8 जून: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 8 जून वर्ष का 159वां (लीप वर्ष में यह 160वां) दिन है। साल में अभी 206 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 8 जून का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 8 जून का इतिहास एवं घटनाक्रम।
8 जून की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 8 June in History)
देश की रेडियो सर्विस को ऑल इंडिया रेडियो नाम मिला, आज देश की 99% आबादी तक है आकाशवाणी की पहुंच
1936 में आज ही के दिन भारतीय रेडियो सेवा को ऑल इंडिया रेडियो नाम मिला था। इससे पहले इसे इंडियन स्टेट ब्रॉडकास्टिंग सर्विस के नाम से जाना जाता था। आगे चलकर इसे आकाशवाणी के नाम से भी जाना गया। देश में रेडियो की शुरुआत 23 जुलाई 1927 को हुई। रेडियो क्लब ऑफ बॉम्बे से शुरू हुआ सफर 94 साल बाद देश की 99.18% आबादी तक पहुंच चुका है।
23 जुलाई 1927 को बॉम्बे और 5 महीने बाद कलकत्ता में रेडियो का प्रसारण शुरू हुआ। 12 साल बाद अक्टूबर 1939 में ऑल इंडिया रेडियो की विदेश सेवा शुरू की गई। इसी साल पहली बार पश्तो भाषा में भी प्रसारण शुरू हुआ।
आजादी के वक्त भारत में 9 रेडियो स्टेशन नियमित प्रसारण करना शुरू कर चुके थे। जब भारत-पाकिस्तान अलग हुए तो इनमें से 3 पाकिस्तान में चले गए। उस समय तक भारत की केवल 11% आबादी तक ही ऑल इंडिया रेडियो की पहुंच थी।
1956 में ऑल इंडिया रेडियो को आकाशवाणी नाम दिया गया और अगले ही साल विविध भारती शुरू किया गया। कहा जाता है कि रेडियो सीलोन को टक्कर देने के लिए विविध भारती शुरू किया गया था। धीरे-धीरे आकाशवाणी में कार्यक्रमों का विस्तार किया गया। संगीत, नाटक, क्रिकेट कमेंट्री और अलग-अलग विधाओं से जुड़े प्रोग्राम प्रसारित करना शुरू किए गए।
उसके बाद आकाशवाणी ने दिन दोगुनी रात चौगुनी तरक्की की। आज आकाशवाणी दुनिया के सबसे बड़े ब्रॉडकास्टिंग संस्थान में से एक है। देशभर में 262 रेडियो स्टेशन के जरिए भारत की 99.18% आबादी तक इसकी पहुंच है। 25 से भी ज्यादा भाषाओं में 100 से भी ज्यादा देशों में आकाशवाणी के जरिए प्रसारण किया जाता है।
आकाशवाणी का समाचार विभाग रोजाना अलग-अलग भाषाओं में 647 समाचार बुलेटिन का प्रसारण करता है।
1948: एयर इंडिया की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान
8 जून 1948…दिन मंगलवार…रात के करीब 10 बजे…मुंबई का सांताक्रूज एयरपोर्ट…आम दिनों के मुकाबले आज यहां चहल-पहल ज्यादा थी। प्रेस वालों का तांता लगा था। लोग एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखकर गर्दन ऊंची कर रनवे की तरफ देखने की कोशिश कर रहे थे। रनवे पर मार्टिन L-749A कांस्टेलेशन एयरक्राफ्ट शान से खड़ा था। रात करीब सवा 11 बजे इस एयरक्राफ्ट ने उड़ान भरी। इसी के साथ भारत के इतिहास में ये दिन सुनहरे अक्षरों में लिखा गया। एयर इंडिया की ये पहली इंटरनेशनल फ्लाइट थी।
8 जून को उड़ा ये विमान 10 जून को लंदन पहुंचा। करीब 5 हजार किलोमीटर के सफर के दौरान विमान काइरो और जिनेवा दो जगहों पर रुका। विमान में जे आर डी टाटा और जामनगर के नवाब आमीर अली खान को मिलाकर कुल 35 लोग सवार थे। विमान को मालाबार प्रिंसेस नाम दिया गया और इसके कैप्टन के आर गुज्दर थे। यात्रियों से भारत से लंदन तक के सफर के 1720 रुपए लिए गए।
इस पल के लिए एयर इंडिया महीनों पहले से तैयारी कर रही थी। आजादी के पहले से ही जे आर डी टाटा की टाटा एयरलाइंस देशभर में डोमेस्टिक फ्लाइट उड़ाती थी। भारत सरकार ने टाटा एयरलाइंस में 49% हिस्सेदारी खरीदी और इसका नाम एयर इंडिया कर दिया गया। अब बारी थी एयर इंडिया को इंटरनेशनल फ्लाइट उड़ाने की जिम्मेदारी देने की। एयर इंडिया ने इसके लिए नए स्टाफ की भर्ती की। जिनेवा, काइरो और लंदन में नए ऑफिस खोले गए।
2000: सीरियल चर्च ब्लास्ट
साल 2000 में आज ही के दिन कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के सेंट एन चर्च में 2 बम धमाके हुए थे। इसकी जिम्मेदारी दीनदार अंजुमन नामक एक संगठन ने ली थी। इसी संगठन ने आंध्र प्रदेश, गोवा और कर्नाटक में भी चर्च में धमाके किए। 9 जुलाई को जगजीवन राम नगर के एक चर्च में धमाका करने के बाद संगठन से जुड़े आतंकी वैन से लौट रहे थे। तभी वैन में रखे बम फट गए और 3 आतंकियों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक वैन उबड़-खाबड़ रास्ते से गुजर रही थी इस वजह से वैन में रखे बम फट गए। कोर्ट ने इस सीरियल ब्लास्ट मामले में 23 लोगों को दोषी ठहराया था।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 8 जून को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1658: औरंगज़ेब का आगरा के क़िले पर क़ब्ज़ा- मुगल शहजादे औरंगज़ेब ने अपने बीमार पिता शाहजहाँ को आगरा के क़िले में कैद कर लिया और सत्ता पूरी तरह अपने हाथ में ले ली। शाहजहाँ ने अपने जीवन के आखिरी साल इसी क़िले की कैद में बिताए।
1786: आइसक्रीम के लिए व्यावसायिक तौर पर पहला विज्ञापन बनाया गया।
1824: नोह कुशिंग ने वाशिंग मशीन का पेंटेट कराया।
1830: जर्मनी के आविष्कारक कैम्बर्ज़ ने माचिस बनाई।
1909: भूकंप और सुनामी ने इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर स्थित कोरिनची शहर को नष्ट कर दिया, जिसकी वजह से 230 लोग मारे गए।
1855: पुर्तगाल की राजधानी लिसबन को भीषण भूकम्प और उससे लगने वाली आग के कारण पूरी तरह तबाह हो गया।
1869: सन शिकागो के आइविस डब्ल्यू मैकजैफी के पहले वैक्यूम क्लीनर का पेटेंट हुआ।
1915: ‘गीत रहस्य’ का प्रकाशन- लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक द्वारा मांडले जेल (म्यांमार) में लिखी गई प्रसिद्ध पुस्तक ‘गीत रहस्य’ आज ही के दिन प्रकाशित हुई थी, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लोगों को कर्मयोग की प्रेरणा दी।
1924: ब्रिटिश पर्वतारोही जॉर्ज मैलोरी और एंड्रयू इरविन माउंट एवरेस्ट की चोटी पर चढ़ने के प्रयास के दौरान अचानक लापता हो गए। उन्हें आखिरी बार आज ही के दिन देखा गया था।
1937: अमेरिका में न्यूयार्क शहर के एक बोटेनिकल गार्डन में दुनिया का सबसे बड़ा फूल खिला।
1940: 93वें तत्व नेपप्टुनियम की खोज की घोषणा की गई।
1948: आज ही के दिन देश की सरकारी विमान सेवा एयर इंडिया ने भारत और ब्रिटेन के बीच हवाई सेवा शुरू की। इस सेवा की यह पहली अन्तरराष्ट्रीय उड़ान थी।
1949: स्याम बना ‘थाईलैंड’- एशियाई देश ‘स्याम’ (Siam) ने आधिकारिक तौर पर अपना नाम बदलकर ‘थाईलैंड’ कर लिया, जिसका अर्थ होता है “मुक्तात्माओं की भूमि”।
1953: अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने वॉशिंगटन के रेस्टोरेंट्स को काले लोगों को खाना खिलाने से मना करने पर रोक लगाई।
1955: आज ही के दिन अपने किस्म के पहले मुकदमे में ब्रिटेन में एक पुरुष को दूसरे पुरुष के साथ दुराचार की कोशिश के मामले में सजा सुनाई गई थी।
1963: अमेरिकी हृदय संघ एजेंसी (AHA) सिगरेट के विरोध में अभियान चलाने वाली पहली एजेंसी बनी।
1982: ब्राजीली विमान बी-727 दुर्घटनाग्रस्त होने से 135 लोगों की मौत हुई।
1992: वर्ल्ड ओशियन डे मनाने की शुरुआत हुई। इस दिन को पहली बार ब्राजील में मनाया गया था।
1997: महेश भूपति ने रचा इतिहास- भारतीय टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति ने पेरिस में फ्रेंच ओपन का मिक्स्ड डबल्स (मिश्रित युगल) खिताब जीतकर इतिहास रचा। वह ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे।
2012: पाकिस्तान में एक बस में हुये बम धमाके में 18 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गये।
2020: कोरोना मामलों में रिकॉर्ड उछाल- भारत में एक ही दिन में करीब 9,983 नए कोरोना मामले सामने आए थे, जो उस समय तक का सबसे बड़ा दैनिक उछाल था। इस बढ़त के साथ ही भारत कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गया था। दुनिया भर में कोरोना वायरस के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 4,00,000 को पार कर गई थी।
2022: मिताली राज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास- भारतीय महिला क्रिकेट की रीढ़ और दुनिया की महानतम बल्लेबाजों में शुमार मिताली राज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। 23 साल से अधिक लंबे करियर में उन्होंने कई बेमिसाल रिकॉर्ड बनाए, जिसमें वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (7,805) बनाने का रिकॉर्ड भी शामिल है।
8 जून को जन्मे व्यक्ति (Born on 8 June)
1955: www यानी वर्ल्ड वाइड वेब के जनक टिम बर्नर्स ली का जन्म
टिम का जन्म आठ जून 1955 को इंग्लैंड में हुआ था। टिम ने क्वींस कॉलेज, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से शिक्षा ग्रहण की थी। इस दौरान उन्होंने अपने दोस्त के साथ मिलकर कई सिस्टम हैक किए थे, जिसके बाद उनके कॉलेज के कम्प्यूटर इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बावजूद टिम ने टेलीविजन, एक मोटोरोला माइक्रो-प्रोसेसर और सोल्डरिंग आयरन से खुद ही कम्प्यूटर तैयार किया था। टिम ने सन 1994 में वेब संघ की स्थापना की थी। टिम बर्नर्स ली ने www यानी वर्ल्ड वाइड वेब बनाया और 1991 में पहली वेबसाइट http://info.cern.ch लॉन्च की। इस पर वर्ल्ड वाइड वेब कांसेप्ट के बारे में पूरी जानकारी दी गई थी, जिससे कोई भी यूजर अपनी वेबसाइट शुरू कर सकता था। टिन बर्नर्स ली को HTML, URL, HTTP जैसी तकनीकों के फंडामेंटल लिखने का श्रेय भी जाता है। साल 2004 में टिम बर्नर्स को ब्रिटेन की महारानी ने नाइटहुड की उपाधि दी थी। इसके बाद 2007 में टिम को ऑर्डर ऑफ मेरिट का सम्मान भी मिला था। वहीं, टिम बर्नर्स का नाम दुनिया 100 महान वैज्ञानिकों की सूची में शामिल है।
1957: डिंपल कपाड़िया – बॉलीवुड अभिनेत्री। महज 16 साल की उम्र में फिल्म ‘बॉबी’ (1973) से रातों-रात सुपरस्टार बनने वाली डिंपल कपाड़िया का जन्म आज ही के दिन हुआ था। उन्होंने ‘रुदाली’, ‘क्रांतिवीर’ और हाल ही में हॉलीवुड फिल्म ‘टेनेंट’ (Tenet) व भारतीय वेब सीरीज में अपने दमदार अभिनय का लोहा मनवाया है।
1975: शिल्पा शेट्टी- भारतीय अभिनेत्री और मॉडल है। बाज़ीगर, धड़कन और लाइफ इन मेट्रो जैसी फिल्मों से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाली प्रसिद्ध अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी फिल्मों के अलावा अपनी फिटनेस, योग और ‘ब्रिटिश रियलिटी शो बिग ब्रदर’ की विजेता बनने के लिए भी जानी जाती हैं।
8 जून को हुए निधन (Died on 8 June)
632 ईस्वी: पैगंबर मोहम्मद साहब का निधन
इस्लाम धर्म के संस्थापक और आखिरी पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का निधन मदीना (सऊदी अरब) में हुआ था। इसके बाद इस्लामी नेतृत्व के लिए ‘खलीफा’ प्रणाली की शुरुआत हुई।
1968: मदुराई मणि अय्यर- कर्नाटक संगीत के गायक।
2009: मशहूर पटकथा लेखक, नाट्य निर्देशक, कवि और अभिनेता हबीब तनवीर का निधन
हबीब तनवीर भारत के सबसे मशहूर पटकथा लेखक, नाट्य निर्देशक, कवि और अभिनेता थे। वे हिन्दुस्तानी रंगमंच के शलाका पुरुष थे। उन्होंने लोकधर्मी रंगकर्म को पूरी दुनिया में प्रतिष्ठित किया और भारतीय रंगमंच को एक नया मुहावरा दिया। 50 वर्षों की लंबी रंग यात्रा में हबीब जी ने 100 से अधिक नाटकों का मंचन व सृजन किया। उनका कला जीवन बहुआयामी था। वे जितने अच्छे अभिनेता, निर्देशक व नाट्य लेखक थे उतने ही श्रेष्ठ गीतकार, कवि, गायक व संगीतकार भी थे। उन्हें भारत सरकार द्वारा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, पद्मश्री, पद्म भूषण से सम्मानित किया है।
8 जून के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव (Important events and festivities of 8 June)
अन्तरराष्ट्रीय महासागर दिवस
विश्व महासागर दिवस (World Oceans Day) प्रतिवर्ष ‘8 जून’ को मनाया जाता है। समुद्र की महत्त्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस दिवस की शुरुआत वर्ष 1992 में की गई थी। सन 1992 में रियो डी जनेरियो में हुए ‘पृथ्वी ग्रह’ नामक फोरम में प्रतिवर्ष विश्व महासागर दिवस मनाने के फैसले के बाद और सन 2008 में संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा इस संबंध में आधिकारिक मान्यता दिए जाने के बाद से यह दिवस मनाया जाने लगा है। विश्व महासागर दिवस मनाने का प्रमुख कारण विश्व में महासागरों के महत्व और उनकी वजह से आने वाली चुनौतियों के बारे में विश्व में जागरूकता पैदा करना है। इसके अलावा महासागर से जुड़े पहलुओं, जैसे- खाद्य सुरक्षा, जैव-विविधता, पारिस्थितिक संतुलन, सामुद्रिक संसाधनों के अंधाधुंध उपयोग, जलवायु परिवर्तन आदि पर प्रकाश डालना है। पहला विश्व महासागर दिवस 8 जून, 2009 को मनाया गया था। इसके बाद से प्रतिवर्ष 8 जून को विश्व भर में ‘विश्व महासागर दिवस’ मनाया जाता है।
विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस
विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस (World Brain Tumor Day) प्रतिवर्ष ‘8 जून’ को मनाया जाता है। चिकित्सा विशेषज्ञों का यह मानना है कि विश्व भर में हर दिन एक लाख में से दस लोग ब्रेन ट्यूमर के कारण मरते हैं। ‘ब्रेन ट्यूमर दिवस’ पर विश्व के अनेक देशों में कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं, जिनमें इस बीमारी के लक्षणों और इसके उपचार के बारे में आवश्यक जानकारियाँ दी जाती हैं। ब्रेन ट्यूमर सबसे घातक बीमारियों में गिनी जाती है।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



