26 मई: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 26 मई वर्ष का 146वां (लीप वर्ष में यह 147वां) दिन है। साल में अभी 219 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 26 मई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 26 मई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
26 मई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 26 May in History)
2014: भारत के 15वें प्रधानमंत्री बने थे नरेंद्र मोदी, 30 साल बाद किसी पार्टी को मिला था स्पष्ट बहुमत
“मैं…नरेंद्र दामोदर दास मोदी…” आज ही के दिन साल 2014 में नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन से ये शब्द पूरे देश ने सुने थे। मौका था नई-नवेली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का। समारोह में देश-विदेश के करीब 4 हजार चुनिंदा लोग मौजूद थे। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने स्टेज पर सबसे पहले नरेंद्र मोदी को शपथ के लिए बुलाया। मोदी ने शपथ ली और इसी के साथ देश को आज ही के दिन अपना 15वां प्रधानमंत्री मिला।
2014 का आम चुनाव इसलिए खास था क्योंकि 30 साल बाद किसी पार्टी को बहुमत मिला था। राष्ट्रवाद की लहर पर सवार होकर आई भाजपा ने कांग्रेस को 44 सीटों पर समेट कर 282 सीटें जीतीं। 1984 के आम चुनावों में कांग्रेस ने 414 सीटें जीतीं थीं। उसके बाद किसी एक पार्टी द्वारा जीती गईं ये सबसे ज्यादा सीटें थीं। पिछले चुनावों के मुकाबले कांग्रेस को 162 सीटों का घाटा तो भाजपा को 166 सीटों का फायदा हुआ।
2004 में इंडिया शाइनिंग की चमक को दूर करते हुए केंद्र में UPA की सरकार आई थी। एक चौंकाने वाले फैसले के बाद मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बनें। अगले चुनावों में भी सत्ता UPA के पास रही और प्रधानमंत्री की कुर्सी मनमोहन सिंह के पास, लेकिन इस बार मनमोहन सिंह के लिए चुनौतियां ज्यादा थीं। भ्रष्टाचार, महंगाई और कालेधन पर विपक्ष सरकार को लगातार घेर रहा था। निर्भया कांड के बाद लोगों में भी गुस्सा था। अन्ना हजारे लोकपाल के लिए आंदोलन कर रहे थे। यूं समझिए कि सरकार के खिलाफ आए दिन लोग सड़कों पर उतर रहे थे।
एक तरफ कांग्रेस के लिए चुनौतियां बढ़ रही थीं, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी अपनी तैयारी में कहीं कोई कमी नहीं छोड़ रही थी। 2013 में देश के 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए। 2014 चुनावों का ये सेमीफाइनल था। इनमें राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे बड़े राज्यों में बीजेपी या तो जीती या सत्ता बचाने में कामयाब रही।
इसके बाद एक तरफ कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी का आत्मविश्वास। बीजेपी ने प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी के नाम पर मुहर लगा दी थी। उस समय मोदी लगातार तीसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल चला रहे थे। गुजरात 2 वजहों से लोगों की जुबान पर था- पहला, 2002 दंगे और दूसरा, गुजरात मॉडल। इन दोनों वजहों से नरेंद्र मोदी डेवलपमेंट और बहुसंख्यक आबादी के मसीहा के तौर पर प्रोजेक्ट किए गए। 7 अप्रैल से 12 मई के दौरान 9 चरणों में चुनाव हुए। विकास और ध्रुवीकरण की ऐसी आंधी चली कि कांग्रेस को मुख्य विपक्षी दल का दर्जा मिलने लायक सीटें भी नहीं मिलीं। कांग्रेस के 178 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।
1984 के आम चुनाव में कांग्रेस ने 404 सीटें जीतीं थीं, उसमें बीजेपी को 2 सीटें मिली थीं। केवल 30 सालों में ही पार्टी ने 2 सीटों से 282 सीटों का सफर तय किया। 2019 में ये आंकड़ा और ज्यादा बढ़कर 303 सीटों पर पहुंच गया और नरेंद्र मोदी लगातार दूसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने।
1926: गढ़वाल में 125 लोगों को अपना शिकार बनाने वाले आदमखोर तेंदुए के आतंक का अंत
आज ही के दिन गढ़वाल में एक आदमखोर तेंदुए को जिम कॉर्बेट ने मार गिराया था। तेंदुए का इलाके में कई सालों से आतंक था। इस दौरान तेंदुए ने करीब 125 लोगों को अपना शिकार बनाया था। 9 जून 1918 के दिन इस तेंदुए ने पहली बार किसी इंसान को अपना शिकार बनाया था। गढ़वाल इलाके में तेंदुए के डर से लोगों ने घर से बाहर निकलना छोड़ दिया था। ब्रिटिश सरकार ने तेंदुए को पकड़ने की कई कोशिश की, लेकिन हर बार नाकाम रही। आखिरकार थक-हारकर जिम कॉर्बेट को तेंदुए को मारने की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिम कॉर्बेट प्रसिद्ध शिकारी थे। 1907 में उन्होंने चंपावत बाघिन का शिकार किया था। कहा जाता है कि इस आदमखोर बाघिन ने 400 से भी ज्यादा लोगों को अपना शिकार बनाया था। जिम कॉर्बेट करीब डेढ़ साल तक तेंदुए को खोजते रहे। आखिरकार आज ही के दिन साल 1926 में कॉर्बेट ने इस आदमखोर तेंदुए का शिकार किया।
1999: इसरो ने पहली बार एक साथ लॉन्च की थी 3 सैटेलाइट
इसरो के लिए भी आज का दिन खास है। 1999 में आज ही के दिन इस भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने पहली बार एक साथ 3 सैटेलाइट लॉन्च किए थे। इनमें भारत, कोरिया और जर्मनी के एक-एक सैटेलाइट थे।
आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के लॉन्च स्टेशन से सुबह 11 बजकर 52 मिनट पर 294 टन वजनी PSLV ने उड़ान भरी थी। इस दौरान प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी खुद श्रीहरिकोटा लॉन्च स्टेशन पर मौजूद थे। इसरो ने पहली बार कॉमर्शियल एग्रीमेंट के तहत किसी दूसरे देश के सैटेलाइट को लॉन्च किया था। इस लिहाज से भारत के लिए ये एक बड़ी उपलब्धि थी। साल 2017 में भारत ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। इसरो ने एक साथ 104 सैटेलाइट को लॉन्च कर इतिहास रच दिया।
1739: भारत से अलग हुआ अफगानिस्तान
मुगल सम्राट मोहम्मद शाह और ईरान के शासक नादिर शाह के बीच एक संधि पर हस्ताक्षर हुए। इसके तहत कभी भारतीय साम्राज्य का हिस्सा रहा अफगानिस्तान भारत से अलग हो गया। नादिर शाह इसी दौर में भारत से प्रसिद्ध कोहिनूर हीरा और तख्त-ए-ताऊस (मयूर सिंहासन) भी ले गया था।
1999: गांगुली और द्रविड़ का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
क्रिकेट विश्व कप के दौरान टॉन्टन में श्रीलंका के खिलाफ मैच में सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने दूसरे विकेट के लिए 318 रनों की रिकॉर्ड-तोड़ साझेदारी की थी। यह उस समय वनडे क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी थी।
देश-विदेश में 26 मई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1822: ग्रू चर्च में लगी आग में 116 लोग मर गए, यह नॉर्वे के इतिहास में सबसे बड़ी आग आपदा थी।
1922: नार्वे में चर्च में 1822 में आग लग जाने के कारण 122 लोगों की मौत हो गई थी।
1983: जापान में आए भूकंप में 104 लोगों की मौत हो गई थी।
1950: ब्रिटेन में पेट्रोल खरीदने पर लगी लिमिट को खत्म कर दिया गया। इससे पहले हर व्यक्ति को पेट्रोल खरीदने के लिए राशन कार्ड दिया जाता था।
1969: अपोलो कार्यक्रम: अपोलो 10 पृथ्वी पर आने वाले सभी घटकों के सफल आठ-दिवसीय परीक्षण के बाद वापस लौटा। अपोलो 10 संयुक्त राज्य अपोलो अंतरिक्ष कार्यक्रम में चौथा मानवयुक्त मिशन था।
1980: दक्षिण कोरिया के सैन्य सरकारी बलों ने 2,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला।
1983: 7.7 रिएक्टर स्केल से जापान में आए भूकंप में 104 लोगों की मौत हुई।
1998: ऑस्ट्रेलिया में पहली बार नेशनल सॉरी डे मनाया गया।
1998: जापान ने 1998 में दूसरे विश्व युद्ध के दौरान 50,016 ब्रिटिश सिपाहियों को बंदी बनाया था जिनमें से 12,433 की या तो मौत हो गई या उन्हें कैद में मार दिया गया।
2002: चीन का एक यात्री विमान समुद्र में गिरा, 225 लोगों की मौत हुई।
2006: विज्ञान जगत् में एक शोध के मुताबिक़ एड्स का विषाणु कैमरून में पाए जाने वाले चिपैंजिओं से फैला है।
2006: इंडोनेशिया के जावा में आए भूकंप के कारण 5700 से अधिक लोगों की मौत और लगभग दो लाख बेघर हुए।
2007: भारत और जर्मनी के मध्य रक्षा समझौता सम्पन्न।
2008: पूर्वी और दक्षिणी चीन में गंभीर बाढ़ से 148 लोगों की मौत हो गई।
2010: सुप्रीम कोर्ट ने शादी किए बगैर एक साथ रहने वाले प्रेमी युगलों की संतानों को भी अपने मां-बाप की ओर से अर्जित सम्पत्ति में हिस्सा पाने का अधिकार दिया।
2014: उत्तर प्रदेश के चुरेब रेलवे स्टेशन पर गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 29 यात्रियों की मौत हुई।
2025: गाजा में जारी संघर्ष के बीच, एक स्कूल से बने शरणार्थी आश्रय स्थल पर रात के समय हुए इजरायली हमले में कम से कम 36 लोगों सहित कुल 52 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई।
26 मई को जन्मे व्यक्ति (Born on 26 May)
1906: रामकिंकर बैज – भारत के प्रसिद्ध मूर्तिकार। आधुनिक भारतीय मूर्तिकला के अग्रदूतों में उनकी गणना होती थी। रामकिंकर बैज का जन्म पश्चिम बंगाल के बांकुरा में एक आर्थिक और सामाजिक रूप से विपन्न परिवार में हुआ। अपने दृढ़ संकल्प से वह भारतीय कला के प्रतिष्ठित प्रारंभिक आधुनिक कलाकारों में से एक बने। ‘संभाल परिवार’, ‘मिल कॉल’, ‘महात्मा बुध’, ‘मिथुन’, ‘सुजात’ व ‘रविंद्र नाथ टैगोर का आवक्ष’ (पोट्रेट) आदि उनके प्रमुख मूर्तिशिल्प हैं। भारतीय कला में उनके अतुल्य योगदान के लिए वर्ष 1970 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया।
1912: छगनराज चौपासनी वाला – प्रसिद्ध क्रांतिकारियों में से एक।
1926: माइल्स डेविस- दुनिया के सबसे प्रभावशाली और प्रसिद्ध अमेरिकी जैज संगीतकार व ट्रम्पेट वादक।
1937: मनोरमा – दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर हास्य अभिनेत्री। उन्होंने 1500 से अधिक तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फ़िल्मों में काम किया था। मनोरमा ने फ़िल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का खूब प्यार पाया और थान्गावेलु, थेंगाई श्रीनिवासन, छो और नागेश सरीखे दिग्गज अभिनेताओं के साथ काम किया। 1000 फ़िल्में पूरी होने के साथ ही उनका नाम ‘गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज हो गया। वर्ष 2002 में भारत सरकार द्वारा उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
1945: विलासराव देशमुख – विलासराव दगड़ोजीराव देशमुख महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे। ये भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य भी हैं। ये महाराष्ट्र के लातूर जिला के हैं। श्री विलासराव देशमुख को भारत सरकार की पंद्रहवीं लोकसभा के मंत्रीमंडल में बड़े उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम में मंत्री बनाया गया था।
1946: अरुणा रॉय – राजनैतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनके योगदान के लिये उन्हें मैगससे पुरस्कार एवं मेवाड़ सेवाश्री आदि पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
1983: सुशील कुमार पहलवान – ओलंपिक में भारत के लिए दो व्यक्तिगत पदक (बीजिंग में कांस्य और लंदन में रजत) जीतने वाले पहलवान।
26 मई को हुए निधन (Died on 26 May)
1934: चम्पक रमन पिल्लई – भारतीय राजनैतिक कार्यकर्ता और क्रांतिकारी। हालाँकि उनका जन्म भारत में हुआ था पर उन्होंने अपने जीवन का ज्यादातर भाग जर्मनी में बिताया। उनका नाम उन महान क्रांतिकारियों में शामिल है जिन्होंने अपना सब कुछ दांव पर लगाकर देश की आजादी के लिए प्राण गंवा दिए। वे एक ऐसे वीर थे जिन्होंने विदेश में रहते हुए भारत की आज़ादी की लड़ाई को जारी रखा और एक विदेशी ताकत के साथ मिलकर भारत में अंग्रेजी हुकुमत का सफाया करने की कोशिश की। दुर्भाग्य है कि आज उनको बहुत कम लोग ही याद करते हैं, पर ये देश चम्पक रमन पिल्लई की कुर्बानी का सदैव आभारी रहेगा।
2017: के. पी. एस. गिल – पंजाब के दो बार पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रहे थे। कंवर पाल सिंह गिल को पंजाब के आतंकवादी एवं उग्रवादी विद्रोह को नियंत्रित करने का श्रेय दिया जाता है। उन्हें आतंकवाद की कमर तोड़ने वाला ‘सुपरकॉप’ कहा जाता है। वे भारतीय पुलिस सेवा से साल 1995 में सेवानिवृत्त हो चुके थे। गिल ‘इंस्टीट्यूट फ़ॉर कॉन्फ्लिक्ट मैनेजमेंट’ और ‘इंडियन हॉकी फ़ेडरेशन’ के अध्यक्ष रहे थे। भारतीय प्रशासनिक सेवा में उनके बेहतरीन काम को ध्यान में रखते हुए 1989 में ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया गया था।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



