31 July in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार वर्ष का 212वां दिन (लीप वर्ष में 213वां दिन) है। साल में अभी और 153 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 31 जुलाई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 31 जुलाई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
31 जुलाई 1995: ज्योति बसु ने मिलाया नंबर और गूंजी पहली आवाज… जानिए कैसे हुई भारत में मोबाइल की शुरुआत
यह कहानी भारत के उस ऐतिहासिक मोड़ की है, जिसने देश के कोने-कोने को तकनीक की एक डोर से जोड़ दिया। आज जब मोबाइल हमारे जीवन का अटूट हिस्सा बन चुका है, तब उसकी नींव आज ही के दिन रखी गई थी।
आज ही के दिन 1995 को भारत में मोबाइल फोन से पहली बार दो लोगों ने बात की थी। कोलकाता की रॉयटर बिल्डिंग से ये फोन लगाया गया था। मोबाइल से कॉल लगाने वाले थे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ज्योति बसु। बसु ने तत्कालीन टेलिकॉम मिनिस्टर सुखराम को फोन किया था। सुखराम उस वक्त दिल्ली के संचार भवन में बैठे थे। इस फोन कॉल से भारत में संचार क्रांति की शुरुआत हुई।
भारत में मोबाइल तकनीक का सपना 1980 के दशक में शुरू हुआ था, जब उद्योगपति बी.के. मोदी ने ‘मोदी कॉर्प’ की स्थापना की। 1993 में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई कंपनी ‘टेलस्ट्रा’ के साथ मिलकर ‘मोदी टेलस्ट्रा’ बनाई, जो भारत में सेलुलर सर्विस देने वाली पहली कंपनी बनी।
1994 में मुख्यमंत्री ज्योति बसु ने बी.के. मोदी से इच्छा जताई कि कलकत्ता मोबाइल नेटवर्क वाला देश का पहला शहर बनना चाहिए। भारत में ऑपरेटिंग तकनीक न होने के कारण बी.के. मोदी ने फिनलैंड की दिग्गज कंपनी नोकिया से संपर्क किया। नोकिया और टेलस्ट्रा ने मिलकर महज एक साल के भीतर कलकत्ता में बेस स्टेशन और पूरा नेटवर्क ढांचा तैयार कर दिया।
शुरुआत में मोबाइल सेवा केवल गिने-चुने उद्योगपतियों और नेताओं तक सीमित रही, क्योंकि दरें आम आदमी की पहुंच से बाहर थीं। उस समय आउटगोइंग कॉल के लिए ₹16.80 प्रति मिनट और इनकमिंग कॉल (कॉल सुनने) के लिए ₹8.40 प्रति मिनट का शुल्क देना पड़ता था। यानी केवल एक मिनट की बात का कुल खर्च लगभग ₹25 आता था।
31 जुलाई 1995 को हुई उस पहली कॉल के बाद भारत ने टेलीकॉम क्षेत्र में पीछे मुड़कर नहीं देखा। जो सेवा कभी ₹25 प्रति मिनट में मिलती थी, आज वही क्रांति भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टेलीकॉम मार्केट बना चुकी है।
31 जुलाई 1940: जब शहीद उधम सिंह ने जलियांवाला बाग के प्रतिशोध का वादा पूरा कर चूमा था फांसी का फंदा

यह कहानी भारत मां के उस अमर सपूत की है, जिसने 21 सालों तक अपने दिल में बदले की आग को जलाए रखा। जलियांवाला बाग की मिट्टी को हाथ में लेकर ली गई प्रतिज्ञा को पूरा करने के लिए जिसने दुनिया का सफर तय किया और दुश्मन को उसी की सरजमीं पर जाकर ढेर किया।
अप्रैल 1919 में ब्रिटिश सरकार ने कांग्रेस नेताओं डॉक्टर सैफुद्दीन किचलू और डॉक्टर सत्यपाल को गिरफ्तार कर लिया था। इस गिरफ्तारी के विरोध में 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर के जलियांवाला बाग में हजारों लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए। तभी क्रूर जनरल डायर अपनी टुकड़ी के साथ वहां पहुंचा और बाग के एकमात्र संकरे रास्ते को बंद करके मासूम जनता पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।
इस भयावह नरसंहार में हजारों निर्दोष भारतीय शहीद हो गए। इस पूरी बर्बरता का गवाह एक नवयुवक बना, जिसका नाम था उधम सिंह। उस दिन जलियांवाला बाग की खून से सनी मिट्टी को अपने हाथ में लेकर उधम सिंह ने कसम खाई कि वे इस नरसंहार का बदला लेकर ही सांस लेंगे।
अपनी प्रतिज्ञा पूरी करने के लिए उधम सिंह कई देशों की यात्राएं करते हुए आखिरकार लंदन पहुंचे। तब तक जलियांवाला बाग में गोलियां चलवाने वाला जनरल डायर बीमारी से मर चुका था। इसके बाद उधम सिंह ने अपना ध्यान माइकल ओ’ड्वायर पर केंद्रित किया, जो नरसंहार के समय पंजाब का गवर्नर था और जिसने इस जघन्य हत्याकांड का समर्थन किया था।
13 मार्च 1940 को लंदन के कॉक्सटन हॉल में एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें माइकल ओ’ड्वायर मुख्य वक्ता था। उधम सिंह एक किताब को अंदर से काटकर उसमें छुपाकर पिस्टल ले गए थे। जैसे ही ओ’ड्वायर बोलने के बाद हटा, उधम सिंह ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। ओ’ड्वायर की मौके पर ही मौत हो गई। प्रतिज्ञा पूरी होने के बाद उधम सिंह वहां से भागे नहीं, बल्कि मुस्कुराते हुए अपनी गिरफ्तारी दे दी।
अदालत में मुकदमा चला और 4 जुलाई 1940 को उन्हें दोषी ठहराया गया। मुकदमे के दौरान जब उनसे नाम पूछा गया, तो उन्होंने अपना नाम ‘राम मोहम्मद सिंह आजाद’ बताया, जो भारत की साझी विरासत और एकता का प्रतीक था।
31 जुलाई 1940 को लंदन की पेंटनविले जेल में भारत माता के इस निडर वीर योद्धा को फांसी दे दी गई। शहीद उधम सिंह की यह शहादत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में वीरता और स्वाभिमान का सर्वोच्च उदाहरण बनकर अमर हो गई।
31 जुलाई 1658: जब पिता को कैद और भाइयों का कत्ल कर गद्दी पर बैठा औरंगजेब

1658 में आज ही के दिन औरंगजेब मुगल साम्राज्य का सुल्तान बना और अगले 49 साल तक गद्दी पर रहा। वह अकबर के बाद सबसे ज्यादा लंबे समय तक शासन करने वाला सुल्तान था।
कहा जाता है कि औरंगजेब और उसके भाइयों की आपस में बिल्कुल नहीं बनती थी। गद्दी को लेकर अक्सर भाइयों में विवाद होता रहता था। 1657 में शाहजहां के बीमार पड़ने के बाद सत्ता का विवाद और बढ़ गया। औरंगजेब ने अपने पिता को बंदी बना लिया, भाइयों का कत्ल कर दिया और खुद राजा बन बैठा।
देश-विदेश में 31 जुलाई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1498: क्रिस्टोफर कोलंबस अपनी तीसरी यात्रा के दौरान त्रिनिदाद द्वीप पर पहुंचे।
1848: फ्रांस ने अपने उपनिवेशों में गुलामी प्रथा को पूरी तरह समाप्त कर दिया।
1855: अमेरिका के पहले पशु चिकित्सा कॉलेज, बोस्टन वेटरनरी इंस्टीट्यूट की स्थापना बोस्टन, मैसाचुसेट्स में डॉ. जार्ज एच. बर्ड और उनके साथियों द्वारा की गई थी।
1865: ऑस्ट्रेलिया में दक्षिण पूर्व क्वीलस्लैंड ग्रैडचेस्टर शहर में दुनिया की पहली नैरो-गेज मुख्य लाइन रेलवे (छोटी रेल लाइन) शुरू हुई थी। यह ट्रेन ग्रैंडचेस्टर से बिग्स कैंप तक चलाई गई थी।
1924: मद्रास प्रेसीडेंसी क्लब ने दक्षिण भारत में नियमित दैनिक रेडियो प्रसारण की ऐतिहासिक शुरुआत की थी। इस पहल ने देश में जनसंचार और ब्रॉडकास्टिंग के विस्तार में एक अहम भूमिका निभाई।
1933: महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता संग्राम को मजबूत करने के इरादे से साबरमती आश्रम हमेशा के लिए छोड़ दिया था।
1948: भारत में सबसे पहली राज्य परिवहन सेवा पश्चिम बंगाल में (कलकत्ता) राज्य परिवहन निगम की स्थापना में की गई।
1950: काठमांडू में भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक ‘शांति और मित्रता संधि’ पर हस्ताक्षर किए गए।
1954: इटालियन पर्वतारोही लिनो लेसेलेली और एचीले कॉम्पानोनी दुनिया के दूसरे सबसे ऊंचे पर्वत शिखर के2 पर पहुंचने वाले पहले इंसान बने थे।
1970: संसद में हिमाचल प्रदेश को केंद्रशासित प्रदेश से ‘पूर्ण राज्य’ का दर्जा देने से संबंधित ऐतिहासिक विधेयक पेश किया गया था। इसी के बाद 25 जनवरी 1971 को हिमाचल प्रदेश भारत का 18वां राज्य बना।
1971: नासा के अपोलो-15 मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्री डेविड स्कॉट और जेम्स इरविन ने पहली बार चंद्रमा की सतह पर ‘लूनर रोविंग व्हीकल’ नामक इलेक्ट्रिक गाड़ी साढ़े 6 घंटे चलाई थी।
1991: अमेरिका और सोवियत संघ के बीच सामरिक शस्त्र कटौती संधि पर हस्ताक्षर हुए।
1992: प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सत्यजीत रे को कला एवं जनसंचार के क्षेत्र में योगदान के लिए रेमन मैग्सेसे पुरस्कार (मरणोपरांत) दिए जाने की घोषणा की गई।
1992: सितार वादक पंडित रविशंकर मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित।
1992: नेपाल की राजधानी काठमांडू में थाईलैंड का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से 113 लोगों की जानें गईं।
1993: भारत के पहले तैरते हुए समुद्री संग्रहालय का कलकत्ता (अब कोलकाता) में उद्घाटन हुआ।
2000: लोकसभा ने मध्य प्रदेश पुनर्गठन विधेयक पारित किया था, जिससे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ।
2006: क्यूबा के लंबे समय तक राष्ट्रपति रहे फिदेल कास्त्रो ने स्वास्थ्य कारणों से देश की बागडोर अपने भाई राउल कास्त्रो को सौंपी थी।
2009: पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा 2007 में लगाए गए आपातकाल को असंवैधानिक करार दिया।
2010: जयपुर के 18वीं सदी के जंतर-मंतर को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया। इसे महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने 1734 ईस्वी में बनवाया था।
2012: भारतीय भौतिकविद् प्रो. अशोक सेन को स्ट्रिंग थ्योरी (रज्जु सिद्धांत) में उनके क्रांतिकारी योगदान के लिए दुनिया के सबसे बड़े शैक्षणिक पुरस्कारों में गिने जाने वाले पहले फंडामेंटल फिजिक्स प्राइज़ (अब ब्रेकथ्रू प्राइज) के नौ विजेताओं में से एक चुना गया था।
2012: अमेरिकी तैराक माइकल फेल्प्स ने लंदन ओलंपिक में अपना 19वां पदक जीतकर सोवियत जिम्नास्ट लारिसा लैटिना (18 पदक) का 48 साल पुराना सबसे ज्यादा ओलंपिक पदक जीतने का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था।
2020: टोक्यो ओलंपिक में पी. वी. सिंधु ने महिला बैडमिंटन एकल में चीन की हे बिंगजियाओ को हराकर कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही वे लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बनीं।
2025: Microsoft का बाजार पूंजीकरण 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के स्तर को पार कर गया और वह इस उपलब्धि तक पहुँचने वाली दुनिया की दूसरी कंपनी बनी।
31 जुलाई को जन्मे प्रमुख व्यक्ति
1880: मुंशी प्रेमचंद -हिंदी और उर्दू साहित्य के महानतम उपन्यासकार एवं कहानीकार। उनका वास्तविक नाम धनपत राय श्रीवास्तव है।
1902: के. शंकर पिल्लई – भारत के जाने-माने कार्टूनिस्ट और ‘चिल्ड्रन्स बुक ट्रस्ट’ के संस्थापक उनहेनन ‘शंकर’ के नाम से जाना जाता है।
1907: दामोदर धर्मानंद कोसांबी – भारत के प्रसिद्ध विद्वान, भाषा-वैज्ञानिक और गणितज्ञ।
1916: मोहन लाल सुखाड़िया – राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री।
1922: बिल केसिंग – अमेरिकी लेखक।
1941: अमरसिंह चौधरी– गुजरात के आठवें मुख्यमंत्री।
1947: मुमताज़– प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेत्री।
1965: जे.के. रोलिंग- प्रसिद्ध ‘हैरी पॉटर’ उपन्यास श्रृंखला की लेखिका।
1992: कियारा आडवाणी– हिंदी और तेलुगु फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री।
31 जुलाई को हुए प्रमुख निधन
1941: आशुतोष दास – स्वतंत्रता सेनानी और समाज सेवक।
1968: श्रीपाद दामोदर सातवलेकर – बीसवीं शताब्दी के भारतीय सांस्कृतिक उन्नयन में विशेष योगदान देने वाले विद्वान।
1980: मोहम्मद रफ़ी – हिंदी फिल्मों के महान पार्श्र्व गायक।
2020: सोनम छेरिंग लेप्चा- पद्म श्री से सम्मानित भारत के प्रसिद्ध सिक्किम/पश्चिम बंगाल के लोक संगीतकार और गीतकार, जिन्होंने लेप्चा संस्कृति को नई पहचान दी।
31 जुलाई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव

विश्व रेंजर दिवस
विश्व रेंजर दिवस (World Ranger Day) वन्यजीवों, जंगलों और प्राकृतिक संपदा की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले पार्क रेंजर्स व वन रक्षकों (Forest Rangers) के योगदान को सम्मानित करने और ड्यूटी के दौरान शहीद हुए रेंजर्स को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रतिवर्ष 31 जुलाई को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत ‘इंटरनेशनल रेंजर फेडरेशन’ (IRF) द्वारा वर्ष 2007 में की गई थी।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



