दिल्ली के शाहदरा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। विवेक विहार इलाके में स्थित एक चार मंजिला इमारत में देर रात भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई है। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, विवेक विहार इलाके के छह फ्लैटों में यह आग अचानक भड़क उठी। दमकल विभाग को सुबह 3:47 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की 12 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि इसने इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विवेक विहार के SHO, ACP और शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अब तक रेस्क्यू टीम ने 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। धुएं और आग की चपेट में आने से घायल हुए लोगों को तत्काल गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआती जांच में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस और दमकल विभाग अभी भी पूरी इमारत की तलाशी ले रहे हैं।
DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया, “एक घर से आग शुरू हुई और देखते ही देखते दूसरी मंजिल तक फैल गई। अब तक कई शव बरामद किए जा चुके हैं और तलाशी अभियान जारी है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।”
मौके पर दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस बल तैनात है ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विवेक विहार थाना पुलिस इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
अपडेट के लिए बने रहें हमारे साथ।

