8 July in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 8 जुलाई वर्ष का 189वां (लीप वर्ष में यह 190वां) दिन है। साल में अभी 176 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 8 जुलाई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 8 जुलाई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
8 जुलाई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 8 July in History)
529 साल पहले भारत की खोज के लिए निकले थे वास्को डी गामा, केरल के कालीकट तट पर पहुंचने में लगे थे 11 महीने
1497 में आज ही के दिन वास्को डी गामा अपनी पहली भारत यात्रा पर निकले थे। 4 विशाल जहाजों और सैकड़ों नौकाओं के साथ 170 लोगों को लेकर निकले वास्को डी गामा को भारत पहुंचने में करीब 11 महीने लग गए। इसी के साथ वास्को डी गामा ने यूरोप से भारत पहुंचने का समुद्री रास्ता खोज लिया था। पुर्तगालियों के लिए ये एक बड़ी उपलब्धि थी।
दरअसल भारत की चाय और मसाले हमेशा से पूरी दुनिया में प्रसिद्ध रहे हैं। उस समय भी यूरोपीय देश भारत के मसालों और चाय का इस्तेमाल करते थे। भारत से ये सामान अरब देशों से होते हुए यूरोप पहुंचता था। अरब देशों ने यूरोपीय देशों को कभी भी ये नहीं बताया था कि ये सामान आता कहां से है। अरबों के लिए ये कमाई का एक बड़ा जरिया था।
यूरोपीय लोगों को पता तो था कि दूर कहीं भारत है, लेकिन वहां पहुंचने का समुद्री रास्ता नहीं पता था। अरब देशों से होते हुए भारत नहीं पहुंचा जा सकता था इसलिए यूरोपीय लोग समुद्र से भारत पहुंचने का रास्ता तलाशने लगे।
वास्को डी गामा के साथ एक बड़ा काफिला था जिसमें सफर के लिए जरूरी सामान और बाकी चीजों को रखा गया। सफर के दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत के लिए 3 भाषाविद भी साथ रखे गए, जिनमें से 2 अरबी बोलते थे और एक अफ्रीका की बांटु भाषा बोलता था। रास्ते की निशानदेही के लिए अपने साथ बड़े-बड़े पत्थरों के पिलर भी रखे गए।
वास्को डी गामा एक बेहतरीन कप्तान थे और उन्हें समुद्री रास्तों की बढ़िया जानकारी थी। 26 जुलाई को डी गामा का काफिला सैंटियागो पहुंच गया। यहां एक हफ्ते आराम किया। महीनों तक सफर जारी रहा और नवंबर में कैप ऑफ गुड होप से होते हुए काफिला हिंद महासागर में दाखिल हुआ। इतने लंबे और थका देने वाले सफर में उनके कई साथी बीमार भी पड़ गए, कई मारे गए और उनका खाने का सामान भी खत्म होने लगा था। इसको देखते हुए वास्को डी गामा ने मोजांबिक में रुकने का फैसला किया। यहां नावों की मरम्मत की गई और खाने का सामान इकट्ठा किया गया। कहा जाता है कि मोजांबिक के सुल्तान को उन्होंने कई बेशकीमती तोहफे दिए जिसके बदले सुल्तान ने उन्हें 2 नाविक दिए, जिन्हें भारत तक के समुद्री रास्तों की जानकारी थी।
अप्रैल तक काफिला केन्या पहुंच चुका था। आखिरकार लंबे सफर के बाद 20 मई 1498 को वास्को डी गामा ने भारत के कालीकट की धरती को छुआ।
यहां पर वो कालीकट के राजा से मिले और उसको व्यापार के लिए राजी किया, लेकिन मुस्लिम व्यापारियों ने वास्को का विरोध किया जिसका नतीजा ये हुआ कि तीन महीने में ही उन्हें वापस पुर्तगाल लौटना पड़ा। अगस्त में जब काफिला पुर्तगाल के लिए चला तो बेहद खराब मौसम की वजह से 170 में से केवल 55 लोग ही जिंदा बचे।
इसके बाद वास्को डी गामा दो बार और भारत आए। अपने तीसरे और आखिरी दौरे के दौरान ही उनकी तबीयत खराब हो गई और 24 मई 1524 को निधन हो गया। वास्को डी गामा के शव को कोच्चि में ही दफनाया गया। 1538 में उनकी कब्र को खोदकर उसके अवशेषों को बाहर निकाला गया और पुर्तगाल ले जाया गया।
1954: भाखड़ा नहर परियोजना का उद्घाटन
हिमाचल के भाखड़ा में एक तेंदुए का पीछा करते हुए ब्रिटिश जनरल लुई डेन सतलज नदी की तराई में पहुंच गए थे। यहां पर जब उन्होंने सतलज नदी के बहाव को देखा तो सोचा कि इसका इस्तेमाल तो बिजली बनाने में किया जा सकता है।
1908 में उन्होंने इसके लिए ब्रिटिश सरकार को एक प्रस्ताव भेजा, लेकिन सरकार ने पैसों की कमी का हवाला देते हुए मना कर दिया। इसके करीब 10 साल बाद तत्कालीन चीफ इंजीनियर एफ.ई. वैदर के प्रयासों से एक विस्तृत रिपोर्ट बनाई गई, जिसमें 395 फीट ऊंचा बांध बनाने का प्रस्ताव था।
इस बांध को रोपड़ से करीब 69 किलोमीटर दूर बनाया जाना था। अभी तक बांध को बनाने का उद्देश्य केवल सिंचाई के लिए पानी रोकना ही था। इस दौरान कई बार प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनती रही लेकिन हर बार किसी वजह से पास न हो सकी। आखिरकार 1948 में प्रोजेक्ट रिपोर्ट पास हो पाई। इस रिपोर्ट में भाखड़ा डैम, नांगल डैम और नहरों को बनाने का प्रस्ताव था।
1951 में प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ। अमेरिका से इंजीनियरों की टीम बुलाई गई। फैसला लिया गया कि पहले नहर बनाई जाएगी ताकि किसानों को जल्द से जल्द सिंचाई के लिए पानी मिल सके। सामान लाने ले जाने के लिए रोपड़ से नांगल तक 60 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाई गई, सड़कें भी बनाई गईं और 50 बेड का एक अस्पताल भी बनाया गया।
कहा जाता है कि भाखड़ा-नांगल नहर परियोजना पर पंडित नेहरू को बेहद गर्व था। उन्होंने इसके निर्माण के दौरान परियोजना का 10 बार दौरा किया। आज ही के दिन 1954 में नेहरू ने इस परियोजना का उद्घाटन किया था।
आज पेरिस का जन्मदिन
आज फ्रांस की खूबसूरत राजधानी पेरिस का जन्मदिन है। माना जाता है कि आज ही के दिन 250 ईसा पूर्व में पेरिस की स्थापना हुई थी। पैरिसी जनजाति के कुछ लोग 250 ईसा पूर्व के आसपास सीन नदी के किनारे पर आकर बसे थे। ये नदी फिलहाल पेरिस से होकर गुजरती है।
धीरे-धीरे नदी किनारे इन लोगों की आबादी बढ़ती गई और जनजाति के नाम पर ही इस इलाके को पेरिस पुकारा जाने लगा। 15 से 17वीं शताब्दी के दौरान पेरिस कला, आर्किटेक्चर और विज्ञान के केंद्र के तौर पर उभरा। 18वीं शताब्दी के मध्य में नेपोलियन तृतीय ने पेरिस को मॉडर्न तरीके से बसाने का फैसला लिया, जिसकी जिम्मेदारी इंजीनियर और प्लानर जॉर्ज यूजीन को दी गई।
हाल के पेरिस में कई चीजें यूजीन की प्लानिंग के तहत ही बनी हैं। आज पेरिस दुनिया के खूबसूरत शहरों में गिना जाता है।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 8 जुलाई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1283: सिसिलीयाई वेस्पर का युद्ध; माल्टा की लड़ाई हुई।
1693: न्यूयॉर्क पुलिस की वर्दी को मंजूरी दी गई।
1792: फ्रांस ने पर्शिया के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1836: महान वैज्ञानिक चार्ल्स डार्विन शोध करने सेंट हेलेना पर पहुंचे।
1833: रूस और तुर्की ने सुरक्षा संधि पर हस्ताक्षर किये।
1858: ग्वालियर के किले के पतन के बाद लॉर्ड केनिंग ने शांति की घोषणा की थी।
1889: अमेरिकी अखबार ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की शुरुआत हुई। आज हर दिन इसकी 20 लाख प्रतियां बिकती हैं।
1918: ब्रिटिश शासनकाल के दौरान भारत में संवैधानिक सुधारों की रूपरेखा तैयार करने वाली ऐतिहासिक ‘मांटेग्यु-चेम्सफोर्ड रिपोर्ट’ को आधिकारिक रूप से प्रकाशित किया गया था। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे चलकर ‘भारत सरकार अधिनियम 1919’ कानून बना।
1930: किंग जॉर्ज वी ने लंदन में इंडिया हाउस की स्थापना की।
1947: अमेरिका के न्यू मेक्सिको के रोसवेल दैनिक समाचार पत्र ने एक ‘फ्लाइंग सॉसर’ (उड़न तश्तरी) के क्रैश होने और बरामदगी की खबर प्रमुखता से छापी। इस घटना ने दुनिया भर में एलियंस और यूएफओ के सबसे बड़े रहस्यमय विवाद को जन्म दिया।
1948: अमेरिकी वायुसेना में महिलाओं की भर्ती शुरू हुई।
1963: अमेरिका ने क्यूबा के साथ अपने सभी वित्तीय लेनदेन बंद किए।
1981: फ्रांस के प्रधानमंत्री मॉरिस ने बैंकों और कुछ बड़े उद्योगों का राष्ट्रीयकरण किया।
1992: थॉमस क्लेस्टिल आस्ट्रिया के राष्ट्रपति बने।
1994: शिमाकी मुकाई जापान की प्रथम महिला अंतरिक्ष यात्री बनी।
1994: अपने पिता के निधन के बाद किम जोंग उन ने नॉर्थ कोरिया के सुप्रीम लीडर का पद संभाला।
2001: बांग्लादेश के बल्लेबाज मोहम्मद अशरफुल ने 17 साल की उम्र में श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़ा। वह बांग्लादेश के सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।
2002: दक्षिण अफ़्रीका में अश्वेत क्रिकेटरों के लिए कोटा प्रणाली समाप्त।
2003: सूडान एयरवेज का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें सवार सभी 116 यात्रियों की मौत हुई।
2003: ईरान में सिर से जुड़ी दो बहनें लालेह और लादन बिजानी को अलग करने के लिए किया गया ऑपरेशन असफल हो जाने की वजह से मौत हुई।
2007: 42 साल बाद भारत-बांग्लादेश के बीच रेल यातायात शुरू हुआ। 1965 के बाद से दोनों देशों के बीच रेल यातायात बंद था।
2012: असम में भयावह बाढ़ ने विश्व प्रसिद्ध काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के 13 गैंडों समेत 500 से अधिक वन्य प्राणियों को लील लिया।
2012: अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में कार बम धमाके से 14 नागरिकों की मौत हुई।
2013: मिस्त्र की राजधानी काहिरा में धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों पर सेना की गोलीबारी में 42 लोगों मरे।
2014: जर्मनी फुटबाल टीम के मिरोस्लाव क्लोस ने विश्वकप में सर्वाधिक 16 गोलों का विश्व रिकार्ड बनाया।
2022: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की नारा शहर में एक चुनावी जनसभा के दौरान भाषण देते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
2022: अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने की भीषण घटना के बाद अचानक आई बाढ़ 16 लोगों की मौत हो गई थी और 40 से अधिक लोग लापता हो गए थे।
2023: पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान भारी हिंसा हुई, जिसमें मतदान केंद्रों पर आगजनी, गोलीबारी, बमबारी और मतपेटियां लूटने जैसी घटनाएं सामने आईं। इस खूनी संघर्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों (मुख्यतः टीएमसी, भाजपा और कांग्रेस-माकपा गठबंधन) के लगभग 18 लोगों की जान चली गई।
2024: रूस ने यूक्रेन के कई शहरों (कीव, नीप्रो, क्रिवी रीह) पर 40 से अधिक मिसाइलों से बड़ा हमला किया। इस हमले में 47 नागरिकों की मौत हुई और 180 से अधिक लोग घायल हुए थे।
2025: राजस्थान के चूरू जिले में भारतीय वायु सेना का एक ‘जगुआर’ लड़ाकू विमान नियमित उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मृत्यु हो गई थी।
8 जुलाई को जन्मे व्यक्ति (Born on 8 July)
1912: बनारसी दास – भारत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी।
1914: ज्योति बसु – पश्चिम बंगाल में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री और वामपंथी राजनीति के आधार।
1937: गिरिराज किशोर – हिन्दी के प्रसिद्ध उपन्यासकार, सशक्त कथाकार, नाटककार और आलोचक।
1949: वाई. एस. राजशेखर रेड्डी – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ थे, जो आंध्र प्रदेश के 14वें मुख्यमंत्री।
1958: नीतू सिंह – हिन्दी चलचित्र अभिनेत्री (काला पत्थर) (दीवार)।
1980: चेतन आनंद – भारत के प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाडी हैं।
1991: अनीता कुंडू – भारत की पर्वतारोही हैं। वह पहली महिला पर्वतारोही हैं, जिन्होंने विश्व के सबसे ऊंचे पर्वत एवरेस्ट पर नेपाल और चीन दोनों तरफ़ से चढ़ाई पूरी की है।
1972: सौरव गांगुली – भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान।
8 जुलाई को हुए निधन (Died on 8 July)
1623: ग्रिगोरि – पंद्रहवें पोप।
1994: किम इल सुंग– उत्तर कोरिया के तानाशाह और संस्थापक।
2007: चन्द्रशेखर सिंह – भारत के 11 वें प्रधानमंत्री।
2020: जगदीप – भारतीय सिनेमा के मशहूर हास्य अभिनेता थे।
2021: वीरभद्र सिंह – हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री।
8 जुलाई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव (Important events and festivities of 8 July)
‘राष्ट्रीय वीडियो गेम दिवस’ (National Video Game Day) हर साल 8 जुलाई और 12 सितंबर को दो अलग-अलग तिथियों पर मनाया जाता है। यह दिन मनोरंजन, कला, और तकनीकी उपलब्धि के रूप में वीडियो गेम के ऐतिहासिक सफर, उनके सांस्कृतिक प्रभाव और गेमिंग समुदाय का जश्न मनाने के लिए समर्पित है।
विश्व एलर्जी जागरूकता दिवस (World Allergy Day) हर साल 8 जुलाई को मनाया जाता है। इस दिन का मुख्य उद्देश्य लोगों को एलर्जी के कारणों, इसके लक्षणों और बचाव के उपायों के प्रति शिक्षित करना है, ताकि समय पर पहचान और सही चिकित्सा उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



