25 मई: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 25 मई वर्ष का 145वां (लीप वर्ष में यह 146वां) दिन है। साल में अभी 220 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 25 मई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 25 मई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
25 मई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 25 May in History)
2013: आज ही के दिन हुआ था झीरम घाटी हमला, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई बड़े नेताओं की गई थी जान
साल 2013…छत्तीसगढ़ में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने थे। पिछले 2 चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी और रमन सिंह मुख्यमंत्री थे। 10 सालों से सत्ता से दूर कांग्रेस इस बार जीतने के लिए पूरा जोर लगा रही थी। इसी कड़ी में कांग्रेस ने पूरे राज्य में परिवर्तन यात्रा निकालने की तैयारी की। 25 मई के दिन कांग्रेस ने सुकमा में परिवर्तन रैली आयोजित की।
रैली खत्म होने के बाद कांग्रेस नेताओं का काफिला सुकमा से जगदलपुर जा रहा था। काफिले में करीब 25 गाड़ियां थीं जिनमें 200 नेता सवार थे। सबसे आगे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल और कवासी लखमा अपने-अपने सुरक्षा गार्ड्स के साथ थे। इनके पीछे महेन्द्र कर्मा और मलकीत सिंह गैदू की गाड़ी थी। इस गाड़ी के पीछे बस्तर के तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी उदय मुदलियार कुछ अन्य नेताओं के साथ चल रहे थे। देखा जाए तो छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सभी टॉप नेता इस काफिले में शामिल थे।
शाम करीब 4 बजे काफिला झीरम घाटी से गुजर रहा था। यहीं पर नक्सलियों ने पेड़ों को गिराकर रास्ता बंद कर दिया। गाड़ियां रुकीं और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, पेड़ों के पीछे छिपे 200 से ज्यादा नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों ने सभी गाड़ियों को निशाना बनाया। नंदकुमार पटेल और उनके बेटे दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक फायरिंग होती रही।
शाम के करीब साढ़े 5 बजे नक्सली पहाड़ों से उतर आए और एक-एक गाड़ी चेक करने लगे। जो लोग गोलीबारी में मारे जा चुके थे उन्हें फिर से गोली और चाकू मारे गए ताकि कोई भी जिंदा न बचे। जो लोग जिंदा थे उन्हें बंधक बनाया जा रहा था। इसी बीच एक गाड़ी से महेन्द्र कर्मा नीचे उतरे और कहा कि ‘मुझे बंधक बना लो, बाकियों को छोड़ दो’। नक्सलियों ने महेंद्र कर्मा की थोड़ी दूर ले जाकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमले में 30 से भी ज्यादा लोगों की मौत हुई। इसमें अजीत जोगी को छोड़कर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के उस वक्त के अधिकांश बड़े नेता और सुरक्षा बल के जवान शहीद हुए।
इस हमले का मुख्य टारगेट बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा थे। ‘सलवा जुडूम’ का नेतृत्व करने की वजह से नक्सली उन्हें अपना सबसे बड़ा दुश्मन मानते थे। नक्सलियों ने उनके शरीर पर करीब 100 गोलियां दागीं और चाकू से 50 से ज्यादा वार किए। हत्या के बाद नक्सलियों ने उनके शव पर चढ़कर डांस भी किया था।
2008: मंगल पर लैंड हुआ था नासा का फीनिक्स लैंडर
मंगल ग्रह पर पानी और जीवन की संभावना तलाशने के उद्देश्य से नासा द्वारा भेजा गया फीनिक्स मार्स लैंडर आज ही के दिन मंगल की सतह पर उतरा था। इसे 4 अगस्त 2007 को लॉन्च किया गया था। सोलर पॉवर से चलने वाले इस लैंडर ने अपना 3 महीने का मिशन पूरा किया। उसके बाद मंगल पर सूरज की रोशनी पहुंच नहीं पाई और लैंडर ने काम करना बंद कर दिया। इस लैंडर के द्वारा मंगल की मिट्टी के परीक्षण के आधार पर नासा ने ग्रह पर पानी मौजूद होने की घोषणा की थी। मई 2010 में नासा ने इस मिशन को आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया।
1915: साबरमती आश्रम की स्थापना
साल 1915 में महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे। लौटने के बाद गांधीजी की इच्छा अपने परिवार के साथ रहने की थी। इसके लिए उन्होंने अहमदाबाद को कोचराब में अपने एक मित्र के बंगले को आश्रम का रूप दे दिया था। 25 मई 1915 के दिन गांधीजी ने इस आश्रम की स्थापना की और इसे सत्याग्रह आश्रम नाम दिया गया। 2 साल बाद ही जुलाई 1917 में इस आश्रम को साबरमती नदी के किनारे बसाया गया। साबरमती नदी के तट पर स्थित होने के कारण इस आश्रम को ‘साबरमती आश्रम’ नाम दिया गया। साल 1930 को गांधीजी ने साबरमती आश्रम से ही दांडी यात्रा की शुरुआत की थी।
2011: दि ओप्रा विन्फ्रे शो के आखिरी प्रोग्राम का टेलीकास्ट
आज ही के दिन 2011 में दि ओप्रा विन्फ्रे शो के आखिरी प्रोग्राम का टेलीकास्ट हुआ था। इस शो में टॉम क्रूज, स्टीवी वंडर, बेयोन्से, टॉम हैंक्स, विल स्मिथ और मेडोना जैसे फेमस स्टार्स ने हिस्सा लिया था। इस शो को अमेरिका के टेलीविजन इतिहास में बेहद सफल शो माना जाता है। शो की होस्ट ओप्रा विन्फ्रे टीवी जगत का एक चर्चित नाम हैं। ओप्रा ने अपने टीवी करियर की शुरुआत बतौर न्यूज एंकर की थी। उसके बाद शिकागो में उन्होंने एक मॉर्निंग टॉक शो को होस्ट करना शुरू किया। धीरे-धीरे इस शो की रेटिंग बढ़ने लगी और इसी के साथ ओप्रा भी फेमस होने लगीं। 8 सितंबर 1986 के दिन दि ओप्रा विन्फ्रे शो को पहली बार नेशनल टीवी पर ब्रॉडकास्ट किया गया। साल 2008 आते-आते इस शो को दुनियाभर में हर हफ्ते 13 करोड़ से भी ज्यादा लोग देखने लगे। आज ओप्रा सबसे पावरफुल टीवी सेलिब्रिटी के तौर पर जानी जाती हैं। हाल ही में प्रिंस हैरी और मेगन मार्केल के साथ उनका इंटरव्यू भी काफी चर्चा में रहा था।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 25 मई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1720: शिप “ले ग्रैंड सेंट एंटोनी” मार्सिले पंहुचा, और यूरोप में प्लेग से लगभग एक लाख लोग मारे गए।
1877: यात्रियों से भरा एक कमर्शियल स्टीमर जहाज ‘सर जॉन लॉरेंस’ उड़ीसा (अब ओडिशा) तट के पास एक भयानक समुद्री तूफान में डूब गया। इस हादसे में जहाज पर सवार सभी 732 यात्रियों की मौत हो गई थी।
1919: जावा में केलट ज्वालामुखी फटने से 16 हजार से भी अधिक लोगों की मौत हुई।
1970: बोइंग कंप्यूटर सविर्स की स्थापना की गई।
1985: बांग्लादेश में आए चक्रवाती तूफान से करीब 10 हजार लोगों की मौत हुई।
1995: अमेरिकी वैज्ञानिकों को पहली बार जीवित जीव के डी.एन.ए. को डीकोड करने में सफलता मिली।
1998: परमाणु परीक्षणों के कारण भारत पर प्रतिबंध न लगाने के लिए यूरोपीय संघ के सभी 15 सदस्य देश सहमत।
2006: नासा ने जीओईएसएन नामक मौसम उपग्रह अंतरिक्ष में रवाना किया।
2006: संयुक्त राज्य अमेरिका ने पोत आधारित इंटरसेप्टर मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
2007: श्रीलंका की सरकार ने तमिल शरणार्थियों की नागरिकता पर सैद्धांतिक अनुमति दी।
2008: कर्नाटक विधान सभा के 224 सीटों में से 110 सीट जीत कर भाजपा दक्षिण के लिए किसी राज्य में पहली बार सरकार बनाने में सफल रही।
2010: भारतीय मूल की 59 वर्षीय कमला प्रसाद बिसेसर निवर्तमान प्रधानमंत्री पैट्रिक मैनिंग को पराजित कर त्रिनिदाद और टोबेगो की पहली महिला प्रधानमंत्री निर्वाचित हुईं।
2012: स्पेसएक्स का ड्रैगन अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन के साथ मिलने वाला पहला व्यावसायिक अंतरिक्ष यान बन गया।
2013: जापान के 80 वर्षीय युईशिरो मिउरा माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाले दुनिया के सबसे अधिक उम्र के व्यक्ति बने।
2017: फेसबुक CEO मार्क जकरबर्ग ने 2004 में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। 2017 में आज ही के दिन यूनिवर्सिटी ने जकरबर्ग को ऑनररी डिग्री दी।
2020: अमेरिकी पुलिसकर्मी ने जॉर्ज फ्लॉयड नाम के शख्स की हत्या कर दी। इसके बाद पूरी दुनिया में ब्लैक लाइव्स मैटर मूवमेंट शुरू हो गया।
2024: गुजरात के राजकोट में एक टीआरपी (TRP) गेमिंग जोन में भीषण आग लग गई। इस बेहद दुखद और दर्दनाक हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कई मासूम बच्चे भी शामिल थे।
2024: रूस-यूक्रेन युद्ध– इस दिन रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के एक बड़े हार्डवेयर स्टोर और रिहायशी इलाके पर भीषण हवाई हमले किए। इस हमले में 14 आम नागरिकों की मौत हुई और 58 से अधिक लोग घायल हुए।
25 मई को जन्मे व्यक्ति (Born on 25 May)
1831: दाग़ देहलवी – प्रसिद्ध उर्दू शायर। वास्तविक नाम नवाब मिर्ज़ा ख़ाँ को उर्दू जगत् में एक शायर के रूप में बहुत ऊँचा स्थान प्राप्त है। उनके जीवन का अधिकांश समय दिल्ली में व्यतीत हुआ था, यही कारण है कि उनकी शायरियों में दिल्ली की तहज़ीब नज़र आती है। दाग़ देहलवी की शायरी इश्क़ और मोहब्बत की सच्ची तस्वीर पेश करती है।
1886: रास बिहारी बोस– प्रख्यात वकील और शिक्षाविद। रास बिहारी बोस प्रख्यात क्रांतिकारी तो थे ही, सर्वप्रथम आज़ाद हिन्द फ़ौज के निर्माता भी थे। देश के जिन क्रांतिकारियों ने स्वतंत्रता-प्राप्ति तथा स्वतंत्र सरकार का संघटन करने के लिए प्रयत्न किया, उनमें श्री रासबिहारी बोस का नाम प्रमुख है। रास बिहारी बोस कांग्रेस के उदारवादी दल से सम्बद्ध थे। रास बिहारी बोस ने उग्रवादियों को घातक, जनोत्तेजक तथा अनुत्तरदायी आंदोलनकारी कहा। रासबिहारी बोस उन लोगों में से थे जो देश से बाहर जाकर विदेशी राष्ट्रों की सहायता से अंग्रेजों के विरुद्ध वातावरण तैयार कर भारत की मुक्ति का रास्ता निकालने की सोचते रहते थे। 1937 में उन्होंने ‘भारतीय स्वातंय संघ’ की स्थापना की और सभी भारतीयों का आह्वान किया तथा भारत को स्वतंत्र राष्ट्र घोषित कर दिया।
1899: नजरुल इस्लाम – काज़ी नज़रूल इस्लाम बांग्लादेशी कवि, लेखक, और संगीतकार, क्रांतिकारी थे और बांग्लादेश के राष्ट्रीय कवि थे। नाज़रुल, उनकी कविता और संगीत ने इंडो-इस्लामिक पुनर्जागरण और फासीवाद और उत्पीड़न के खिलाफ तीव्र आध्यात्मिक विद्रोह के रूप में जाना।
25 मई को हुए निधन (Died on 25 May)
1974 – कृष्ण चन्द्र गजपति – भारत के स्वतंत्रता सेनानी।
1978: बीरेन मित्रा – भारतीय राजनीतिज्ञ तथा उड़ीसा के मुख्यमंत्री रहे थे।
1998: लक्ष्मीकांत – हिन्दी सिनेमा के प्रसिद्ध संगीतकार।
2005: सुनील दत्त – भारतीय फिल्म अभिनेता, निर्माता, निर्देशक और राजनीतिज्ञ (पूर्व खेल व युवा मामलों के मंत्री) का 75 साल की उम्र में मुंबई में निधन हुआ।
2010: तपन चट्टोपाध्याय – बांग्ला अभिनेता।
2020: बलबीर सिंह सीनियर – भारत के महानतम हॉकी खिलाड़ियों में से एक, जिन्होंने तीन बार ओलंपिक स्वर्ण पदक (1948, 1952, 1956) जीतने वाली भारतीय टीम में मुख्य भूमिका निभाई थी।
विशेष दिवस
विश्व फुटबॉल दिवस (World Football Day)
संयुक्त राष्ट्र द्वारा हर साल 25 मई को ‘विश्व फुटबॉल दिवस’ मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2024 में 1924 के पेरिस ओलंपिक फुटबॉल टूर्नामेंट की शतवार्षिकी के उपलक्ष्य में हुई थी।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



