21 मई: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 21 मई वर्ष का 141वां (लीप वर्ष में यह 142वां) दिन है। साल में अभी 224 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 21 मई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 21 मई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
21 मई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 21 May in History)
1991: लिट्टे की महिला आतंकी ने आत्मघाती हमले में राजीव गांधी की हत्या की, हार पहनाने, पैर छूने के बहाने पास पहुंची थी
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 21 मई 1991 को आत्मघाती हमले में हत्या हुई थी। उन्होंने अपने कार्यकाल में श्रीलंका में शांति सेना भेजी थी। इस वजह से तमिल विद्रोही संगठन लिट्टे यानी लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम उनसे नाराज चल रहा था। 1991 में जब लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार करने राजीव गांधी चेन्नई के पास श्रीपेरम्बदूर गए तो वहां लिट्टे ने राजीव पर आत्मघाती हमला करवाया।
राजीव को फूलों का हार पहनाने के बहाने लिट्टे की महिला आतंकी धनु (तेनमोजि राजरत्नम) आगे बढ़ी। उसने राजीव के पैर छूए और झुकते हुए कमर पर बंधे विस्फोटकों में ब्लास्ट कर दिया। धमाका इतना जबर्दस्त था कि कई लोगों के चीथड़े उड़ गए। राजीव और हमलावर धनु समेत 16 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 45 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाती और इंदिरा गांधी के बड़े बेटे राजीव ने ब्रिटेन से कॉलेज की पढ़ाई की थी। 1966 में वे कॉमर्शियल पायलट बने। राजनीति में आना नहीं चाहते थे, इसलिए 1980 तक इंडियन एयरलाइंस के पायलट बने रहे। उस समय राजीव के छोटे भाई संजय गांधी जरूर राजनीति में सक्रिय थे। 1980 में विमान हादसे में संजय की मौत के बाद राजीव राजनीति में आए। उन्होंने संजय गांधी की अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीते।
देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री: 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने। लोकसभा चुनावों में कांग्रेस तीन-चौथाई सीटें जीतने में कामयाब रही थी। उस समय कांग्रेस ने 533 में से 414 सीटें जीतीं। राजीव जब प्रधानमंत्री बने, तब उनकी उम्र महज 40 साल थी। वे देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने अपने कार्यकाल में स्कूलों में कंप्यूटर लगाने की व्यापक योजना बनाई। जवाहर नवोदय विद्यालय स्थापित किए। गांव-गांव तक टेलीफोन पहुंचाने के लिए पीसीओ कार्यक्रम शुरू किया। इस दौरान भ्रष्टाचार के आरोप भी उन पर लगे।
सिख दंगे, भोपाल गैस कांड, शाहबानो केस, बोफोर्स कांड, काला धन और श्रीलंका नीति को लेकर राजीव सरकार की आलोचना हुई। लिहाजा अगले चुनाव में कांग्रेस की हार हुई और वीपी सिंह की सरकार बनी। 1990 में ये सरकार गिर गई और कांग्रेस के समर्थन से चंद्रशेखर की सरकार बनी। 1991 में यह सरकार भी गिर गई और चुनाव का ऐलान हुआ। इन्हीं चुनावों के लिए प्रचार करने राजीव तमिलनाडु गए थे। जहां उनकी हत्या कर दी गई।
राजीव के हत्यारों की रिहाई की अंतहीन कोशिशें
अदालतों में राजीव गांधी की हत्या के मामले ने लंबा सफर तय किया है। ट्रायल कोर्ट ने साजिश में शामिल 26 दोषियों को मृत्युदंड दिया था। पर मई 1999 में सुप्रीम कोर्ट ने 19 लोगों को बरी कर दिया। सात में से चार आरोपियों (नलिनी, मुरुगन उर्फ श्रीहरन, संथन और पेरारिवलन) को मृत्युदंड सुनाया और बाकी (रविचंद्रन, रॉबर्ट पायस और जयकुमार) को उम्रकैद। चारों दोषियों की दया याचिका पर तमिलनाडु के राज्यपाल ने नलिनी की मृत्युदंड को उम्रकैद में बदला। पर बाकी आरोपियों की दया याचिका को 2011 में राष्ट्रपति ने ठुकरा दिया।
खैर, फरवरी 2014 में सुप्रीम कोर्ट ने मृत्युदंड में देरी के आधार पर तीनों आरोपियों की फांसी की सजा भी उम्रकैद में बदल दी। साथ ही तमिलनाडु की सरकार को अच्छे आचरण के आधार पर 14 साल बाद उन्हें रिहा करने की छूट दी। पर जब राज्य सरकार ने ऐसा किया तो कोर्ट ने ही उस पर रोक भी लगा दी। तब से केंद्र और राज्य में इसे लेकर लेटरबाजी हो रही है। सितंबर 2018 में तमिलनाडु की स्टेट कैबिनेट ने सातों आरोपियों को रिहा करने का संकल्प दोहराया। पर राज्यपाल ने अब तक उस पर अपनी सहमति नहीं दी है।
1994: सुष्मिता ने जीता था मिस यूनिवर्स का ताज
सुष्मिता सेन ने 21 मई 1994 को मनीला में आयोजित प्रतियोगिता में मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया था। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला थीं। मिस यूनिवर्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए सुष्मिता का मुकाबला ऐश्वर्या राय से हुआ था, जो उसी साल मिस वर्ल्ड बनी थीं।
सुष्मिता जब मिस यूनिवर्स के मुकाबले में पहुंचीं तो उनके दो जवाबों ने जीतने में उनकी मदद की। उनसे पूछा गया- आपके पास पैसा और वक्त होगा तो आप क्या एडवेंचर करना चाहेंगी? इस पर सुष्मिता का जवाब था- दुनिया में बेस्ट एडवेंचर बच्चे होते हैं। मेरे पास वक्त और पैसा होगा तो मैं बच्चों के लिए कुछ करना चाहूंगी। उनके साथ समय बिताना चाहूंगी।
इसके बाद पूछा गया था- आपके लिए महिला होने का मतलब क्या है? इस पर सुष्मिता ने कहा था- महिला होना भगवान का दिया तोहफा है। बच्चे की उत्पत्ति उसकी मां से होती है, जो एक महिला है। महिलाएं पुरुषों के साथ अपने प्यार को साझा करती हैं और उन्हें भी प्यार, देखभाल और शेयरिंग करना सिखाती हैं।
1904 में फीफा की स्थापना हुई
फीफा की स्थापना 21 मई 1904 को सात नेशनल एसोसिएशंस- बेल्जियम, डेनमार्क, फ्रांस, नीदरलैंड्स, स्पेन, स्वीडन और स्विट्जरलैंड ने मिलकर की थी। मकसद था एसोसिएशन फुटबॉल को बढ़ावा देना। आज फेडरेशन इंटरनेशनल डी फुटबॉल एसोसिएशन (FIFA) के 209 सदस्य हैं और यह दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित खेल संगठनों में से एक है। फ्रेंच जर्नलिस्ट रॉबर्ट गुएरिन ने सात अन्य लोगों के साथ फीफा की स्थापना की थी।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 21 मई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1502: पुर्तगाल के जोआओ दा नोवा ने दक्षिण अटलांटिक महासागर में सेंट हेलेना द्वीप की खोज की।
1840: न्यूजीलैंड ब्रिटिश कॉलनी का हिस्सा बना।
1851: दक्षिण अमेरिका के कोलंबिया में गुलामी प्रथा समाप्त हुई।
1904: पेरिस में फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) की स्थापना हुई।
1918: अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने महिलाओं को मतदान की अनुमति दी।
1929: भारत की पहली कमर्शियल एयर कार्गो (मालवाहक विमान) सेवा की शुरुआत तत्कालीन कलकत्ता (अब कोलकाता) और बागडोगरा के बीच हुई थी।
1932: अमेरिकी महिला पायलट अमेलिया ईयरहार्ट ने अकेले विमान उड़ाकर बिना रुके अटलांटिक महासागर पार किया। ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली महिला बनीं।
1935: क्वेटा शहर (अब पाकिस्तान में) आए भूकंप में बड़ी तबाही। 30 हजार से अधिक लोगों की मौत।
1996: नई दिल्ली में ब्लास्ट में 25 लोगों की मौत। कश्मीर अलगाववादियों ने ली जिम्मेदारी।
1997: जबलपुर के पास एपिसेंटर वाला भूकंप, 27 की मौत।
1981: पियरे मोरो फ़्रांस के प्रधानमंत्री नियुक्त।
1994: दक्षिणी यमन द्वारा उत्तरी यमन से अलग होने की घोषणा।
1996: प्रसिद्ध शीतल पेय कम्पनी पेप्सी ने विश्व में पहली बार अंतरिक्ष में विज्ञापन फ़िल्म बनाने की घोषणा की।
1998: 32 वर्षों तक लगातार इंडोनेशिया पर शासन करने वाले राष्ट्रपति सुहार्तों का त्यागपत्र।
2002: बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति एच.एम. इरशाद को 6 महीने कारावास की सज़ा।
2003: विश्व के 190 से भी अधिक देशों ने तम्बाकू के ख़िलाफ़ अंतर्राष्ट्रीय संधि को जिनेवा में मंजूरी दी।
2010: उड़ीसा तट पर बंगाल की खाड़ी में भारतीय सेना के जंगी जहाज़ रणवीर से भारतीय नौसेना ने सुपरसोनिक ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल के उर्ध्वाधर प्रक्षेपण संस्करण का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।
2010: दार्जिलिंग में ‘अखिल भारतीय गोरखा लीग’ के अध्यक्ष मदन तमांग की हत्या कर दी गई।
2010: दुबई से मंगलौर आ रहे एयर इंडिया के विमान IX-182 के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 166 में से 158 यात्री मारे गए।
2012: इटली में आए भूकंप में 27 लोगों की मौत हो गई।
2020: दशक के सबसे विनाशकारी समुद्री तूफान अम्फान की वजह से पश्चिम बंगाल में 77 लोगों की मौत।
2025 मिजोरम बना देश का पहला पूर्ण साक्षर राज्य: मिजोरम ने एक बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए खुद को भारत का पहला ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ घोषित किया, जो भारतीय शिक्षा के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ।
21 मई को जन्मे व्यक्ति (Born on 21 May)
1931: शरद जोशी – भारत के प्रसिद्ध व्यंग्य रचनाकार।
1960: मोहनलाल विश्वनाथ नायर – अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिलब्ध भारतीय फिल्म अभिनेता और निर्माता हैं, जो मलयालम सिनेमा का सब सबसे बड़ा नाम है।
1971: आदित्य चोपड़ा – हिन्दी फ़िल्मों के एक निर्देशक।
21 मई को हुए निधन (Died on 21 May)
1960: गामा पहलवान – ‘रुस्तम-ए-जहाँ’ खिताब से नवाजे गए अजेय भारतीय पहलवान। उन्होंने अपने 52 साल से लंबे करियर में एक भी कुश्ती नहीं हारी और ‘अजेय’ रहे।
1979: जानकी देवी बजाज – जानकी देवी बजाज एक भारतीय स्वतंत्र कार्यकर्ता थीं, जिन्हें 1932 में सविनय अवज्ञा आंदोलन में भाग लेने पर जेल में बंद किया था। साल 1956 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। 1965 में उन्होंने अपनी आत्मकथा मेरी जीवन यात्रा प्रकाशित की थी।
1991: राजीव गांधी – 1984-1989 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे।
2021: सुन्दरलाल बहुगुणा – ‘चिपको आंदोलन’ के प्रणेता और दुनिया भर में मशहूर पर्यावरणविद्। सुंदरलाल बहुगुणा का कोरोना संक्रमण के कारण ऋषिकेश में निधन हुआ था। उन्होने हिमालय के पर्वतीय क्षेत्रों में वनों के संरक्षण के लिए लंबा संघर्ष किया।
21 मई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव (Important events and festivities of 21 May)
आतंकवाद विरोधी दिवस (National Anti-Terrorism Day)
प्रत्येक वर्ष 21 मई को भारत राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस का आयोजन किया जाता है, जो दिवंगत पूर्व प्रधान मंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता हैं, जिनकी आतंकवादी हमले में हत्या कर दी गई थी। यह महत्वपूर्ण दिन न केवल उनकी पुण्यतिथि के रूप में मनाया जाता है बल्कि आतंकवाद का मुकाबला करने और वैश्विक शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए एक अनुस्मारक के रूप में भी कार्य करता है।
अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस (International Tea Day)
प्रत्येक वर्ष 21 मई को मनाया जाता है। पहले यह दिवस विश्वभर में हर साल 15 दिसंबर को विभिन्न चाय उत्पादक देशों द्वारा मनाया जाता था। भारत की सिफारिश पर अब संयुक्त राष्ट्र ने 21 मई को अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस घोषित कर दिया है। दरअसल अधिकतर चाय उत्पादक देशों में गुणवत्तापूर्ण चाय उत्पादन का सीजन मई में ही शुरू होता है।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



