10 July in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 10 जुलाई वर्ष का 191वां (लीप वर्ष में यह 192वां) दिन है। साल में अभी 174 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 10 जुलाई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 10 जुलाई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
10 जुलाई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 10 July in History)
10 July in History: 1857 की क्रांति से 51 साल पहले भारतीय सैनिकों ने अंग्रेजों के खिलाफ किया था पहला विद्रोह, रातों रात वेल्लोर के किले पर किया था कब्जा
भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम की बात होती है, तो हमें 1857 की क्रांति ही याद आती है, लेकिन 1806 में आज ही के दिन वेल्लोर में भारतीय सिपाहियों ने अंग्रेजों के खिलाफ पहला विद्रोह किया था। वेल्लोर के किले में भारतीय सैनिकों ने करीब 200 अंग्रेज सैनिकों पर हमला किया। किले को अंग्रेजों से मुक्त कराकर टीपू सुल्तान के बेटे को वहां का राजा घोषित कर दिया। इतिहास में इस घटना को वेल्लोर विद्रोह के नाम से जाना जाता है।
इस विद्रोह की वजह अंग्रेजों का नया ड्रेस कोड था। इस ड्रेस कोड में हिन्दू सैनिकों को तिलक लगाने से मना कर दिया गया था, वहीं मुस्लिम सैनिकों को दाढ़ी काटने का हुक्म दिया गया था। साथ ही सैनिकों को एक कलगी लगी हैट भी पहनने का आदेश मिला था।
भारतीय हिन्दू सैनिक तिलक लगाना नहीं छोड़ सकते थे और मुस्लिम सैनिक दाढ़ी नहीं कटा सकते थे। सैनिकों ने अंग्रेजों के इस हुक्म का विरोध किया, लेकिन अंग्रेजों ने विरोध करने वाले सैनिकों पर कोड़े बरसाए और उन्हें सेना से बर्खास्त कर दिया।
अंग्रेजों के इस कदम से सिपाहियों का गुस्सा और बढ़ गया। 9 जुलाई 1806 को टीपू सुल्तान की एक बेटी की शादी वेल्लोर के किले में ही थी। दरअसल 1799 में टीपू सुल्तान का निधन हो गया था और उनका परिवार अब ईस्ट इंडिया कंपनी की पेंशन पर ही चल रहा था। अंग्रेजों ने इस परिवार को वेल्लोर किले का एक हिस्सा रहने के लिए दे रखा था।
इस शादी में विद्रोही सैनिक भी इकट्ठे हुए और फैसला लिया कि किले को अंग्रेजों से मुक्त कराया जाएगा।
इधर शादी खत्म हुई और उधर भारतीय सैनिक अपने प्लान को अंजाम देने में लग गए। सिपाहियों ने अपने अंग्रेज अधिकारियों को सबसे पहले निशाना बनाया।
इसके बाद पूरे किले में सिपाही फैल गए और एक-एक कर सभी अंग्रेजों को मारा जाने लगा। किले के सेनापति जॉन फैनकोर्ट भी मारा गया और सुबह होते-होते किला भारतीय सैनिकों के कब्जे में आ गया। किले पर मैसूर सल्तनत का झंडा फहरा दिया गया और टीपू सुल्तान के बेटे को राजा घोषित कर दिया गया।
वेल्लोर से लगभग 25 किलोमीटर आरकोट में ब्रिटिश सेना का कैंप था। किसी तरह ये खबर आरकोट पहुंच गई। अंग्रेजों ने तुरंत गोला-बारूद के साथ सैनिकों को वेल्लोर किले पर आक्रमण के लिए भेज दिया। ब्रिटिश सेना किले में घुसी और भारतीय सैनिकों का नरसंहार करने लगी। जो दिखा उसे गोली से उड़ा दिया गया। थोड़ी ही देर में सैकड़ों भारतीय सैनिक शहीद हो गए।
1962: दुनिया की पहली कम्युनिकेशन सैटेलाइट की लॉन्चिंग
आज ही के दिन 1962 में नासा ने टेलस्टार-1 सैटेलाइट लॉन्च की थी। ये दुनिया की पहली कम्युनिकेशन सैटेलाइट थी, जो हजारों किलोमीटर दूर तक सिग्नल ट्रांसमिट कर सकती थी। इसके साथ ही ये पहली सैटेलाइट थी जो टीवी सिग्नल ट्रांसमिट कर सकती थी।
इस सैटेलाइट की लॉन्चिंग ने संचार जगत में क्रांति ला दी थी। आज भी टेलस्टार को दुनिया की बाकी सभी कम्युनिकेशन सैटेलाइट की जननी माना जाता है। दरअसल इस सैटेलाइट से पहले भी माइक्रो वेव के जरिए सिग्नल ट्रांसमिट किए जाते थे, लेकिन परेशानी ये थी कि इन सिग्नल को समुद्र के पार नहीं भेजा जा सकता था।
धरती की परिधि की वजह से ये केवल सैटेलाइट के जरिए ही किया जा सकता था। इस सैटेलाइट को अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग एजेंसियों ने मिलकर बनाया था, जिसकी जिम्मेदारी बेल लैब्स के रिसर्चर जॉन पीयर्स के कंधों पर थी।
जॉन ने 77 किलोग्राम वजनी और 3 फीट लंबी इस सैटेलाइट में उस समय का सबसे कॉम्प्लेक्स इलेक्ट्रॉनिक सर्किट लगाया था। इस सर्किट में 1 हजार ट्रांजिस्टर थे जो किसी भी सिग्नल को 10 हजार गुना एम्प्लीफाय कर सकते थे। एक बड़ी फुटबॉल की तरह दिखने वाली इस सैटेलाइट को चलाने के लिए 3600 सोलर सेल लगाए गए थे।
सैटेलाइट एक बार में 600 फोन कॉल्स और एक ब्लैक एंड व्हाइट टीवी सिग्नल को ट्रांसमिट कर सकता था। सैटेलाइट को सिग्नल भेजने और सैटेलाइट से सिग्नल रिसीव करने के लिए अमेरिका और यूरोप में स्टेशन बनाए गए।
आज ही के दिन 1962 में डेल्टा रॉकेट के जरिए सैटेलाइट को पृथ्वी की लो ऑर्बिट में लॉन्च किया गया।
सैटेलाइट करीब ढाई घंटे में पृथ्वी का एक चक्कर लगाता, लेकिन इस ढाई घंटे में से केवल 20 मिनट ही ऐसी पोजिशन में रहता जब अमेरिका और यूरोप के बीच सिग्नल ट्रांसमिट हो सकते थे। सैटेलाइट लॉन्च हो चुकी थी और बढ़िया काम कर रहा था।
दो दिनों बाद अमेरिका के एंडोवर अर्थ स्टेशन से एक सिग्नल ट्रांसमिट किया गया। इसे सैटेलाइट ने बखूबी ट्रांसमिट किया और इस सिग्नल को ब्रिटनी फ्रांस के टेलीकॉम सेंटर ने कैच कर लिया। ये अटलांटिक महासागर के पार पहली बार सिग्नल ट्रांसमिशन था।
हालांकि ये सैटेलाइट केवल कुछ महीनों तक ही काम कर सका और रेडिएशन की वजह से इसके सर्किट ने काम करना बंद कर दिया, लेकिन इस सैटेलाइट ने संचार जगत में क्रांति को जन्म दे दिया था।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 10 जुलाई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1190: तीसरे धर्मयुद्ध के दौरान रोम के सम्राट फेडरिक बार्बेरोजा की मौत हो गई थी।
1246: नसिरुद्दीन मुहम्मद शाह दिल्ली की गद्दी पर आसीन हुआ।
1553: मात्र 15 साल की उम्र में लेडी जेन ग्रे इंग्लैंड की रानी बनीं। हालांकि वे केवल 9 दिन तक ही इस पद रहीं इसलिए उन्हें 9 दिन की रानी के नाम से भी जाना जाता है।
1652: इंग्लैंड ने नीदरलैंड के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1800: भारत में ब्रिटिश सरकार ने फोर्ट विलियम कॉलेज की स्थापना की।
1848: न्यूयॉर्क और शिकागो के बीच पहला टेलीग्राफ लिंक शुरू हुआ।
1884: दुनिया के सबसे पुराने टेनिस टूर्नामेंट ‘विंबलडन’ के इतिहास में पहली बार महिला मैचों की शुरुआत हुई थी। इस पहले ऐतिहासिक महिला टूर्नामेंट की विजेता मॉड वॉटसन बनी थीं।
1907: फ्रांस और जापान के बीच चीन की स्वतंत्रता और अखंडता को बरकरार रखने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किये गये।
1924: डेनमार्क ने ग्रीनलैंड पर कब्जा जमाया।
1925: सोवियत संघ के आधिकारिक समाचार एजेंसी के तौर पर टीएएसएस की शुरुआत हुई।
1931: नार्वे ने पूर्वी ग्रीनलैंड पर कब्जा किया।
1938: होवर्ड ह्यूज ने लॉकहीड-14 के जरिए 91 घंटे में पूरी दुनिया का चक्कर लगाकर रिकॉर्ड बनाया।
1940: दो महीने के युद्ध के बाद नार्वे ने जर्मनी के सामने आत्मसमर्पण किया।
1940: इटली ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान फ्रांस और ब्रिटेन के खिलाफ लड़ाई की घोषणा की।
1940: कनाडा ने इटली के खिलाफ लड़ाई की घोषणा की।
1943: अमेरिका, ब्रिटिश और कनाडाई सेना ने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान सिसली द्वीप पर हमला किया।
1944: द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी की सेना ने यूनान के 218 लोगों की हत्या की।
1946: राजशाही खत्म होने के बाद इटली गणतांत्रिक राष्ट्र बना।
1947: मुहम्मद अली जिन्नाह को ब्रिटिश प्रधानमन्त्री क्लेमेंट अटली ने पाकिस्तान के पहले गवर्नर जनरल के रूप में बनाये जाने की सिफारिश की।
1947: चीन के कैंटोन क्षेत्र में नदी में रेलगाडी गिरने से 200 लोगों की मौत हुई।
1965: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महिलाओं के पहले एनसीसी कॉलेज की शुरुआत हुई।
1973: पाकिस्तान की नेशनल एसेंबली ने बांग्लादेश को स्वतंत्र देश स्वीकारने वाला प्रस्ताव पास किया।
1983: ब्रिटेन में मार्गरेट थैचर पुन: प्रधानमंत्री बनीं।
1986: भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर पहली बार लॉर्ड्स में टेस्ट मैच जीता था।
1991: सोवियत संघ के टूटने के बाद बोरिस येत्सिन रूस के पहले राष्ट्रपति बने।
1994: नेपाल के प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला ने इस्तीफा दिया।
1995: म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक असंतुष्ट एवं नजरबंद नेता आंग सान सूकी लगभग 6 साल के बाद नजरबंदी से मुक्त की गईं।
1997: फिजी में नये संविधान की मंजूरी के साथ भारतीय समुदाय को राजनीतिक अधिकार मिला।
2001: श्रीलंका की संसद को राष्ट्रपति चंद्रिका कुमारतुंग ने में निलंबित किया।
2002: पाकिस्तान ने विश्व की दूसरी सबसे ऊँची चोटी के-2 का नाम बदलकर ‘चोगोरी’ अथवा ‘शाहगोरी’ कर दिया।
2006: पाकिस्तान के मुल्तान में हुए विमान दुर्घटना में 45 लोगों की मौत हुई।
2008: 54वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार में ‘लगे रहो मुन्नाभाई’ को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फ़िल्म का पुरस्कार प्रदान किया गया।
2017: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बटेंगू के पास अमरनाथ यात्रियों की बस पर आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें गुजरात के सात तीर्थयात्री मारे गए थे और 19 लोग घायल हुए।
2019: वॉक्सवैगन ने अपने 81 साल पुराने पहले कार मॉडल ‘बीटल’ का प्रोडक्शन बंद करने की घोषणा की।
2020: आज ही के दिन तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन ने हागिया सोफिया चर्च को मस्जिद में बदला था।
2023: पिछले तीन दिनों की मूसलाधार बारिश और लैंडस्लाइड के कारण राज्य में 17 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी और चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 700 से अधिक संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद थे।
2024: सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए यह स्पष्ट व्यवस्था दी कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125 के तहत मुस्लिम तलाकशुदा महिलाएं भी अपने पति से गुजारा भत्ता पाने की हकदार हैं।
10 जुलाई को जन्मे प्रमुख व्यक्ति (Born on 10 July)
1856: निकोला टेस्ला- वाई-फाई के जनक अमेरिकी सरर्बियाई आविष्कारक।
1890: गोपीनाथ बोरदोलोई- भारत के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और असम के प्रथम मुख्यमंत्री।
1906: दामोदर मेनन- भारत के प्रमुख स्वतन्त्रता सेनानी।
1921: शिवदीन राम जोशी – जाने-माने कवि।
1921: असद भोपाली- गीतकार और शायर।
1931: एम. एस. गोपालकृष्णन- भारत के प्रसिद्ध वायलिन वादक।
1934: रजनीकांत अरोल- पद्म भूषण से सम्मानित भारतीय समाज सेवी।
1949: सुनील गावस्कर- भारत के महान बल्लेबाज का।
1950: परवीन सुल्ताना- भारत की प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका।
1951: राजनाथ सिंह- केंदीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री।
1955: प्रकाश पादुकोण- सुप्रसिद्ध भूतपूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी।
1956: आलोक नाथ- भारतीय फ़िल्म अभिनेता।
1958: अनूप सेठी- साहित्यकार एवं जनसेवक। हिमाचल मित्र पत्रिका के सलाहकार संपादक।
1973: रूपकुमार राठौर- हिन्दी फिल्मो के गायक।
1981: देवेन्द्र झाझरिया– भारत के एथली।
10 जुलाई को हुए प्रमुख निधन (Died on 10 July)
1957: भाई वीर सिंह- आधुनिक पंजाबी काव्य और गद्य के प्रसिद्ध कवि।
1971: भिखारी ठाकुर- भोजपुरी के समर्थ लोक कलाकार।
1987: जीवन- हिन्दी फ़िल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता।
2014: ज़ोहरा सहगल- प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं रंगमंच कलाकार।
10 जुलाई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव (Important events and festivities of 10 July)
राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस (National Fish Farmers Day): 10 जुलाई 1957 को ओडिशा के अंगुल में प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. हीरालाल चौधरी और उनके सहयोगी डॉ. के. एच. अलीकुन्ही ने भारतीय ‘मेजर कार्प’ मछलियों में सफल ‘प्रेरित प्रजनन’ तकनीक का पहला सफल प्रदर्शन किया था। इसी क्रांतिकारी वैज्ञानिक खोज की याद में भारत सरकार ने 2001 से हर साल 10 जुलाई को यह दिवस मनाने की शुरुआत की। इसी दिन राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (NFDB) का स्थापना दिवस भी मनाया जाता है।
वैश्विक ऊर्जा स्वतंत्रता दिवस: हर साल 10 जुलाई को वैश्विक ऊर्जा स्वतंत्रता दिवस (Global Energy Independence Day) मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य जीवाश्म ईंधन (जैसे कोयला और तेल) पर निर्भरता को कम करना और सौर, पवन, तथा जल जैसी नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना है। इस दिवस की शुरुआत 2006 में हुई थी। इसे महान आविष्कारक निकोला टेस्ला के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 10 जुलाई को चुना गया था।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |

