Sonam Wangchuk Hunger Strike Update: नीट परीक्षा में हुई धांधली और छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 26 दिनों से लगातार अनशन पर बैठे प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आखिरकार अपना अनशन समाप्त कर दिया है। अनशन के 27वें दिन यह महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया, जिससे देश भर में जारी अनिश्चितता का माहौल समाप्त हुआ है।
यह फैसला तब संभव हुआ जब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने देर रात गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में जाकर सोनम वांगचुक से सीधी बात की। इस वार्ता के दौरान वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो और लेह लद्दाख एपेक्स बॉडी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मंत्रियों ने सरकार का पक्ष रखते हुए उन्हें हर संभव मदद और राहत का ठोस भरोसा दिलाया।
Sonam Wangchuk: प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामले वापस लेने पर सकारात्मक रुख
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने स्पष्ट किया कि दिल्ली के जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों और संसद मार्च में भाग लेने वाले प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है। इसके साथ ही संसद में परीक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कराने का भरोसा भी दिया गया है।
Sonam Wangchuk: पीड़ित परिवारों को राहत और शांति बनाए रखने की अपील
सरकार ने नीट धांधली प्रकरण के कारण हुए दुखद हादसों और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने के प्रस्ताव पर भी सहमति जताई है। सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अनशन समाप्ति की घोषणा की। उन्होंने बताया कि देश में शांति व्यवस्था बनाए रखने और गहन विचार विमर्श के बाद ही अनशन वापस लेने का यह फैसला लिया गया है।
क्या बोले वांगचुक
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने ट्वीट किया- अभी-अभी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह तथा लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने आखिरकार 26 दिनों बाद अपना अनशन तोड़ा। इससे पहले, अलग-अलग राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने मुझसे मिलकर या पत्र लिखकर अनशन तोड़ने का आग्रह किया था। यह कदम कई शर्तों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया।
दीपके ने जताय आभार
अनशन तोड़ने की खबर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि हमें राहत मिली है और हम आभारी हैं कि सोनम सर ने 26 दिनों के बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। दिपके ने ट्वीट किया- हमें राहत मिली है और हम आभारी हैं कि सोनम सर ने 26 दिनों के बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है… जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।
आज कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी सरकार-सीजेपी वार्ता
कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया है कि शुक्रवार को एक चर्चा बुलाई गई है। हमें बहुत खुशी है कि सरकार हमारी इस मांग पर सहमत हो गई है कि यह चर्चा किसी न्यूट्रल जगह पर हो। इसके लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है।
पेपर लीक में सरकार सख्त, पीएम ने कहा-आज कैबिनेट में चर्चा
पीएम मोदी ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि कल (शुक्रवार) कैबिनेट की बैठक में पेपर लीक के खिलाफ और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे! पेपर लीक की घटना के बाद पिछले ढाई महीनों में कई असरदार कदम उठाए गए हैं। दोषियों को पकड़ लिया गया है और वे जेल में हैं। हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह पक्का करना था कि छात्रों का साल बर्बाद न हो। सरकार ने पूरी ताकत लगा दी ताकि 22 लाख छात्र कम से कम समय में अपनी परीक्षा दे सकें। 19 जुलाई को नतीजे घोषित किए गए। मैंने आज विभागों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश दिया। विभागों ने देर रात मुझे प्रस्ताव सौंपा। इस प्रस्ताव पर, जिसमें फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजाका प्रावधान है, कैबिनेट में चर्चा होगी। कैबिनेट सहयोगियों के सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा, और चूंकि सोमवार से संसद का दूसरा हफ्ता शुरू हो रहा है, इसलिए कोशिश की जाएगी कि उस बिल को जल्द से जल्द सदन में पास कराया जाए।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



