Himachal News: पांवटा साहिब कालाअंब नेशनल हाईवे पर ब्रेक फेल होने से बोलेरो पर जा गिरा ओवरलोडेड ट्रक
सिरमौर जिले में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा पेश आया है। पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 पर खजुरना के समीप सुबह के समय उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब आलू की बोरियों से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़ी बोलेरो जीप के ऊपर जा पलटा। इस जोरदार टक्कर में बोलेरो जीप पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गई, लेकिन गनीमत यह रही कि इसमें सवार लोगों को कुदरत ने नई जिंदगी बख्शी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे आलू से भरा ट्रक पांवटा की ओर जा रहा था। तभी अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ट्रक सीधे चौराहे पर खड़ी बोलेरो जीप से जा टकराया और उसके ऊपर पलट गया। बोलेरो मालोवाला की ओर से नाहन की तरफ जा रही थी। हादसे के वक्त जीप में चालक के अलावा एक महिला और बच्चा भी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए, लेकिन चमत्कारिक रूप से तीनों सुरक्षित बच गए।
हादसे में ट्रक चालक सिकंदर और परिचालक मोहम्मद याकूब को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रक से बाहर निकाला गया और नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर काफी समय तक जाम की स्थिति बनी रही और यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



