02 August in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार वर्ष का 214वां दिन (लीप वर्ष में 215वां दिन) है। साल में अभी और 151 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 02 अगस्त का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 02 अगस्त का इतिहास एवं घटनाक्रम।
2 अगस्त 1858: जब खत्म हुआ ईस्ट इंडिया कंपनी का राज और भारत बना ब्रिटिश राज का गुलाम
व्यापार के इरादे से भारत आई ईस्ट इंडिया कंपनी ने मुगलों की कमजोरी का फायदा उठाकर रियासतों पर कब्जा करना शुरू कर दिया था। मुनाफा कमाने की हवस में किसानों और मजदूरों का शोषण बढ़ा, जिससे भारतीयों में तीव्र असंतोष पनपा। यही गुस्सा 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के रूप में फूटा, जिसने कंपनी की नींव हिला दी। दूसरी ओर, ब्रिटेन में भी आवाजें उठने लगीं कि इतने बड़े देश का शासन एक भ्रष्ट व्यापारिक संस्था के हाथ में नहीं होना चाहिए, क्योंकि कंपनी के भ्रष्टाचार के कारण ब्रिटिश सरकार को आर्थिक लाभ नहीं मिल पा रहा था।

जन-विद्रोह और राजनीतिक दबाव के चलते ब्रिटिश संसद ने 2 अगस्त 1858 को ‘भारत सरकार अधिनियम 1858’ पारित किया। इसके तहत भारत का नियंत्रण ईस्ट इंडिया कंपनी से छीनकर सीधे ब्रिटिश क्राउन यानी ब्रिटेन की संसद और महारानी के हाथों में चला गया।
इस व्यवस्था के तहत कंपनी के बोर्ड ऑफ कंट्रोल और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को समाप्त कर ‘भारत सचिव’ की नियुक्ति की गई, जिसकी सहायता के लिए 15 सदस्यीय ‘इंडियन काउंसिल’ बनाई गई। साथ ही भारत के गवर्नर जनरल के पद का नाम बदलकर ‘वायसराय’ कर दिया गया और लॉर्ड कैनिंग भारत के पहले वायसराय बने। घोषणा की गई कि भारतीयों को प्रशासनिक सेवाओं में समान अवसर मिलेंगे और देशी राजाओं के अधिकारों को सुरक्षित रखा जाएगा। इस कानून के 1 नवंबर 1858 को लागू होते ही भारत आधिकारिक तौर पर एक ब्रिटिश कॉलोनी बन गया।
सिग्नल की एक चूक और आमने-सामने टकराईं दो ट्रेनें… जानिए 2 अगस्त 1999 का वो खौफनाक मंजर जब मौत के आगोश में समाई सैकड़ों जिंदगियां
1 अगस्त 1999 की रात दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़ से लालगढ़ (राजस्थान) आ रही अवध-असम एक्सप्रेस अपनी मंजिल की ओर बढ़ रही थीं। दोनों ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरी हुई थीं। उस समय बिहार के किशनगंज स्टेशन के पास नए ट्रैक के निर्माण और मेंटेनेंस का काम चल रहा था, जिस कारण चार में से केवल एक ही ट्रैक चालू था।

किशनगंज स्टेशन पर केबिनमैन की लापरवाही की वजह से गलत सिग्नल दिया गया और अवध-असम एक्सप्रेस उसी ट्रैक पर चली गई, जिस पर सामने से ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस आ रही थी।
2 अगस्त 1999 की रात करीब पौने 2 बजे पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के ‘गाइसाल’ स्टेशन पर दोनों ट्रेनों के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों के इंजन और कई बोगियां हवा में 40 फीट तक उछल गईं।
टक्कर के तुरंत बाद बोगियों में आग लग गई और जोरदार धमाके हुए। इस हादसे में सैकड़ों निर्दोष यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यद्यपि सरकारी आंकड़ों में मृतकों की संख्या लगभग 300 बताई गई, लेकिन बोगियों में क्षमता से अधिक यात्री होने के कारण आशंका जताई गई कि इस हादसे में करीब 1,000 लोगों की जान गई थी।
इस भीषण हादसे की जांच का जिम्मा सीबीआई (CBI) को सौंपा गया। सीबीआई ने गहन जांच के बाद 20 जुलाई 2001 को चार्जशीट दायर की। इसके बाद वर्ष 2007 में अदालत ने सीबीआई की रिपोर्ट के आधार पर रेलवे के 6 कर्मचारियों को लापरवाही का दोषी पाया, जिन्हें 2 साल की जेल और 11,500 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। गाइसाल का यह हादसा आज भी भारतीय रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर एक काला धब्बा माना जाता है।
देश-विदेश में 02 अगस्त को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1790: अमेरिका में पहली बार जनगणना की गई। उस समय अमेरिका की जनसंख्या 39 लाख के आसपास थी, जिसमें से करीब 7 लाख बंदी लोग थे।
1870: लंदन में थेम्स नदी के नीचे दुनिया के पहले अंडरग्राउंड रेलवे की शुरुआत हुई।
1922: चीन में समुद्री तूफान टाइफून से लगभग साठ हजार लोगों की मृत्यु हो गई।
1934: जर्मनी के राष्ट्रपति पॉल वोन हिंडेनबर्ग के निधन के बाद चांसलर एडॉल्फ हिटलर ने राष्ट्रपति और चांसलर के पदों को मिलाकर खुद को ‘फ्यूहरर’ यानी सर्वोच्च नेता घोषित कर दिया, जिससे जर्मनी में नाजी तानाशाही शुरुआत हुई।
1935: ब्रिटिश सरकार ने भारत सरकार अधिनियम पारित कर बर्मा (अब म्यांमार) और अदन को ब्रिटिश भारत से अलग करने का प्रावधान किया गया था। यह अलगाव औपचारिक रूप से 1 अप्रैल 1937 को लागू हुआ था।
1943: दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान जापानी नौसेना ने अमेरिकी जहाज PT-109 को डुबा दिया। यही घटना विश्वयुद्ध में अमेरिका के शामिल होने की वजह बनी।
1970: सी. बेलियप्पा मुथम्मा भारत की पहली महिला राजदूत बनीं, जिन्हें हंगरी का राजदूत बनाया गया।
1985: अमेरिका में जंबो जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें कुल 137 लोगों की जान गई थी। इस दुर्घटना में विमान में सवार 136 लोग और जमीन पर मौजूद 1 व्यक्ति की मौत हुई थी।
1987: विश्वनाथ आनंद विश्व जूनियर शतरंज चैम्पियनशिप जीतने वाले पहले एशियाई बने।
1990: सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में इराकी सेना ने कुवैत पर अचानक हमला कर उस पर कब्जा कर लिया। इस घटना ने मध्य पूर्व में भारी तनाव पैदा कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप 1991 का ‘खाड़ी युद्ध’ (Gulf War) हुआ।
1999: चीन ने लम्बी दूरी (8000 किमी.) की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण किया।
2008: यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने हांगकांग में अपनी पहली विदेशी शाखा का शुभारंभ किया था, जिससे अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग में उसका विस्तार हुआ।
2018: टेक कंपनी एपल की मार्केट वैल्यू 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो गई। एपल इस उपलब्धि को हासिल करने वाली पहली पब्लिक लिस्टेड अमेरिकी कंपनी बन गई।
2010: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र विशेषकर खैबर-पख्तूनख्वा में मानसून की भारी बारिश और बाढ़ से 1,000 से अधिक लोगों की मौत हुई।
2012: अमेरिकी तैराक माइकल फेल्पस ने लंदन ओलिंपिक में लगातार तीन गोल्ड जीते।
2012: लंदन ओलम्पिक में भारत ने कुल 6 पदक जीते जिसमें 2 रजत और 4 कांस्य शामिल हैं। भारत इस प्रतियोगिता में 55वें नम्बर पर रहा। पदक तालिका में अमेरिका शीर्ष पर रहा जिसने 104 पदक जीते।
2021: हिमाचल प्रदेश सरकार ने 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए सख्त कोविड-19 प्रोटोकॉल और एसओपी (SOP) के साथ स्कूल फिर से खोले।
02 अगस्त को जन्मे प्रमुख व्यक्ति
1861: प्रफुल्ल चंद्र राय – भारत के प्रसिद्ध वैज्ञानिक, जिन्हें ‘रसायन विज्ञान का जनक’ माना जाता है।
1876: पिंगली वेंकैया– भारत के राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ की रूपरेखा (डिजाइन) तैयार करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी और ध्वज-शिल्पी।
1877: रविशंकर शुक्ल – महान स्वतंत्रता सेनानी और मध्य प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री।
1922: जी.पी. बिड़ला (गंगा प्रसाद बिरला)- समाज सेवा के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित भारत के प्रसिद्ध उद्यमी।
1956: विजय रूपाणी – गुजरात के मुख्यमंत्री।
1958: अरशद अयूब – पूर्व भारतीय क्रिकेटर।
02 अगस्त को हुए प्रमुख निधन
1980: रामकिंकर बैज– आधुनिक भारतीय मूर्तिकला के जनक और पद्म भूषण से सम्मानित प्रसिद्ध मूर्तिकार तथा चित्रकार।
2009: देवेन्द्र नाथ द्विवेदी– संविधान विशेषज्ञ और गुजरात के मनोनीत राज्यपाल।
1922: अलेक्जेंडर ग्राहम बेल– टेलीफोन का आविष्कार कर दुनिया में संचार क्रांति की नींव रखने वाले महान वैज्ञानिक और इंजीनियर।
2010: कमल कपूर – भारतीय सिनेमा के दिग्गज चरित्र अभिनेता। उन्होंने 600 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया
2023: नितिन चंद्रकांत देसाई – प्रसिद्ध भारतीय कला निर्देशक और फिल्म निर्माता।
02 अगस्त के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव
विश्व स्तनपान दिवस (सप्ताह)

नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण में स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता लाने के लिए प्रतिवर्ष 01 से 07 अगस्त तक दुनिया भर में यह विशेष सप्ताह मनाया जाता है। इसकी शुरुआत डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ के समर्थन से की गई थी।
विश्व आंग्ल-भारतीय दिवस
‘विश्व आंग्ल-भारतीय दिवस’ (World Anglo-Indian Day) प्रतिवर्ष 2 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन आंग्ल-भारतीय समुदाय के समृद्ध इतिहास, संस्कृति और भारत के विकास में उनके विशेष योगदान को याद और सम्मानित करने के लिए समर्पित है। यह दिन देश के लिए इस समुदाय के लोगों की मेहनत और उनकी अनोखी परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर है।
दादरा एवं नगर हवेली मुक्ति दिवस
दादरा एवं नगर हवेली मुक्ति दिवस हर साल 2 अगस्त को मनाया जाता है। 2 अगस्त 1954 को पुर्तगाली शासन से इस क्षेत्र की ऐतिहासिक और सफल स्वतंत्रता की याद दिलाता है। 15 अगस्त 1947 को भारत के आजाद होने के बाद भी यह क्षेत्र पुर्तगालियों के नियंत्रण में रहा था। स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों ने मिलकर 2 अगस्त 1954 को सिलवासा से पुर्तगाली राज को खत्म किया और तिरंगा फहराया। इसके बाद 11 अगस्त 1961 को दादरा एवं नगर हवेली आधिकारिक तौर पर भारत गणराज्य का हिस्सा बन गया।
अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडशिप डे
भारत और कई अन्य देशों में अगस्त महीने के पहले रविवार को ‘फ्रेंडशिप डे’ (Friendship Day / मित्रता दिवस) के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। जब 2 अगस्त को अगस्त का पहला रविवार पड़ता है, तो यह दिन दोस्तों के साथ रिश्ते को मजबूत करने, आपसी विश्वास, प्रेम और सौहार्द का जश्न मनाने के उत्सव में बदल जाता है।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



