Himachal News: शिमला में आयोजित एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया के चौथे वार्षिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई बड़ी और दूरगामी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि शिमला स्थित सरकारी डेंटल कॉलेज का नाम अब बदलकर ‘राजीव गांधी डेंटल कॉलेज, शिमला’ किया जाएगा। इसके साथ ही हिमाचल को डेंटल केयर में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए हमीरपुर में 300 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से एक अत्याधुनिक ‘डेंटल हेल्थ रिसर्च सेंटर’ स्थापित किया जाएगा। इस सेंटर से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि लोगों को विश्वस्तरीय इलाज भी मिलेगा।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स के काम की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सर्जन्स की भूमिका सिर्फ मरीजों का इलाज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गंभीर रूप से पीड़ित लोगों को एक नया चेहरा, नया आत्मविश्वास और बेहतर जीवन जीने की राह दिखाते हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह तीन दिवसीय सम्मेलन दंत चिकित्सा के क्षेत्र में नए तकनीकी बदलावों और जनकल्याण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
रोबोटिक सर्जरी बदल रही है स्वास्थ्य की तस्वीर
राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में जो बड़े नीतिगत बदलाव कर रही है, मुख्यमंत्री ने उसके सकारात्मक परिणाम जनता के सामने रखे। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले तक हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी और 3 टेस्ला एमआरआई जैसी उन्नत तकनीकों की कल्पना करना भी मुश्किल था, लेकिन आज यह हकीकत बन चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों को इतनी आधुनिक तकनीकों से लैस कर दिया जाए कि किसी भी हिमाचली को इलाज के लिए बाहरी राज्यों के चक्कर न काटने पड़ें।
डॉक्टरों की पीठ थपथपाई
मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों की प्रतिभा की पीठ थपथपाते हुए कहा कि शिमला और हिमाचल के अन्य संस्थानों से निकले डॉक्टर आज देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने डॉक्टरों और सरकार के बीच बेहतर तालमेल की बात करते हुए कहा कि जिस तरह सामान्य चिकित्सकों के साथ संवाद कर स्वास्थ्य नीतियों को सुधारा गया है, उसी तर्ज पर जल्द ही डेंटल डॉक्टरों के साथ भी एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश के डेंटल कॉलेजों को देश के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा केंद्रों में शुमार करना है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



