14 मई: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 14 मई वर्ष का 134वां (लीप वर्ष में यह 135वां) दिन है। साल में अभी 231 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 14 मई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 14 मई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
14 मई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 14 May in History)
1948: इजराइल बना दुनिया का इकलौता यहूदी देश, बनने के 24 घंटे के भीतर ही लड़नी पड़ी थी पहली जंग
इजराइल एक ऐसा देश जिसने दुश्मनों से घिरे होने के बाद भी उनकी नाक में दम कर रखा है। क्षेत्रफल में भारत के केरल से भी छोटा ये देश आज हर मामले में दुनिया के बड़े-बड़े देशों से आगे है। इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के नाम से ही दुश्मनों के पसीने छूट जाते हैं। आज ही के दिन यानी 14 मई 1948 में इजराइल ने खुद को आजाद राष्ट्र घोषित किया था।
आज दुनिया के नक्शे में इजराइल जिस आकार में है इसके पीछे सालों पुराना इतिहास है। कभी इजराइल की जगह तुर्की का ओटोमान साम्राज्य हुआ करता था। प्रथम विश्वयुद्ध में तुर्की की हार के बाद इस इलाके में ब्रिटेन का कब्जा हो गया। ब्रिटेन उस समय एक बड़ी शक्ति था और दूसरे विश्वयुद्ध तक ये इलाका ब्रिटेन के कब्जे में ही रहा। दूसरे विश्वयुद्ध में अमेरिका और सोवियत संघ दो नई ताकत बनकर उभरे। ब्रिटेन को इस युद्ध में काफी नुकसान उठाना पड़ा। 1945 में ब्रिटेन ने इस इलाके को यूनाइटेड नेशन को सौंप दिया।
1947 में यूनाइटेड नेशन ने इस इलाके को दो हिस्सों में बांट दिया। एक अरब राज्य और एक इजराइल। यरुशलम शहर को अंतरराष्ट्रीय सरकार के प्रबंधन के अंतर्गत रखा गया। अगले ही साल इजराइल ने अपनी आजादी का ऐलान किया। इसी के साथ आज ही के दिन 1948 में दुनिया के एक शक्तिशाली देश का गठन हुआ।
इजराइल ने जैसे ही अपनी आजादी का ऐलान किया, इसके महज 24 घंटे के अंदर ही अरब देशों की संयुक्त सेनाओं ने उस पर हमला कर दिया। इजराइल के लिए ये लड़ाई कठिन जरूर थी, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। करीब अगले एक साल तक ये लड़ाई चलती रही। नतीजा ये हुआ कि अरब देशों की सेनाओं की हार हुई।
युद्ध समाप्त होने के साथ ही इजराइल की 120 सदस्यीय संसद के लिए 25 जनवरी 1949 को पहला चुनाव हुआ, जिसमें यहां के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और डेविड बेन गुरियन देश के पहले प्रधानमंत्री चुने गए। इस वक्त दुनिया की कुल यहूदी आबादी के 40% से ज्यादा लोग इजराइल में रहते हैं। इजराइल दुनिया का अकेला यहूदी देश है।
1955: वारसा की संधि
1945 में दूसरा विश्वयुद्ध के खत्म होने के बाद सोवियत संघ और अमेरिका दो नई ताकतें दुनिया के सामने थीं। इन दोनों के बीच शीतयुद्ध शुरू हो गया था। दोनों ही देश अपने आप को शक्तिशाली साबित करना चाहते थे। इसके लिए दोनों ने लॉबी बनाना शुरू कर दिया। 1948 में सोवियत संघ ने पूर्वी यूरोप से अपनी सेनाएं हटाने से इनकार कर दिया और बर्लिन की नाकेबंदी कर दी।
सोवियत संघ के इस कदम से अमेरिका सहित यूरोप के देशों को झटका लगा और उन्होंने सोवियत संघ को रोकने के लिए एक संगठन बनाने की पहल की। इसमें अमेरिका, फ्रांस और UK समेत कई देश शामिल थे। आज ये संगठन NATO के नाम से जाना जाता है।
सोवियत संघ ने जब देखा कि उसके खिलाफ देश संगठित हो रहे हैं तो उसने भी ऐसा ही संगठन बनाने की ठानी। पूर्वी यूरोप के कुछ देशों को साथ लेकर सोवियत संघ ने आज ही के दिन यानि 14 मई 1955 में वारसा की संधि की। अमेरिका के NATO के जवाब में ये सोवियत संघ का अपना संगठन था।
सोवियत संघ के अलावा इसमें 7 अन्य देश शामिल थे। संधि में कहा गया था कि संगठन के किसी भी देश पर हमला होने की स्थिति में बाकी देश उसकी मदद करेंगे। इस दौरान NATO और सोवियत संघ के देशों में शीतयुद्ध चलता रहा। 25 फरवरी 1991 के दिन हंगरी में हुई एक बैठक में इस संधि को समाप्त कर दिया गया।
1984: फेसबुक के जनक का जन्म
4 फरवरी 2004 को हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के एक स्टूडेंट ने एक वेबसाइट लॉन्च की। इसके पीछे उसका मकसद था कि यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स आपस में एक-दूसरे से जुड़ें। ये आइडिया चल निकला। अगले ही दिन उस साइट पर एक हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने रजिस्टर किया। ये तो बस शुरुआत थी। आज उस वेबसाइट पर 2 अरब से भी ज्यादा यूजर्स हैं। उस स्टूडेंट का नाम था- मार्क जुकरबर्ग, जिनका आज जन्मदिन है।
अगले 4 महीनों में फेसबुक पर ढाई लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने रजिस्टर किया। नतीजा ये हुआ कि फेसबुक को संभालने के लिए मार्क जुकरबर्ग को यूनिवर्सिटी की पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। उसी साल के अंत तक फेसबुक पर एक्टिव यूजर्स का आंकड़ा 10 लाख को पार कर गया।
2006 में फेसबुक को 13 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों के लिए ओपन किया गया। इसके बाद तो फेसबुक ने रॉकेट की रफ्तार से तरक्की की। 2012 में फेसबुक दुनिया की पहली सोशल मीडिया साइट बनी जिस पर एक्टिव यूजर्स की संख्या 1 करोड़ को पार कर गई। आज फेसबुक दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया साइट है और मार्क जुकरबर्ग के 5वें सबसे अमीर इंसान।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 14 मई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1607: उत्तरी अमेरिका में अंग्रेजों ने अपना पहला स्थायी अड्डा स्थापित किया, जिसे जेम्स टाउन (वर्जीनिया) नाम दिया गया।
1610: फ्रांस में हेनरी IV की हत्या और लुईस XIII फ्रांस की गद्दी पर बैठा।
1702: नीदरलैंड और इंग्लैंड ने स्पेन और फ्रांस के खिलाफ़ युद्ध की घोषणा की।
1796: एडवर्ड जेनर ने आज ही के दिन पहली बार चेचक (Smallpox) के टीके का सफल परीक्षण किया था।
1811: पराग्वे स्पेन की पराधीनता से मुक्त हुआ।
1878: रॉबर्ट ए. चेसब्राफ ने ‘वैसलीन’ (Vaseline) नाम का पेटेंट कराया।
1879: थॉमस एडिसन यूरोप की एडिसन टेलीफोन कंपनी से जुड़े।
1908: पहली बार किसी व्यक्ति ने हवाई जहाज में उड़ान भरी।
1941: 36,000 परशियन यहूदी को गिरफ्तार किया गया।
1944: ब्रिटिश सैनिकों ने कोहिमा पर कब्जा किया।
1948: इजराइल ने ब्रिटेन से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की। डेविड बेन-गुरियन इसके पहले प्रधानमंत्री बने।
1963: कुवैत संयुक्त राष्ट्र का 111 वां सदस्य बना।
1973: अमेरिका के पहले स्पेस स्टेशन स्कायलैब को लॉन्च किया गया।
1973: अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने सेना में महिलाओं के समान अधिकार को मंजूरी दी।
1981: नासा ने स्पेश व्हिकल S-192 लांच किया।
1991: दक्षिण अफ्रीकी नेता नेल्सन मंडेला की पत्नी विनी मंडेला को चार युवकों के अपहरण के मामले में 6 साल की सजा सुनाई गई।
1992: भारत सरकार ने श्रीलंकाई विद्रोही संगठन लिट्टे (LTTE) पर प्रतिबंध लगाया।
2006: पूर्व कम्यूनिस्ट नेता गिओर्गिओ नैपोलितानों इटली के नये राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित।
2007: जापान ने अपने शांतिवादी संविधान में संशोधन सम्बन्धी विधेयक को मंजूरी दी।
2008: टाइम्स एनआईई ने इंटरनेशनल न्यूजपेपर मार्केटिंग एसोसियेशन (इनमा) अवार्ड-2008 जीता।
2010: भारत-रूस के बीच रक्षा, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, हाइड्रोकार्बन, व्यापार एवं निवेश आदि में 22 समझोते हुए।
2013: ब्राजील समलैंगिक विवाह को मान्यता देने वाला 15वां देश बना।
2023: भारतीय नौसेना ने अपने फ्रंटलाइन गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर INS मोरमुगाओ (INS Mormugao) से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
2023: अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘मोचा’ म्यांमार के तट से टकराया, जिससे सितवे (Sittwe) के पास भारी तबाही हुई। आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, म्यांमार में 145 लोगों की जान गई, जिनमें बड़ी संख्या में विस्थापित लोग शामिल थे।
2024: भारत की प्रसिद्ध कृतियों— रामचरितमानस, पंचतंत्र और सहृदयालोक-लोचन को यूनेस्को की ‘मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड एशिया-पैसिफिक रीजनल रजिस्टर’ में शामिल किया गया।
2025: जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई ने भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश (CJI) के रूप में शपथ ली। वे इस पद पर पहुंचने वाले देश के पहले बौद्ध न्यायाधीश बने। उन्होंने जस्टिस संजीव खन्ना का स्थान लिया।
14 मई को जन्मे व्यक्ति (Born on 14 May)
1657: शम्भाजी – शिवाजी के ज्येष्ठ पुत्र और उत्तराधिकारी थे, जिसने 1680 से 1689 ई. तक राज्य किया। अपनी मृत्यु के समय शिवाजी ने उसे पन्हाला के क़िले में क़ैद कर रखा था। शम्भुजी में अपने पिता की कर्मठता और दृढ़ संकल्प का अभाव था। वह विलास-प्रेमी था, किन्तु उसमें शौर्य की कमी न थी। 4 अप्रैल, 1680 ई. को शिवाजी की मृत्योपरान्त उनकी पत्नी सूर्याबाई ने अपने दस वर्षीय पुत्र राजाराम का अप्रैल, 1680 ई. में रायगढ़ महाराष्ट्र में राज्याभिषेक कर दिया, किन्तु शम्भुजी ने मराठा सेनापति हमीरराव मोहिते को अपने पक्ष में करके आक्रमण कर दिया। उसने सूर्याबाई एवं राजाराम को क़ैद कर लिया और रायगढ़ पर अधिकार करके 30 जुलाई, 1680 ई. को अपना राज्याभिषेक करवाया।
1892: अरुण चन्द्र गुहा – भारत के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और राजनीतिक कार्यकर्ता थे। क़ानूनी शिक्षा प्राप्त करने के दौरान ही वह क्रांतिकारी गतिविधियों में सक्रिय हो गए थे। रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानन्द के विचारों से अरुण चन्द्र बहुत प्रभावित थे। भारत की आज़ादी के बाद अरुण चन्द्र गुहा संविधान परिषद के सदस्य भी चुने गए थे। वे तीन बार वर्ष 1952, 1957 और 1962 में लोकसभा के लिए भी निर्वाचित हुए।
1923: मृणाल सेन– भारतीय फ़िल्मों के प्रसिद्ध निर्माता व निर्देशक। इनकी अधिकतर फ़िल्में बांग्ला भाषा में हैं। बंगाली, उड़िया, तेलुगु और हिंदी फ़िल्मों में समान रूप से सक्रिय रहे मृणाल सेन भारत में समानांतार सिनेमा आंदोलन के अग्रणी माने जाते हैं।
14 मई को हुए निधन (Died on 14 May)
1978: जगदीशचन्द्र माथुर – प्रसिद्ध नाटककार।
2010: वृंदा करंदीकर – ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित मराठी कवि।
2011: चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत– भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक बाबा टिकैत यानी चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के जीवन का सफर कांटों भरा था। 1935 में मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव में जन्मे चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत का पूरा जीवन ग्रामीणों को संगठित करने में बीता। भारतीय किसान यूनियन के गठन के साथ ही 1986 से उनका लगातार प्रयास रहा कि यह अराजनीतिक संगठन बना रहे। बाबा टिकैत के नेतृत्व में कई आंदोलन हुए लेकिन एक आंदोलन ऐसा भी था, जिसे देख मौजूदा केंद्र सरकार तक कांप गई थी। 1988 के दौर की बात है नई दिल्ली वोट क्लब में 25 अक्तूबर, 1988 को बड़ी किसान पंचायत हुई। इस पंचायत में 14 राज्यों के किसान आए थे। करीब पांच लाख किसानों ने विजय चौक से लेकर इंडिया गेट तक कब्जा कर लिया था। टिकैत ने दिल्ली को ठप कर दिया था। उस वक्त केंद्र में राजीव गांधी की सरकार थी, उन्हें किसानों के आगे झुकना ही पड़ा था।
1943: अल्ला बख़्श – स्वतंत्रता सेनानी एवं राजनेता थे। वह सिन्ध के सबसे श्रेष्ठ राज्य-प्रमुखों में गिने जाते हैं। उन्हें शहीद के रूप में याद किया जाता है। वे सिंध प्रांत के दो बार मुख्यमंत्री और ईत्तेहाद पार्टी के सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता थे।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



