01 August in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार वर्ष का 213वां दिन (लीप वर्ष में 214वां दिन) है। साल में अभी और 152 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 01 अगस्त का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 01 अगस्त का इतिहास एवं घटनाक्रम।
1774: जब मरक्यूरिक ऑक्साइड को जलाकर मिली जीवन देने वाली गैस, जानिए 252 साल पुराना इतिहास पढ़िए विज्ञान के सबसे महान आविष्कार की दास्तान
यह कहानी विज्ञान के इतिहास की उस सबसे महान खोज की है, जिसने इंसानी समझ को बदलकर रख दिया। 18वीं सदी तक पूरी दुनिया के सामने एक ही बड़ा सवाल था? आखिर चीजें जलती कैसे हैं और सांस लेने के लिए हवा में ऐसा क्या खास है?
ऑक्सीजन की खोज का पहला कदम 1772 में स्वीडन के वैज्ञानिक कार्ल विल्हेम शील ने उठाया था। उन्होंने मैग्नीज ऑक्साइड और पोटेशियम नाइट्रेट को गर्म करके एक गैस बनाई, जिसमें चीजें तेजी से जलती थीं और जीव अधिक समय तक जीवित रहते थे। उन्होंने इसे ‘फायर एयर’ नाम दिया, लेकिन अपनी इस खोज को तुरंत पब्लिश नहीं कराया।
इसके दो साल बाद, इंग्लैंड के वैज्ञानिक जोसेफ प्रीस्ले ने माना कि पूरी हवा नहीं, बल्कि उसका एक खास हिस्सा ही आग जलाने में मदद करता है। इस थ्योरी को साबित करने के लिए 1 अगस्त 1774 को प्रीस्ले ने एक बंद बर्तन में रेड मरक्यूरिक ऑक्साइड को गर्म किया। उससे निकली गैस को एक बर्तन में इकट्ठा किया और पाया कि इस गैस में मोमबत्ती और तेजी से जलती है तथा चूहे भी आम हवा के मुकाबले ज्यादा देर तक सांस ले पाते हैं।
प्रीस्ले ने इस नई गैस का नाम ‘डिफ्लोजिस्टिकेटेड एयर’ रखा। उनका मानना था कि चूंकि इसमें ‘फ्लॉजिस्टन’ नाम का तत्व नहीं है, इसलिए यह जलने में ज्यादा मदद करती है।
इसके बाद 1777 में फ्रांसीसी वैज्ञानिक एंटोइन लेवाइज़र ने इस गैस पर गहन अध्ययन किया। उन्होंने ही इसे पहली बार ‘ऑक्सीजन’ नाम दिया और दुनिया को विस्तार से समझाया कि यह एक केमिकल एलिमेंट है जो किसी भी चीज़ के जलने और सांस लेने के लिए बेहद जरूरी है।
यद्यपि कार्ल विल्हेम शील ने 1772 में ही ऑक्सीजन खोज ली थी, लेकिन उन्होंने अपने शोध को प्रकाशित नहीं किया था। इसके विपरीत, जोसेफ प्रीस्ले ने 1774 में स्वतंत्र रूप से इसकी खोज की और अपनी पूरी स्टडी को सार्वजनिक रूप से पब्लिश भी किया। इसी वजह से इतिहास में जोसेफ प्रीस्ले को ही ऑक्सीजन का मुख्य खोजकर्ता माना जाता है।
1920: जब महात्मा गांधी के एक आह्वान पर थमा पूरे देश का पहिया और शुरू हुआ असहयोग आंदोलन
प्रथम विश्वयुद्ध के बाद अंग्रेजों के बढ़ते अत्याचार, दमनकारी रोलेट एक्ट और जलियांवाला बाग हत्याकांड के विरोध में महात्मा गांधी ने अंग्रेजों से पूरी तरह ‘असहयोग’ करने का फैसला किया।

1 अगस्त 1920 को औपचारिक रूप से ‘असहयोग आंदोलन’ की शुरुआत हुई। गांधी जी के आह्वान पर देखते ही देखते पूरा देश आंदोलन में कूद पड़ा। छात्रों ने सरकारी स्कूलों और कॉलेजों का त्याग कर दिया, जबकि देश के बड़े-बड़े वकीलों ने अदालतों का बहिष्कार कर दिया।
मजदूरों ने काम करने से इनकार कर दिया और देश भर में विदेशी कपड़ों की होली जलाई जाने लगी। इससे ब्रिटेन से भारत आने वाले कपड़ों के आयात में भारी गिरावट आई, जिससे ब्रिटिश हुकूमत को बहुत बड़ा आर्थिक झटका लगा। दूसरी ओर, भारतीय कपड़ा मिलों और खादी का उत्पादन तेजी से बढ़ा।
इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत इसका पूर्णतः अहिंसक होना था। आंदोलन अपनी चरम सीमा पर था और ब्रिटिश सरकार लाचार नज़र आ रही थी। लेकिन 5 फरवरी 1922 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित चौरी-चौरा में उग्र भीड़ ने एक पुलिस स्टेशन में आग लगा दी, जिसमें 22 पुलिसकर्मी जिंदा जलकर मर गए।
इस हिंसा से अत्यधिक दुखी होकर महात्मा गांधी ने फैसला लिया कि जब तक देश पूरी तरह अहिंसा का महत्व नहीं समझ लेता, तब तक आंदोलन आगे नहीं बढ़ेगा। आखिरकार, उन्होंने असहयोग आंदोलन को वापस लेने की घोषणा कर दी। यद्यपि आंदोलन स्थगित हो गया, लेकिन इसने देशवासियों के मन से अंग्रेजों का खौफ हमेशा के लिए खत्म कर दिया।
1953: जब देश की सभी प्राइवेट एयरलाइंस का हुआ राष्ट्रीयकरण, तब बनीं ‘एयर इंडिया’ और ‘इंडियन एयरलाइंस’
यह कहानी भारतीय नागरिक उड्डयन के सबसे बड़े बदलाव की है, जिसने देश के पूरे हवाई सेवा ढांचे को सरकार के नियंत्रण में ला दिया था। 1953 से पहले भारत में 8 निजी एयरलाइन कंपनियां हवाई सफर की सुविधाएं दे रही थीं। हालांकि, द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद उत्पन्न हुई वैश्विक मंदी के कारण एविएशन सेक्टर भारी आर्थिक घाटे से गुजर रहा था। इन कंपनियों की खस्ता हालत को देखते हुए योजना आयोग ने सरकार को सुझाव दिया कि सभी निजी एयरलाइंस का राष्ट्रीयकरण कर दिया जाए।
सरकार ने योजना आयोग के सुझाव पर अमल करते हुए संसद में ‘एयर कॉर्पोरेशंस एक्ट’ पेश किया। मार्च 1953 में यह विधेयक संसद से पास हुआ और 28 मई 1953 को राष्ट्रपति ने इस पर अपने दस्तखत किए। आखिरकार 1 अगस्त 1953 को यह कानून आधिकारिक रूप से पूरे देश में लागू कर दिया गया।
इस एक्ट के लागू होते ही भारत में काम कर रही सभी 8 प्राइवेट एयरलाइंस को मिलाकर दो मुख्य सरकारी कंपनियां बनाई गईं। एयर इंडिया को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की जिम्मेदारी दी गई, जबकि इंडियन एयरलाइंस को घरेलू उड़ानों का जिम्मा सौंपा गया। 1 अगस्त 1953 का यह कदम भारतीय आकाश में एक नए सरकारी युग की शुरुआत साबित हुआ।
31 जुलाई और 1 अगस्त की वो दरमियानी काली रात: जब 2000 और 2024 में जल-प्रलय से दहल उठा था हिमाचल, छीन ली थीं 1168 से ज्यादा जिंदगियां
हिमाचल प्रदेश के इतिहास में 31 जुलाई और 1 अगस्त की दरमियानी रात एक ऐसा खौफनाक अध्याय है, जिसे याद कर आज भी घाटी के लोगों की रूह कांप उठती है। प्राकृतिक आपदाओं ने अलग-अलग वर्षों में इसी तारीख को प्रदेश को गहरे जख्म दिए हैं।
वर्ष 2000 की 31 जुलाई और 1 अगस्त की दरमियानी रात चीन के अधिकार क्षेत्र वाले तिब्बत में स्थित ‘पारछू झील’ का प्राकृतिक बांध अचानक टूट गया। करोड़ों क्यूसेक पानी, मलबे और चट्टानों के साथ सतलुज नदी में समा गया। नदी का जलस्तर सामान्य से 60 फीट ऊपर उठ गया और उफनती लहरों ने किन्नौर, रामपुर, शिमला और मंडी जिलों में भारी तबाही मचाई।
इस आपदा में आधिकारिक तौर पर 135 लोगों की मौत हुई (गैर-सरकारी आंकड़ों में 200 से अधिक) और 1,673 मवेशी बह गए। बुनियादी ढांचे की बात करें तो 20 बड़े पुल और 22 झूले पूरी तरह बह गए, जबकि 12 अन्य पुलों को भारी नुकसान पहुंचा। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-22, वर्तमान में NH-5) का लगभग 200 किलोमीटर हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया, जिससे किन्नौर जिला महीनों तक देश से कटा रहा। लगभग 1,000 पेयजल, सिंचाई, सीवरेज और बाढ़ सुरक्षा योजनाएं मलबे में जमींदोज हो गईं, जिससे कुल ₹1,466.26 करोड़ से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ।
इतिहास ने ठीक 24 साल बाद खुद को दोहराया। 31 जुलाई और 1 अगस्त 2024 की दरमियानी रात को हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के समेज गांव, कुल्लू और मंडी जिलों में एक साथ कई जगह बादल फटने की भयंकर घटनाएं हुईं। अचानक आई फ्लैश फ्लड और मलबे के बहाव ने हंसते-खेलते गांवों को तहस-नहस कर दिया। इस आपदा में 33 से अधिक लोगों की जान चली गई और 30 से ज्यादा लोग लापता हो गए। इसके साथ ही 95 से अधिक मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए और 14 पुल बह गए, जिससे भारी जन-धन और बुनियादी ढांचे की तबाही हुई।
देश-विदेश में 01 अगस्त को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1498: प्रसिद्ध खोजी नाविक क्रिस्टोफर दक्षिण अमेरिका के कोलंबस वेनेजुएला के इस्ला सांता में उतरा। यह पहला अवसर था जब कोई यूरोपीय दक्षिण अमेरिकी मुख्य भूमि पर पहुंचा था।
1648: वेस्टफेलिया की संधि के तहत स्विट्जरलैंड की स्वतंत्रता और संप्रभुता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली। आज के दिन को इस देश का राष्ट्रीय दिवस घोषित किया गया।
1834: ब्रिटिश संसद द्वारा पारित ‘स्लेवरी अबॉलिशन एक्ट 1833’ लागू हुआ, जिसके तहत पूरे ब्रिटिश साम्राज्य में दास प्रथा को आधिकारिक तौर पर समाप्त कर दिया गया था।
1883: ग्रेट ब्रिटेन में अंतर्देशीय पार्सल डाक सेवा शुरू की गई थी, जिसके तहत देश के हर कोने में पार्सल भेजने की सुविधा और नियम लागू किए गए।
1861: The Times में एडमिरल रॉबर्ट फिट्ज़रॉय द्वारा तैयार मौसम पूर्वानुमान प्रकाशित हुआ। इसे आधुनिक सार्वजनिक मौसम पूर्वानुमान के इतिहास में महत्वपूर्ण शुरुआती कदम माना जाता है।
1894: चीन और जापान में प्रथम युद्ध की घोषणा। यह युद्ध मुख्य रूप से कोरिया पर नियंत्रण को लेकर चीन के किंग राजवंश और जापान के बीच हुआ था।
1914: जर्मनी ने रूस के खिलाफ युद्ध की घोषणा की, जिससे प्रथम विश्व युद्ध की आधिकारिक शुरुआत हुई।
1916: स्वतंत्रता सेनानी तथा ‘आयरन लेडी’ के नाम से मशहूर एनी बेसेंट ने बाल गंगाधर तिलक के सहयोग से दादाभाई नौरोजी के साथ मिलकर होम रूल लीग आंदोलन की शुरूआत की।
1920: महात्मा गांधी ने खिलाफत आंदोलन और जलियांवाला बाग हत्याकांड के विरोध में ब्रिटिश सरकार द्वारा दिया गया केसर-ए-हिंद पुरस्कार लौटा दिया था। इसी दिन उन्होंने देश में असहयोग आंदोलन की भी शुरुआत की थी।
1936: एडोल्फ हिटलर ने बर्लिन में ओलिंपिक खेलों की शुरुआत की। हिटलर ने दुनिया को अपनी ताकत दिखाने के लिए इन खेलों पर पानी की तरह पैसा बहाया था।
1944: एनी फ्रैंक ने अपनी डायरी में आखिरी एंट्री की। एनी फ्रैंक की डायरी को जर्मन शासन की क्रूरता का लिखित दस्तावेज माना जाता है।
1947: भारत और पाकिस्तान के बीच शक्तियों का बंटवारा। लार्ड माउंटबेटन भारत के गवर्नर जनरल और मोहम्मद अली जिन्ना पाकिस्तान के गवर्नर जनरल बने।
1957: भारत सरकार ने नेशनल बुक ट्रस्ट की स्थापना की। इसका उद्देश्य पुस्तकों और पठन-संस्कृति को बढ़ावा देना था। की स्थापना हुई।
1960: पाकिस्तान की राजधानी को कराची से बदलकर इस्लामाबाद कर दिया गया।
1971: बीटल्स के जॉर्ज हैरिसन और पंडित रविशंकर ने न्यूयॉर्क के मेडिसन स्क्वैयर पर नए-नए बने बांग्लादेश के लिए चैरिटी कॉन्सर्ट का आयोजन किया। इसे सबसे सफल चैरिटी कॉन्सर्ट में गिना जाता है।
1975: दर्बा बनर्जी व्यावसायिक यात्री विमान उड़ाने वाली भारत की पहली महिला पायलट बनीं।
1981: अमेरिका में पहला 24 घंटे का म्यूजिक केबल नेटवर्क MTV (म्यूजिक टेलीविजन) का प्रसारण शुरू किया। इसका पहला प्रसारित गाना था—”Video Killed the Radio Star”।
1995: नासा की हब्बल स्पेस टेलीस्कोप द्वारा शनि के नए चंद्रमाओं (जैसे S/1995 S3) की खोज की।
2000: पहलगाम के नुनवान बेस कैंप पर हुए अमरनाथ यात्रा आक्रमण में लगभग 32 लोग मारे गए और 60 से अधिक घायल हुए।
2004: पराग्वे की राजधानी आसुनसियोन में एक सुपर बाज़ार में आग लगने से 400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और 300 से अधिक लोग घायल हुए, जो देश के सबसे बड़े शांतिकालीन हादसों में गिना जाता है।
2004: श्रीलंका ने प्रेमदासा स्टेडियम में आयोजित फ़ाइनल मैच में भारत को 25 रनों से हराकर एशिया कप जीत लिया। सनत जयसूर्या ‘मैन आफ़ द सिरीज’ बने।
2006: जापान ने दुनिया की पहली भूकम्प पूर्व चेतावनी सेवा शुरू की।
2010: अनुषा रिजवी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘पीपली लाइव’ को 31वें डरबन अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। यह फिल्म किसानों की आत्महत्या और उस पर होने वाले मीडिया तथा राजनीतिक ड्रामे पर आधारित है।
2020: भारत में पहली बार 24 घंटे के भीतर रिकॉर्ड 57,000 से अधिक नए कोरोना मामले सामने आए थे, जिससे कुल संक्रमितों का आंकड़ा 16.95 लाख से अधिक हो गया था।
2021: वेनेजुएला की युलीमार रोजास ने टोक्यो ओलंपिक में 15.67 मीटर की छलांग लगाकर महिला ट्रिपल जंप का 26 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ा और स्वर्ण पदक जीता।
2024: भारतीय निशानेबाज स्वप्निल कुसाले ने पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में 451.4 का स्कोर बनाकर कांस्य पदक जीता और इस स्पर्धा में ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने।
01 अगस्त को जन्मे प्रमुख व्यक्ति
1869: हरकोर्ट बटलर – उत्तर प्रदेश के प्रथम प्रांतीय राज्यपाल।
1882: पुरुषोत्तम दास टंडन – भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता और भारत रत्न से सम्मानित।
1899: कमला नेहरू – स्वतंत्रता सेनानी और भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पत्नी।
1910: मुहम्मद निसार– भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी।
1913: भगवान दादा– प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता एवं फ़िल्म निर्माता-निर्देशक।
1932: मीना कुमारी– भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री (जिन्हें ‘ट्रेजडी क्वीन’ कहा जाता है)।
1987: तापसी पन्नू– भारतीय अभिनेत्री।
01 अगस्त को हुए प्रमुख निधन
1913: देवकीनन्दन खत्री – हिन्दी के महान् और प्रथम तिलिस्मी लेखक।
1920: बाल गंगाधर तिलक– समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी।
2000: अली सरदार जाफ़री– ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध शायर।
2001: बेगम ऐज़ाज़ रसूल – भारतीय संविधान सभा की एकमात्र मुस्लिम महिला सदस्य।
2008: हरकिशन सिंह सुरजीत- सीपीआई (एम) के पूर्व महासचिव।
2020: अमर सिंह– भारतीय राजनीतिज्ञ, जिनका सम्बंध समाजवादी पार्टी से था।
01 अगस्त के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव
विश्व स्तनपान दिवस (सप्ताह)
नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण में स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता लाने के लिए प्रतिवर्ष 01 से 07 अगस्त तक दुनिया भर में यह विशेष सप्ताह मनाया जाता है। इसकी शुरुआत डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ के समर्थन से की गई थी।
वर्ल्ड वाइड वेब दिवस (World Wide Web Day)
वर्ल्ड वाइड वेब दिवस हर साल 1 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन टिम बर्नर्स-ली द्वारा 1989 में वर्ल्ड वाइड वेब (WWW) के आविष्कार और लोगों को स्वतंत्र रूप से जानकारी खोजने की सुविधा मिलने के सम्मान में मनाया जाता है।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



