2 July in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 2 जुलाई वर्ष का 183वां (लीप वर्ष में यह 184वां) दिन है। साल में अभी 182 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 2 जुलाई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 2 जुलाई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
2 जुलाई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 2 July in History)
आज ही के दिन मार्कोनी को मिला था रेडियो के लिए पेटेंट, इस आविष्कार ने दुनिया में संचार क्रांति को जन्म दिया
इटली के एक बेहद मशहूर भौतिक विज्ञानी गुल्येलमो मार्कोनी ने इलेक्ट्रोमैग्नेटिक तरंगों के जरिए एक जगह से दूसरी जगह मैसेज पहुंचाने के बारे में सोचा। इसके लिए उन्होंने एक यंत्र बनाया, जिसके जरिए कुछ दूरी तक एक जगह से दूसरी जगह संदेश भेजा जा सकता था। इस यंत्र में एक सेंडर और एक रिसीवर था। सेंडर से इलेक्ट्रोमैग्नेटिक तरंगे छोड़ी जाती और रिसीवर उन्हें पकड़ लेता।
कहा जाता है कि मार्कोनी को अपने देश में ज्यादा तवज्जो नहीं मिली। लिहाजा 1896 में मार्कोनी इस यंत्र को लेकर इंग्लैंड चले गए। वहां उनकी मुलाकात सर विलियम प्राइस से हुई, जो मार्कोनी की तरह ही वायरलेस टेलीग्राफी पर काम कर रहे थे। मार्कोनी ने अपने इस यंत्र के अलग-अलग एक्सपेरिमेंट किए और हर बार पहले से ज्यादा दूरी तक सिग्नल भेजने में कामयाब रहे। 1896 में ही मार्कोनी ने रेडियो के पेटेंट के लिए आवेदन किया और आज ही के दिन उन्हें पेटेंट दिया गया।
साल 1899 में तो मार्कोनी ने कारनामा ही कर दिया। इस साल उन्होंने फ्रांस और इंग्लैंड के बीच वायरलेस सिग्नल भेजने में सफलता पाई। दुनियाभर में अब तक ये बात पूरी तरह सिद्ध हो चुकी थी कि इन रेडियो वेव्स का इस्तेमाल संचार के लिए किया जा सकता है, लेकिन वैज्ञानिकों का अभी भी मानना था कि पृथ्वी की गोलाई की वजह से रेडियो वेव्स ज्यादा दूर तक नहीं जा सकतीं। मार्कोनी ने ठाना कि वो इस बात को गलत साबित करेंगे। उन्होंने फैसला लिया कि वो इन तरंगों को अटलांटिक महासागर के पार भेजेंगे।
इसके लिए कनाडा के सेंट जॉन्स में समुद्र किनारे स्थित एक टीले को चुना गया और यहां पर मार्कोनी ने अपना यंत्र लगाया। दूसरी तरफ इंग्लैंड के पोल्ढू से कनाडा में संदेश भेजे जाते। दिसंबर 1901 में इंग्लैंड से भेजे गए एक संदेश को मार्कोनी के एंटीने ने सफलतापूर्वक कैच कर लिया और इस प्रयोग ने दुनिया में संचार क्रांति ला दी। आज दुनियाभर के सारे संचार माध्यम मार्कोनी के प्रिंसिपल पर ही काम करते हैं। 1909 में मार्कोनी को इस आविष्कार के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
1757: बंगाल के नवाब सिराजुद्दौला की हत्या
वैसे तो ईस्ट इंडिया कंपनी भारत में व्यापार के लिए आई थी, लेकिन मुगलों की कमजोर होती ताकत को देखकर धीरे-धीरे कंपनी ने भारत के इलाकों को अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया। व्यापार के नजरिए से बंगाल अंग्रेजों और फ्रांसीसियों दोनों के लिए पसंदीदा जगह थी। दोनों यहां पर कब्जा करने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपना रहे थे।
1740 में अलीवर्दी खां ने बंगाल को मुगल साम्राज्य से अलग कर लिया और यहां के नवाब बन गए। उनके निधन के बाद बंगाल के नवाब की कुर्सी पर सिराजुद्दौला बैठे। इधर, बंगाल में जगह-जगह अंग्रेज किलेबंदी कर रहे थे। 20 जून 1756 को सिराजुद्दौला ने हुगली नदी के पास फोर्ट विलियम पर हमला किया और अंग्रेजों को यहां से भगा दिया। इस दौरान 146 लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया गया, जिसमें से 100 से ज्यादा की अगले दिन मौत हो गई।
अंग्रेजों ने सिराजुद्दौला को अपने रास्ते से हटाने की तैयारी की। इसके लिए उन्होंने सिराजुद्दौला के सेनापति मीरजाफर को कोलकाता का नवाब बनाने का लालच दिया और उसे अपनी तरफ कर लिया। 27 जून 1757 को प्लासी में अंग्रेजों की सेना और सिराजुद्दौला की सेना के बीच युद्ध हुआ, लेकिन सेनापति मीरजाफर ने सिराजुद्दौला को धोखा दिया और वो युद्ध हार गया। सिराजुद्दौला को बंदी बना लिया गया और अंग्रेजों ने मीरजाफर को बंगाल का नवाब बना दिया। आज ही के दिन सिराजुद्दौला की मीरजाफर के लोगों ने नृशंस हत्या कर दी। उसके शव को हाथी पर बांधकर पूरे शहर में घुमाया गया।
1990: हज के दौरान भगदड़ में मारे गए थे 1426 हज यात्री
इस्लाम को मानने वालों को 5 फर्ज अदा करने होते है जिसमें से एक फर्ज हज भी है। हर साल दुनियाभर से लाखों मुस्लिम इस फर्ज को अदा करने सऊदी अरब के शहर मक्का और मदीना जाते हैं। 1990 में आज ही के दिन हज यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से 1426 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे को हज के दौरान हुए सबसे भीषण हादसों में गिना जाता है।
ये हादसा तब हुआ था, जब हज यात्री एक सुरंग से गुजर रहे थे। इस दौरान कुछ लोग सुरंग में ही थोड़ी देर के लिए रुक गए जिससे सुरंग के मुहाने पर भीड़ इकट्ठी होने लगी, क्योंकि सुरंग के बाहर गर्मी बहुत थी इसलिए लोग सुरंग में जाने के लिए जल्दी करने लगे। इसी जल्दबाजी में सुरंग के भीतर भगदड़ मच गई जिसमें 1426 लोगों की दबकर मौत हो गई। कहा जाता है कि सुरंग में वेंटिलेशन के लिए लगाए गए पंखे भी बंद हो गए थे। इस वजह से भी भगदड़ मची। मरने वालों में ज्यादातर लोग एशिया महाद्वीप के थे।
साभार: दैनिक भास्कर
1972: ‘शिमला समझौता’ पर हस्ताक्षर
हिमाचल प्रदेश के इतिहास में 2 जुलाई का दिन वैश्विक कूटनीति के लिए दर्ज है। इसी दिन शिमला की पहाड़ियों ने भारत-पाक के बीच हुए सबसे बड़े कूटनीतिक समझौते की गवाही दी थी। 1971 के युद्ध में पाकिस्तान की करारी हार के बाद आज ही के दिन भारत-पाकिस्तान ने शिमला समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता 1971 भारत-पाकिस्तान युद्ध (जिसके बाद बांग्लादेश स्वतंत्र देश बना) के बाद हुआ था।
2 जुलाई 1972 की देर रात भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पाकिस्तान के राष्ट्रपति जुल्फिकार अली भुट्टो ने हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ‘राजभवन’ (तत्कालीन बार्न्स कोर्ट) में एक ऐतिहासिक शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। शिमला के जिस ऐतिहासिक भवन में इस संधि पर हस्ताक्षर हुए थे, वह आज हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का आधिकारिक निवास (राजभवन) है।
इसके तहत दोनों देशों ने अपने विवादों को द्विपक्षीय बातचीत (Bilateral Talks) से सुलझाने और नियंत्रण रेखा (Line of Control – LoC) को मान्यता देने पर सहमति जताई थी।
देश-विदेश में 2 जुलाई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1306: अलाउद्दीन ख़िलजी ने सिवाणा पर जब आक्रमण किया, तब यह दुर्ग कान्हड़देव के भतीजे चौहान सरदार शीतलदेव के अधिकार में था।
1698: ब्रिटेन के थॉमस सेवरी ने पहले व्यवसायिक स्टीम इंजन का पेटेंट हासिल किया।
1747: बंगाल के अंतिम नवाब सिराजउद्दौला की उनकी शरण में रह रहे एक व्यक्ति मोहम्मद बेग ने निर्ममतापूर्ण हत्या की।
1777: अमरीका के वोरमोंट शहर में दास प्रथा की समाप्ति हुई।
1781: मैसूर के सुल्तान हैदर अली और अंग्रेज सेना में पोर्टो नोवो (अब परांगीपेट्टई) का युद्ध हुआ।
1898: भारत के अल्मोड़ा में जन्मे ब्रिटिश डॉक्टर सर रोनाल्ड रॉस ने आधिकारिक तौर पर यह प्रमाणित करने वाले अपने शोध को अंतिम रूप दिया कि मलेरिया का संक्रमण ‘एनोफिलीज’ (Anopheles) मच्छर के काटने से फैलता है। इस खोज के लिए उन्हें बाद में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
1862: कलकत्ता उच्च न्यायालय का उद्घाटन हुआ।
1911: संयुक्त राज्य अमेरिका ने कोलंबिया के साथ अपने राजनयिक संबंधों को समाप्त करके वहां के वाणिज्य दूतावास को भी बंद कर दिया।
1916: भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग की स्थापना हुई।
1940: ब्रिटिश सरकार ने क्रांतिकारी नेता सुभाषचन्द्र बोस को विद्रोह भड़काने के आरोप में गिरफ्तार कर कलकत्ता भेज दिया।
1954: एयर मार्शल सुब्रतो मुखर्जी ने आधिकारिक तौर पर भारतीय वायुसेना (IAF) के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ (बाद में वायुसेना प्रमुख/Air Chief Staff) का पदभार पूरी तरह संभाला था। उन्हें “फादर ऑफ द इंडियन एयरफोर्स” भी कहा जाता है।
1962: सैम वॉल्टन ने वालमार्ट की शुरुआत की। आज वालमार्ट अमेरिका का सबसे बड़ा रिटेल स्टोर है।
1966: फ्रांस ने मुरूरोआ, प्रशांत महासागर में परमाणु परीक्षण किया।
1976: वियतनाम गणराज्य का अंत हुआ। साम्यवादी उत्तरी वियतनाम ने समाजवादी वियतनाम गणराज्य के साथ जुडने की घोषणा की।
1983: स्वदेश निर्मित परमाणु बिजली केंद्र की पहली इकाई ने मद्रास के निकट कलपक्कम में काम करना शुरू किया।
1985: आंद्रेई ग्रोमिको सोवियत संघ के राष्ट्रपति निर्वाचित।
2002: स्टीव फोसेट ने बैलून के जरिए दुनिया का चक्कर लगाया। ऐसा करने वाले वे पहले शख्स हैं।
2004: छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन को युनेस्को की विश्व धरोहर समिति द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया।
2010: कांगो में टैंकर ट्रक विस्फोट में 230 लोगों की मौत हो गई।
2015: फिलीपींस में 220 यात्रियों से भरी नौका डूबने से 62 लोगों की मौत हुई।
2020: भारतीय रेलवे ने 2.8 किलोमीटर लंबी ट्रेन चलाई, जो भारतीय रेल के इतिहास में अब तक की सबसे लंबी ट्रेन है। इस ट्रेन का नाम शेषनाग दिया गया।
2020: म्यांमार के कचिन राज्य के पाकंत (Hpakant) इलाके में एक जेड खदान में भारी मानसूनी बारिश के कारण भयावह भूस्खलन हुआ था। जिसमें 174 से अधिक खनिकों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
2022: भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने चित्रदुर्ग, कर्नाटक के एयरोनॉटिकल टेस्ट रेंज से ‘ऑटोनॉमस फ्लाइंग विंग टेक्नोलॉजी डिमॉन्स्ट्रेटर’ की पहली सफल मानवरहित उड़ान संचालित की।
2024: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के फुलरई गांव में आयोजित भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत 123 लोगों की मौत 150 लोग घायल हो गए हैं।
2 जुलाई को जन्मे व्यक्ति (Born on 2 July)
1948: आलोक धन्वा – प्रसिद्ध जनकवि।
1954: मोहम्मद अज़ीज़ – भारत के प्रसिद्ध पार्श्वगायक।
1983: सुहास एल.वाई. – भारत के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। 2016 में ने बीजिंग एशियन चैंपियनशिप में पहली बार एसएल-4 (लोअर स्टैंडिंग) में हिस्सा लिया और स्वर्ण पर कब्जा जमाया।
2 जुलाई को हुए निधन (Died on 2 July)
1843: क्रिस्टियान फ्रीडरिष सामुएल हानेमान -होमियोपैथी का अविष्कार करने वाले।
1934: असित भट्टाचार्य – भारत के महान क्रांतिकारी।
1950: यूसुफ़ मेहरअली – स्वतंत्रता सेनानी तथा समाज सुधारक।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



