हुआ ये अनशन आखिरकार 63 दिन बाद जतिंद्र नाथ दास की शहादत के साथ खत्म हुआ। मात्र 24 साल की उम्र में शहीद हुए जतिंद्र नाथ दास की अंतिम यात्रा में इतने लोग उमड़े कि पूरा कलकत्ता शहर थम गया था।
1904 में कलकत्ता में जन्मे जतिंद्र नाथ दास के बचपन में ही उनकी माता का निधन हो गया था। युवावस्था में पढ़ाई के दौरान ही उनके अंदर देशभक्ति के विचारों ने जन्म ले लिया था, जिसका नतीजा ये हुआ कि वे महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन में कूद पड़े और जेल भी गए। चौरी-चौरा कांड के बाद गांधी जी ने असहयोग आंदोलन को खत्म किया था। महात्मा गांधी के इस फैसले से जतिंद्र का आंदोलन से मोहभंग हुआ और वे पढ़ाई में जुट गए।
इस दौरान उनकी मुलाकात क्रांतिकारी नेता शचीन्द्रनाथ सान्याल से हुई। उन्होंने उनसे ही बम बनाना सीखा। 1925 में काकोरी कांड के बाद जतिंद्र नाथ दास फिर गिरफ्तार हुए। पर जेल में भारतीय कैदियों के साथ हो रहे अमानवीय व्यवहार को देखते हुए जतिंद्र ने अनशन शुरू कर दिया। 20 दिन तक अनशन जारी रहा। आखिरकार जेल प्रशासन ने माफी मांगकर जतिंद्र नाथ दास को रिहा कर दिया।
वे भगतसिंह और सुभाषचंद्र बोस के करीबी रहे। भगत सिंह ने जतिंद्र नाथ दास के बनाए बम को ही बटुकेश्वर दत्त के साथ मिलकर असेंबली में फेंका था। बम कांड को लेकर अंग्रेजों ने दास को दोबारा गिरफ्तार किया। लाहौर जेल में उनके साथ भगतसिंह भी थे। जेल में कैदियों के साथ होने वाले बर्ताव को देखकर दास ने फिर अनशन शुरू करने का फैसला लिया।
1929 में जतिंद्र ने अनशन शुरू किया। 10 दिन में क्रांतिकारियों की हालत खराब होने लगी, पर दास का हौसला कायम रहा। शुरुआत में वे केवल पानी पीते थे पर जब पता चला कि जेल के अधिकारी पानी में गोलियां मिलाकर दे रहे हैं, तो उन्होंने पानी पीना भी छोड़ दिया। धीरे-धीरे अनशन की खबर जेल से बाहर पहुंच गई और ये एक राष्ट्रीय मुद्दा बन गया। जेल अधिकारियों ने दास को नली से दूध पिलाने की कोशिशें की। पर दास कुछ भी खाने-पीने को तैयार नहीं थे। झूमाझटकी में दूध दास के फेफड़ों में चला गया और उनकी हालत बिगड़ गई।
अनशन तुड़वाने की सारी कोशिशें नाकाम रहीं और 13 सितंबर 1929 को दास का निधन हो गया। मरते वक्त उनका सिर अपने भाई की गोदी में था। लाहौर से उनका शव कलकत्ता ले जाया गया। रास्ते में हजारों देशवासियों ने शहीद को अंतिम श्रद्धांजलि दी। पूरा कलकत्ता उन्हें अंतिम विदाई देने उमड़ पड़ा।
1974: भारत का पहला वन-डे इंटरनेशनल मैच
आज ही के दिन 1974 में भारतीय क्रिकेट टीम ने अजीत वाडेकर की कप्तानी में पहला वन-डे इंटरनेशनल मैच खेला था। हेडिंग्ले की पिच पर हुए इस मैच में भारतीय टीम ने 265 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था, लेकिन इंग्लैंड ने ये मैच जीत लिया। 1974 में भारतीय टीम ने इंग्लैंड का दौरा किया था। इस दौरे में 3 टेस्ट और 2 वन-डे मैच खेले जाने थे। शुरुआती 3 टेस्ट इंग्लैंड की टीम जीत चुकी थी अब बारी वन-डे की थी। आज ही के दिन पहला वन-डे खेला गया। इंग्लैंड के कप्तान माइक डेनेस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। कप्तान अजीत वाडेकर और ब्रजेश पटेल ने शानदार अर्धशतक जड़े। इस दौरान विकेट भी गिरते रहे। 53.5 ओवर में भारतीय टीम ने 265 रन बनाए।
स्कोर का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 51.1 ओवर में 266 रन बनाकर 4 विकेट से मैच जीत लिया। 97 गेंदों पर 90 रन बनाने वाले जॉन एड्रिक मैन ऑफ द मैच रहे। 15 जुलाई को दोनों टीमों के बीच दूसरा वन-डे खेला गया, जिसे भी इंग्लैंड ने 6 विकेट से जीत लिया।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 13 जुलाई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1803: राजा राम मोहन राय ने एलेक्जेंडर डफ के साथ मिलकर स्कॉटिश चर्च कॉलेज की शुरुआत की।
1837: क्वीन विक्टोरिया ने बकिंघम पैलेस को अपना नया ठिकाना बनाया। आज भी इंग्लैंड का शाही परिवार बकिंघम पैलेस में ही रहता है।
1882: रूस में ट्रेन के पटरी से उतर जाने के कारण 200 लोगों की मौत हो गई।
1905: कलकत्ता से कृष्ण कुमार मित्रा द्वारा प्रकाशित साप्ताहिक समाचार पत्र ‘संजीवनी’ ने ही ब्रिटिश (विदेशी) सामानों के बहिष्कार का सर्वप्रथम सुझाव दिया था। यह प्रस्ताव 13 जुलाई 1905 के अंक में प्रकाशित हुआ था, जो बाद में ‘स्वदेशी आंदोलन’ की नींव बना।
1908: लंदन में चौथा आधुनिक ओलंपिक खेल शुरु हुआ।
1918: टोकायाम की खाड़ी में जापानी युद्धपोत में विस्फोट हुआ। जिसमें 500 लोगों की मौत हुई।
1923: कैलिफोर्निया के शहर लॉस एंजिलिस में माउंट हिल्स के पास जमीन की कीमतों को बढ़ाने के लिए प्रचार के मकसद से ‘Hollywood’ लिखा गया था।
1930: उरुग्वे में पहले फुटबॉल वर्ल्डकप की शुरुआत हुई। पहले मुकाबले में फ्रांस ने मैक्सिको को 4-1 से हराया।
1937: हिमाचल प्रदेश में धामी प्रेम प्रचारिणी सभा की बैठक में ‘धामी प्रजामंडल’ की नींव रखी गई। इसका मुख्य उद्देश्य राजा के समक्ष पूर्ण जिम्मेदार सरकार, नागरिक स्वतंत्रता और बेगार प्रथा के उन्मूलन जैसी मांगें रखना था।
1943: जर्मनी और रूस के बीच भीषण युद्ध हुआ। इस युद्ध में दोनों देशों की सेनाओं ने 6 हजार टैंकों का इस्तेमाल किया था। किसी युद्ध में इस्तेमाल किए गए ये सबसे ज्यादा टैंक थे।
1945: मैक्सिको मरुस्थल में पहला परमाणु बम परिक्षण के लिए लाया गया।
1947: भारतीय स्वतंत्रता विधेयक को 4 जुलाई 1947 को ब्रिटिश संसद में पेश किया गया था, जिसे आज के दिन स्वीकृति मिली।
1954: अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस जेनेवा में वियतनाम के बँटवारे पर सहमत हुए।
1977: देश की जनता पार्टी सरकार ने भारत रत्न सहित अन्य नागरिक सम्मान देना बंद कर दिया। इन्हें तीन साल के अंतराल के बाद दोबारा शुरू किया गया।
1998: भारत के लिएंडर पेस ने हॉल ऑफ फेम टेनिस चैंपियनशिप में अपने करियर का पहला एटीपी खिताब जीता।
2000: फिजी में प्रधानमंत्री महेन्द्र चौधरी समेत 18 बंधक रिहा।
2001: वर्ष 2008 के ओलम्पिक खेलों की मेजबानी चीन (बीजिंग) को सौंपी गयी।
2005: 13 साल के बच्चे के यौन उत्पीड़न मामले में पॉप स्टार माइकल जैक्सन को बरी कर दिया गया।
2011: मुम्बई के तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन बम विस्फोट हुए जिसमें मरने वालों की कुल संख्या 20 से अधिक और घायलों की संख्या 130 थी। ये धमाके मुंबई के झवेरी बाजार, ओपेरा हाउस और दादर में हुए थे।
2016: थेरेसा मे यूके की दूसरी महिला प्रधानमंत्री बनीं।
2021: नेपाल के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शेर बहादुर देउबा ने पांचवीं बार नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।
2026: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक पब में भीषण आग लग गई, जिसमें 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
13 जुलाई को जन्मे प्रमुख व्यक्ति (Born on 13 July)
1892: केसरबाई केरकर – पद्म भूषण से सम्मानित भारत की प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका।
1913: तुलसी प्रसाद खेतान – उद्योगपति, समाजसेवी और स्वदेशी चेतना के प्रखर पुरोधा ।
1932: बीना राय – हिन्दी फ़िल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री।
1933: भीष्म नारायण सिंह – भारतीय राजनीतिज्ञ थे, जो असम और मेघालय के राज्यपाल रहे।
1941: सुनीता जैन – हिन्दी और अंग्रेज़ी की आधुनिक कहानीकार और उपन्यासकार।
1944: ज़ोरामथंगा – मिज़ोरम के पूर्व मुख्यमंत्री हैं जो इस पद पर 4 दिसम्बर 1998 से दिसम्बर 2008 तक रहे।
13 जुलाई को हुए प्रमुख निधन (Died on 13 July)
1995: आशापूर्णा देवी- भारत की प्रसिद्ध बंगाली लेखिका, जिन्हें प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
13 जुलाई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव (Important events and festivities of 13 July)
शहीद दिवस (कश्मीर)
ब्रितानी (ब्रिटिश) हुकूमत में 13 जुलाई 1931 को श्रीनगर सेंट्रल जेल के सामने हुई गोलीबारी में बहुत से लोग मारे गए थे। इसी दिन को यौमे शोहदा (शहीदी दिवस) के रूप में मनाया जाता है।
अंतरराष्ट्रीय रॉक दिवस
हर साल 13 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय रॉक दिवस (International Rock Day) मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य पृथ्वी की भू-वैज्ञानिक विरासतों, चट्टानों (आग्नेय, अवसादी और कायांतरित) और हमारे ग्रह के इतिहास को आकार देने वाले भूविज्ञान के चमत्कारों के बारे में जागरूकता लाना है।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



