कुल्लू जिला के आनी में शमशर के समीप एक सड़क हादसे में 4 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन अन्य घायल हैं।
हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ। शमशर में बालीओल के समीप तेज आंधी-तूफान से एक विशाल चीड़ का पेड़ चलती बोलेरो गाड़ी पर गिर गया। पेड़ के भारी भरकम वजन और स्पीड से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से पेड़ सहित नीचे खाई में गिर गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त गाड़ी में ड्राइवर समेत 7 लोग सवार थे। इस हादसे में गाड़ी में सवार चार महिला शिक्षकों की मौत हो गई। चारों मृतक शिक्षिकाएं स्कूल से छुट्टी के बाद आनी लौट रहीं थी।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। साथ चल रही अन्य गाड़ियों के यात्रियों ने नीचे उतरकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया गया। अस्पताल में चार शिक्षिकाओं को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो घायल शिक्षिकाओं को गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। चालक का इलाज आनी अस्पताल में जारी है।

हादसे में मृतकों की पहचान स्नेह लता पत्नी टीका नंद निवासी गांव पारलीधार, बंती कौंडल पत्नी हेम दत्त निवासी गांव लामीसेरी, उषा कुमारी पत्नी मदन लाल निवासी गांव तराला और सीमा आजाद पत्नी जिया लाल आजाद निवासी गांव रोपड़ी के रूप में हुई है। ये सभी शिक्षिकाएं इस क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में सेवाएं दे रही थीं, जो स्कूल से वापस इस गाड़ी में अपने घर आ रही थी।
घायलों में चालक सुरेश चंद (42), तारा देवी (47) और रीना कुमारी (40) शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर व्यक्त किया शोक
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार और मिल्कफेड के अध्यक्ष बीएस ठाकुर ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

