30 मई: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 30 मई वर्ष का 150वां (लीप वर्ष में यह 151वां) दिन है। साल में अभी 215 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 30 मई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 30 मई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
30 मई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 30 May in History)
1826 में आज ही के दिन शुरू हुआ था दुनिया का पहला हिंदी अखबार, 19 महीने बाद ही करना पड़ा था बंद
1826 में आज ही के दिन हिन्दी भाषा का पहला समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ कलकत्ता से एक साप्ताहिक पत्र के रूप में शुरू हुआ था। 8 पेज का ये अखबार हर मंगलवार को निकलता था। कानपुर में जन्मे और पेशे से वकील पंडित जुगल किशोर शुक्ल इसके संपादक थे। उदन्त मार्तण्ड ईस्ट इंडिया कंपनी की दमनकारी नीतियों के खिलाफ मुखर होकर लिखता था। इस वजह से अखबार कंपनी सरकार की आंखों में खटकने लगा और सरकार ने अखबार के प्रकाशन में कानूनी अड़ंगे लगाना शुरू कर दिए। कंपनी सरकार ने मिशनरियों के पत्र को तो डाक वगैरह की सुविधा दे रखी थी, लेकिन उदन्त मार्तण्ड को यह सुविधा नहीं मिली।
आखिरकार आर्थिक परेशानियों और कानूनी अड़ंगों के बाद 19 दिसंबर 1827 को केवल 19 महीनों के बाद ही अखबार को बंद करना पड़ा। वैसे, भारत में समाचार पत्रों की शुरुआत 29 जनवरी 1780 के दिन हुई थी। जब एक अंग्रेज जेम्स आगस्टस हिकी ने अंग्रेजी में ‘कलकत्ता जनरल एडवर्टाइजर’ नामक पहला समाचार पत्र शुरू किया था। ये भारत के साथ ही एशियाई उपमहाद्वीप का किसी भी भाषा का पहला समाचार पत्र था।
इसके बाद धीरे-धीरे भारत में समाचार पत्रों के प्रकाशन का सिलसिला शुरू हुआ। बांग्ला, फारसी और उर्दू भाषा में भी समाचार पत्र प्रकाशित होने लगे।
1981: बांग्लादेश के राष्ट्रपति जिया उर्रहमान की हत्या
29 मई 1981 को बांग्लादेश के राष्ट्रपति जिया उर्रहमान का चटगांव जाने का प्रोग्राम बना। इसके 4 दिन पहले उन्होंने चटगांव के जीओसी मेजर जनरल मोहम्मद अबुल मंजूर का तबादला कर दिया था और साथ ही आदेश दिया कि उन्हें लेने जनरल मंजूर एयरपोर्ट पर नहीं आएं।
मंजूर उस इलाके के सबसे बड़े सैनिक अफसर थे। राष्ट्रपति के इन दोनों फैसलों से वे नाराज थे। सुरक्षा बलों को मंजूर की नाराजगी की भनक लग चुकी थी। सुरक्षाबलों ने राष्ट्रपति को चटगांव जाने का कार्यक्रम टालने का आग्रह किया, लेकिन जिया नहीं माने वो चटगांव पहुंचे।
30 मई की अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे हमलावर सर्किट हाउस की तरफ रवाना हुए। यहीं पर राष्ट्रपति जिया ठहरे हुए थे। अंदर घुसते ही हमलावरों ने हैंड रॉकेट से सर्किट हाउस पर हमला किया। इसके बाद ग्रेनेड, मशीनगन और रॉकेट से हमले होने लगे। इसी बीच राष्ट्रपति जिया एक कमरे से निकलकर बाहर आए और हमलावरों से बांग्ला भाषा में पूछा – तुम क्या चाहते हो? तभी एक हमलावर ने मशीनगन से जिया पर धुआंधार फायरिंग शुरू कर दी। जिया की मौके पर ही मौत हो गई। केवल 20 मिनटों में ही बांग्लादेश के एक सैनिक राष्ट्रपति को उनकी ही सेना के जवानों ने मार दिया। शेख मुजीब उर्रहमान के बाद जिया दूसरे राष्ट्रपति थे जिनकी हत्या हुई।
1896: आज ही के दिन हुआ था दुनिया का पहला रोड एक्सीडेंट
बात 30 मई 1896 की है। इसी दिन इतिहास का पहला ऑटोमोबाइल व्हीकल सड़क हादसा हुआ था। एक तरफ न्यूयॉर्क के हेनरी वेल्स अपनी गाड़ी लेकर घर से निकले वहीं दूसरी तरफ एबलिंग थॉमस अपनी साइकिल लेकर घर से निकलीं। दोनों ही नहीं जानते थे कि उनके साथ एक दुर्घटना होने वाली है, जिसकी वजह से उनका नाम इतिहास में लिखा जाएगा। हेनरी की गाड़ी बेकाबू हो गई और सामने से आ रही थॉमस की साइकिल से जा टकराई। टक्कर से थॉमस का पैर फ्रैक्चर हो गया।
साभार: दैनिक भास्कर
1987: आज ही के दिन गोवा को मिला था राज्य का दर्जा और भारत का 25वां राज्य बना
गोवा, भारतीय प्रायद्वीप के पश्चिमी तट पर स्थित है। गोवा राज्य, उत्तर में महाराष्ट्र राज्य, पूर्व व दक्षिण में कर्नाटक राज्य और पश्चिम में अरब सागर से घिरा है और पणजी गोवा की राजधानी है। गोवा का क्षेत्रफल 3,702 वर्ग किलोमीटर है, यह समुद्र तट की ओर एक द्वीपयुक्त शहर है, जो मुंबई से 400 किलोमीटर की दूरी पर दक्षिण में मुख्यभूमि में स्थित है। गोवा क्षेत्रफल में भारत का सबसे छोटा और जनसंख्या के हिसाब से दूसरा सबसे छोटा राज्य है। पूरी दुनिया में गोवा अपने ख़ूबसूरत समुद्र के किनारों और मशहूर स्थापत्य कला के लिये जाना जाता है। गोवा पहले पुर्तग़ाल का एक उपनिवेश था। पुर्तग़ालियों ने गोवा पर लगभग 450 साल तक शासन किया और दिसंबर, 1961 में यह भारतीय प्रशासन को सौंप दिया गया और 30 मई सन् 1987 ई. को गोवा को राज्य का दर्जा मिला।
देश-विदेश में 30 मई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1431: ‘जॉन ऑफ आर्क’ को जिंदा जलाया गया- फ्रांस की राष्ट्रीय वीरांगना और ‘ऑरलियन्स की दासी’ कही जाने वाली 19 वर्षीय जॉन ऑफ आर्क को अंग्रेजों ने ‘विद्रोही और पाखंडी’ होने के आरोपों के तहत जिंदा जला दिया था। बाद में उन्हें कैथोलिक चर्च द्वारा संत घोषित किया गया।
1631: फ्रांस के पहले समाचार पत्र का प्रकाशन- फ्रांस के पहले नियमित समाचार पत्र ‘ला गजट’ (La Gazette) का प्रकाशन शुरू हुआ, जिसने यूरोपीय पत्रकारिता को एक नई दिशा दी।
1883: न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन ब्रिज पर भगदड़ में 12 लोगों की मौत हुई। भगदड़ की वजह ब्रिज टूटने की अफवाह थी।
1919: रवीन्द्रनाथ टैगोर ने जालियांवाला बाग नरसंहार के विरोध में ‘सर’ की उपाधि वापस की।
1981: बांग्लादेश के राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान की उनके 8 सहयोगियों के साथ हत्या, देश में आपातकाल लागू।
1990: पेरू में हुए भूकंप से 135 लोगों की मौत हुई।
1996: 6 वर्षीय बालक गेधुन चोकी नाइया को नया पंचेन लामा चुना गया।
1998: पाकिस्तान द्वारा एक और (छठा) परमाणु परीक्षण।
1998: अफगानिस्तान में विनाशकारी भूकंप- उत्तरी अफगानिस्तान के तखार प्रांत में आए 6.5 तीव्रता के भीषण भूकंप के कारण 4,000 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।
2003: नेपाल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री लोकेन्द्र बहादुर चंद ने इस्तीफ़ा दिया।
2004: सऊदी अरब में बंधक संकट समाप्त, परन्तु दो भारतीयों सहित 22 की हत्या।
2007: अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक दिवस पर 107 शांति रक्षक पुरस्कृत।
2008: सुजाना मेटल प्रोडक्ट लिमिटेड ने विशाखापट्टनम में 180 करोड़ रुपये की लागत से तीन स्टील इकाईयों का अधिग्रहण किया।
2008: अफ़ग़ानिस्तान में एक ज़िले पर तालिबान ने क़ब्ज़ा किया।
2012: विश्वनाथन आनंद पाँचवीं बार विश्व शतरंज चैंपियन बने।
2015: स्टार बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।
2019: नरेंद्र मोदी ने दूसरी बार ली प्रधानमंत्री पद की शपथ- लोकसभा चुनाव 2019 में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
2025: नाइजीरिया में विनाशकारी बाढ़- पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजीरिया में मानसूनी बारिश के चलते भीषण बाढ़ आई, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। इस आपदा में 115 से अधिक लोगों की जान चली गई और बड़े पैमाने पर बस्तियां और बाजार तबाह हो गए।
30 मई को जन्मे व्यक्ति (Born on 30 May)
1909: कमला दास (माधवीकुट्टी)- भारत की प्रसिद्ध अंग्रेजी और मलयालम लेखिका/कवयित्री, जो अपनी बेबाक लेखनी के लिए जानी जाती हैं।
1935: पंडित देवब्रता चौधरी – भारत के प्रख्यात सितार वादक। उन्हें पद्मश्री और पद्मभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने छः पुस्तकें लिखी थी और आठ नये राग निर्मित करने सहित विभिन्न संगीतों की रचना की थी। वर्ष 1963 से वो विभिन्न रेड़ियो प्रसारणों में सुनाई दिये और वो मुस्ताक़ अली खान के शिष्य रहे हैं।
1947: वी. नारायणसामी– पुदुचेरी राज्य के पूर्व 10वें मुख्यमंत्री रहे हैं। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ राजनेता हैं। इन्होंने पुदुचेरी के मुख्यमंत्री पद का कार्यभार 6 जून, 2016 को ग्रहण किया था और इस पद पर 22 फ़रवरी, 2021 तक रहे। इसके पूर्व वे भारत सरकार की पंद्रहवीं लोकसभा के मंत्रिमंडल में योजना एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री रह चुके थे।
30 मई को हुए निधन (Died on 30 May)
1606: गुरु अर्जुन देव – सिक्खों के पाँचवें गुरु। गुरु अर्जुन देव जी शहीदों के सरताज एवं शान्तिपुंज हैं। आध्यात्मिक जगत में गुरु जी को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। उन्हें ब्रह्मज्ञानी भी कहा जाता है। ये 1 सितम्बर, 1581 ई. में गद्दी पर बैठे। ‘गुरु ग्रंथ साहब’ आज जिस रूप में उपलब्ध है, उसका संपादन इन्होंने ही किया था। गुरु अर्जन देव सिक्खों के परम पूज्य चौथे गुरु रामदास के पुत्र थे। गुरु नानक से लेकर गुरु रामदास तक के चार गुरुओं की वाणी के साथ-साथ उस समय के अन्य संत महात्माओं की वाणी को भी इन्होंने ‘गुरु ग्रंथ साहब’ में स्थान दिया। गुरुग्रन्थ साहिब में तीस रागों में गुरु जी की वाणी संकलित है।
1955: एन. एम. जोशी – नारायण मल्हार जोशी भारत में ‘ट्रेड यूनियन आंदोलन’ के जन्मदाता थे। उन्होंने 1920 में ‘अखिल भारतीय ट्रेड युनियन कांग्रेस’ की स्थाना की और 1929 तक उसके सचिव रहे। कांग्रेस में साम्यवादियों के प्रभाव के कारण उन्होंने कांग्रेस छोड़कर ‘ट्रेड यूनियन परिसंघ’ नामक एक नया संगठन बनाया था। वे केन्द्रीय विधानसभा, दिल्ली के निर्वाचित सदस्य भी रहे थे।
1981: कमलापति त्रिपाठी – उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी और देश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता।
1991: उमाशंकर दीक्षित – ‘भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन’ के पुरोधा एवं मानवता के पुजारी और राष्ट्रवाद के अग्रदूत। उमाशंकर दीक्षित ने केंद्रीय गृहमंत्री व राज्यपाल जैसे महत्त्वपूर्ण पदों पर रहकर स्वयं के हित लाभ को त्याग कर राष्ट्र की सच्ची सेवा की और उसके लिए सदैव समर्पित रहे। तमाम व्यस्तता के बाद भी वे लोगों से परिवार की तरह मिलते थे। वे कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे थे।
2013: ऋतुपर्णो घोष – बंगाली फ़िल्मों के प्रसिद्ध निर्देशक, लेखक और अभिनेता। ‘चोखेर बाली’, ‘रेनकोट’ और ‘अबोहोमन’ जैसी फ़िल्मों के लिए ‘राष्ट्रीय पुरस्कार’ विजेता ऋतुपर्णो घोष की ख्याति राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जगत् में थी। उन्होंने और उनकी फ़िल्मों ने रिकॉर्ड बारह ‘राष्ट्रीय पुरस्कार’ जीते थे।
2016: देवेगोड़ा जवरेगोड़ा – कन्नड़ लेखक, लोक गीतकार, शोधकर्ता और विद्वान। उन्हें साहित्य और शिक्षा में उनके योगदान के लिए ‘पम्पा प्रशस्ति’ (1998), ‘पद्म श्री (2001) और ‘कर्नाटक रत्न’ (2008) आदि पुरस्कार मिले थे।
2000: रामविलास शर्मा– आधुनिक हिंदी साहित्य के सुप्रसिद्ध आलोचक, निबंधकार और भाषाविद्।
30 मई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव (Important events and festivities of 30 May)
हिन्दी पत्रकारिता दिवस
1826 में आज के दिन पहले हिन्दी समाचार पत्र “उदन्त मार्तण्ड” की शुरुआत हुई इसलिए 30 मई को हिन्दी पत्रकारिता दिवस भी मनाया जाता है।
गोवा राज्य स्थापना दिवस
1987 में गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के उपलक्ष्य में।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



