30 July in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार वर्ष का 211वां दिन (लीप वर्ष में 212वां दिन) है। साल में अभी और 154 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 30 जुलाई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 30 जुलाई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
1987: श्रीलंका में शांति समझौता करने गए प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर हुआ हमला, यही समझौता उनकी हत्या की वजह बना

गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान राइफल से वार… पढ़िए 30 जुलाई 1987 की वो घटना
70 के दशक में श्रीलंका में ‘लिट्टे’ ने सिर उठाना शुरू किया। उनका लक्ष्य तमिलों के लिए एक अलग स्वतंत्र राष्ट्र बनाना था। 1983 में लिट्टे द्वारा 13 श्रीलंकाई सैनिकों की हत्या के बाद वहां भीषण गृह युद्ध छिड़ गया। हिंसा से तंग आकर लाखों श्रीलंकाई तमिल शरणार्थी भारत आने लगे। चूंकि तमिलनाडु से सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव था, इसलिए इस गृह युद्ध का सीधा प्रभाव भारत पर पड़ने लगा।
1986 तक आते-आते हालात अत्यधिक विकराल हो गए। श्रीलंकाई सेना ने जाफना की घेराबंदी कर दी, जिससे आम तमिल नागरिक भूख और संकट में फंस गए। भारत ने मानवीय आधार पर जाफना में फंसे लोगों को वायुसेना के जरिए खाद्य सामग्री और मदद पहुंचाई।
भारत के इस सख्त रुख के आगे श्रीलंकाई सरकार समझौते के लिए तैयार हुई। जुलाई 1987 में दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक ‘भारत-श्रीलंका शांति समझौता’ तय हुआ। इसके तहत श्रीलंका में शांति बहाल करने के लिए ‘भारतीय शांति सेना’ को जाफना भेजने का फैसला लिया गया।
29 जुलाई 1987.. समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद 30 को कोलंबो में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जा रहा था। तभी परेड में खड़े एक श्रीलंकाई सैनिक विजिथा रोहन विजेमुनि ने अचानक राइफल की बट से राजीव गांधी पर जोरदार हमला कर दिया।
विजेमुनि सिंहली समुदाय से था और श्रीलंका में भारतीय सेना की मौजूदगी से सख्त नाराज था। वक्त रहते राजीव गांधी के झुक जाने से उनकी जान बच गई, लेकिन वे चोटिल हुए। सुरक्षा घेरे ने तुरंत उन्हें संभाल लिया। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री पर विदेशी सरजमीं पर हुआ इकलौता हमला था।
शांति समझौते के तहत भारतीय सेना 1990 तक श्रीलंका में डटी रही। जो सेना शांति बनाने गई थी, उसे लिट्टे से ही लोहा लेना पड़ा। इस अभियान (‘ऑपरेशन पवन’) में भारत के 1,200 जांबाज सैनिक शहीद हुए।
इस फैसले से लिट्टे का प्रमुख वी. प्रभाकरन राजीव गांधी को अपना सबसे बड़ा दुश्मन मानने लगा। आखिरकार, यही दुश्मनी 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में एक खौफनाक आत्मघाती हमले में राजीव गांधी की हत्या की वजह बनी।
1930: आर्थिक संकट के बीच ऐसे शुरू हुआ था दुनिया का पहला फीफा वर्ल्ड कप

फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ ‘फीफा वर्ल्ड कप’ की शुरुआत 1930 में हुई थी। इससे पहले फुटबॉल केवल ओलिंपिक में खेला जाता था। जब 1932 के ओलिंपिक से इसे हटाने की बात आई, तो फीफा ने 26 मई 1928 को अपना स्वतंत्र वर्ल्ड कप कराने का फैसला किया। 1924 और 1928 में ओलिंपिक गोल्ड जीतने के कारण उरुग्वे को मेजबानी सौंपी गई।
हालांकि, उस समय यूरोप में छाए आर्थिक संकट के चलते खिलाड़ियों को नौकरी छूटने का डर था। इसी वजह से इंग्लैंड, स्पेन, जर्मनी और हॉलैंड जैसी बड़ी टीमें टूर्नामेंट में नहीं आईं। बाद में फीफा अध्यक्ष जुल्स रिमेट के आश्वासन पर फ्रांस, बेल्जियम और रोमानिया जैसी टीमें उरुग्वे पहुंचीं।
13 जुलाई 1930 को टूर्नामेंट का आगाज़ हुआ, जहां उद्घाटन मैचों में फ्रांस ने मैक्सिको को (4-1) और अमेरिका ने बेल्जियम को (3-0) हराया।
आखिरकार 30 जुलाई 1930 को खेले गए पहले ऐतिहासिक फाइनल में उरुग्वे ने अर्जेंटीना को 4-2 से हराकर पहला फीफा विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
1909: राइट ब्रदर्स ने सेना के लिए पहला विमान बनाया

क्रैश से सफलता तक… जानिए कैसे राइट ब्रदर्स ने बनाया पहला आर्मी एयरक्राफ्ट
1908 में यूएस आर्मी सिग्नल कॉर्प्स ने 2-सीटर ऑब्जर्वेशन एयरक्राफ्ट के लिए निविदाएं मांगी थीं। राइट ब्रदर्स ने अपना विमान पेश किया, लेकिन सितंबर 1908 में वर्जीनिया में ट्रायल के दौरान विमान क्रैश हो गया, जिसमें सेना के एक लेफ्टिनेंट की जान चली गई।
हार न मानते हुए राइट ब्रदर्स ने जून 1909 में दूसरा विमान तैयार किया। 30 जुलाई 1909 को राष्ट्रपति विलियम होवर्ड टाफ्ट और 7 हजार दर्शकों की मौजूदगी में फाइनल ट्रायल हुआ। पायलट ऑर्विल राइट ने लेफ्टिनेंट बेंजामिन डी फोलोइस के साथ 10 मील की सफल उड़ान भरी। इसके बाद अमेरिकी सेना ने इसे 30,000 डॉलर में खरीद लिया। यह दुनिया के इतिहास में किसी भी देश की सेना में शामिल होने वाला पहला विमान बना।
देश-विदेश में 30 जुलाई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1825: प्रशांत महासागर में माल्डेन द्वीप (Malden Island) की खोज की गई थी। इस द्वीप को ब्रिटिश युद्धपोत एचएमएस ब्लॉन्ड के कमांडर लॉर्ड बायरन द्वारा दोबारा देखा गया था।
1836: अमेरिका के हवाई (तब सैंडविच द्वीप समूह) में अंग्रेजी भाषा का पहला अखबार Sandwich Island Gazette and Journal of Commerce प्रकाशित हुआ था। इसे स्टीफन एस. मैकिन्टोश ने होनोलूलू से शुरू किया था।
1932: अमेरिका के लास एंजिल्स में दसवें आधुनिक ओलंपिक खेल की शुरुआत हुई।
1935: पेंगुइन ने अपनी पहली पेपरबैक बुक पब्लिश की।
1938: ब्रिटेन की प्रसिद्ध बच्चों की कॉमिक द बीनो का पहला अंक प्रकाशित हुआ था। इसे स्कॉटलैंड की कंपनी डीसी थॉमसन ने छापा था।
1942: जर्मन की सेना ने बेलारूस के मिंस्क में 25000 यहूदियों की हत्या की।
1957: एक्सपोर्ट रिस्क इंस्योरेंस कोर्पोरेशन आफ इंडिया (प्राइवेट) लिमिटेड की स्थापना हुई।
1966: आठवें फीफा विश्वकप में पश्चिम जर्मनी को हराकर इंग्लैंड ने पहली बार विश्व कप फुटबॉल जीता।
1980: प्रशांत महासागर के वानुआतु देश को ब्रिटेन और फ्रांस के संयुक्त औपनिवेशिक शासन से स्वतंत्रता मिली थी। इसे पहले ‘न्यू हेब्राइड्स’ कहा जाता था।
2002: कनाडा ने अलकायदा सहित सात संगठनों को आतंकवादी संगठन घोषित किया।
2006: हालीवुड अभिनेत्री पामेला एडंरसन ने गायक किड रॉक से विवाह किया।
2006: सबसे लंबे समय तक चलने वाले म्यूजिक शो टॉप ऑफ द पॉप्स के आखिरी एपिसोड का प्रसारण किया गया। इस शो के नाम लगातार 42 सालों तक चलने का रिकॉर्ड है।
2007: चीनी वैज्ञानिकों ने झेंगझाऊ में लगभग 50 लाख साल पुरानी चट्टानों की खोज की।
2012: आंध्रप्रदेश में एक ट्रेन में आग लगने से 32 यात्रियों की मौत, और 27 घायल हुए।
2012: रात करीब 2:30 बजे उत्तरी ग्रिड फेल होने के कारण हिमाचल प्रदेश समेत दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ की एक साथ बिजली गुल हो गई थी, जिससे लगभग 36 करोड़ लोग प्रभावित हुए थे और ट्रेन-मेट्रो सेवाएं ठप पड़ गई थीं। अगले दिन (31 जुलाई) यह संकट और बड़ा हो गया तथा विश्व के सबसे बड़े बिजली ब्लैकआउट में से एक दर्ज हुआ।
2020: टोक्यो ओलंपिक में दक्षिण अफ्रीका की तैराक तातजाना शूनमेकर ने महिलाओं की 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।
2022: भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय बुलियन एक्सचेंज (IIBX) का शुभारंभ हुआ।
2024: केरल के वायनाड जिले में मेप्पाडी के पास पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की तीन बड़ी घटनाएं हुईं। भूस्खलन के चलते आए पानी के तेज बहाव ने मेप्पाडी, मुंडक्कई टाउन और चूरलमाला में भीषण तबाही मचाई। भूस्खलन की घटना ने 300 से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। सैकड़ों लोग इस आपदा में घायल हुए। वहीं अभी भी सैकड़ों लोग लापता हैं।
30 July in History: 30 जुलाई को जन्मे प्रमुख व्यक्ति
1863: हेनरी फोर्ड– अमेरिकी उद्योगपति, फ़ोर्ड मोटर्स के संस्थापक।
1882: सत्येंद्रनाथ बोस – प्रसिद्ध क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता सेनानी थे।
1886: मुत्तू लक्ष्मी रेड्डी– देश की पहली महिला विधायक और भारत की प्रसिद्ध महिला चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता।
1887: अर्टाबल्लाभा मोहंती- प्रसिद्ध उड़िया साहित्यकार, प्राची समिति के संस्थापक और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित विद्वान। इनका निधन भी आज ही के दिन 1969 में हुआ था।
1923: गोविन्द चन्द्र पाण्डे – 20वीं सदी के जानेमाने चिंतक, प्रसिद्ध विचारक, इतिहासविद् व संस्कृतज्ञ।
1927: माधवसिंह सोलंकी – गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री।
1945: नवीन चावला – भारत के 16वें मुख्य चुनाव आयुक्त।
1947: अर्नोल्ड श्वार्जनेगर– हॉलीवुड अभिनेता, बॉडीबिल्डर और कैलिफ़ोर्निया के पूर्व गवर्नर।
1973: सोनू निगम – प्रसिद्ध भारतीय पार्श्वगायक, संगीतकार। वे हिंदी सहित कई भारतीय भाषाओं में हजारों गीत गा चुके हैं।
30 July in History: 30 जुलाई को हुए प्रमुख निधन
1771: थॉमस ग्रे – 18वीं शताब्दी के प्रसिद्ध अंग्रेज़ी कवियों में से एक।
1969: अर्टाबल्लाभा मोहंती- प्रसिद्ध उड़िया साहित्यकार, प्राची समिति के संस्थापक और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित विद्वान। इनका भी आज ही के दिन 1887 में हुआ था।
30 जुलाई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव
विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस (World Day Against Trafficking in Persons) हर वर्ष 30 जुलाई को संयुक्त राष्ट्र (UN) के आह्वान पर मनाया जाता है। इसकी घोषणा संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2013 में की थी। इसका उद्देश्य मानव तस्करी के प्रति वैश्विक जागरूकता बढ़ाना। पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा और पुनर्वास को बढ़ावा देना। मानव तस्करी रोकने के लिए सरकारों और समाज को सक्रिय करना है।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



