Himachal News: मणिकर्ण घाटी में मिला लापता युवक का शव
कुल्लू जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मणिकर्ण घाटी के मलाणा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लापता चल रहे दिल्ली के एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान युवक का शव एक स्थानीय नाले से बरामद किया है। मृतक के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान मिले हैं, जिससे यह पूरा मामला बेहद संदेहास्पद नजर आ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक पर्यटक की शिनाख्त मोहित चौधरी पुत्र कमल सिंह के रूप में हुई है, जो दिल्ली के सदर बाजार का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मोहित बीते 7 मई को अपने दोस्तों के एक ग्रुप के साथ देवभूमि हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों का दीदार करने आया था। 10 मई को मोहित अपने दोस्तों के साथ मलाणा के समीप स्थित वाइचिन घाटी के एक स्थानीय कैफे में रुका हुआ था। इसी दौरान वह अपने दोस्तों से बाहर जाकर कुछ सामान लाने की बात कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।
काफी देर तक जब मोहित कैफे नहीं पहुंचा तो दोस्तों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान मोहित का मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। दोस्तों ने अपने स्तर पर हर जगह तलाश करने के बाद आखिरकार मणिकर्ण पुलिस चौकी में मोहित के अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम की मदद से मलाणा के जंगलों और घाटियों में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
गुरूवार को पुलिस टीम को सफलता तब मिली जब होटल से महज 15 मिनट की दूरी पर स्थित एक रिवर फ्रंट नाले में मोहित का शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने तुरंत शव को नाले से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भिजवा दिया है। इसके साथ ही दिल्ली में रह रहे युवक के परिजनों को भी इस दर्दनाक हादसे की सूचना दे दी गई है।
शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को मोहित के चेहरे, बाजू और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि पैर फिसलने के कारण युवक गहरी खाई या नाले में गिर गया होगा जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि पुलिस इस मामले में हत्या और दुर्घटना दोनों ही एंगल से तफ्तीश कर रही है।
क्या कहती है पुलिस
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के कुल्लू पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। एसपी ने कहा कि मौत के असली और सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से मामले की जांच कर रही है।



