भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन (Harsh Mahajan) ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों और ढांचागत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। हर्ष महाजन ने पठानकोट-चम्बा-भरमौर मार्ग को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत लाने और इस परियोजना पर काम शुरू कराने के लिए नितिन गडकरी का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इससे चम्बा और भरमौर घाटी के निवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राज्य के दूरदराज और जनजातीय इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय मंत्रालय के सहयोग से राज्य में जारी सभी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी होंगी, जिससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए 369 एकड़ भूमि हस्तांतरण का इंतजार
दूसरी ओर, राज्यसभा में हर्ष महाजन द्वारा पूछे गए एक सवाल के लिखित उत्तर में केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि केंद्र सरकार राज्य में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है, जिसके लिए 369.82 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। यह भूमि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जानी है, जिसका हस्तांतरण अभी तक लंबित है।
उड़ान योजना के तहत 200 नए हेलिपोर्ट्स का प्रावधान
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि भौगोलिक परिस्थितियों और कठिन भू-भाग के कारण भुंतर और शिमला हवाई अड्डों के रनवे विस्तार में प्राकृतिक सीमाएं हैं। इसके स्थान पर राज्य में हेलिपोर्ट विकास को गति दी जा रही है। वर्तमान में शिमला, धर्मशाला और भुंतर के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। इसके अलावा उड़ान योजना के आगामी चरणों के अंतर्गत पहाड़ी क्षेत्रों में 200 नए हेलिपोर्ट्स विकसित करने के लिए 3,661 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिसका सीधा लाभ हिमाचल प्रदेश को मिलेगा।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



