Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर अपने रौद्र रूप में लौटने के लिए तैयार है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में 24 जुलाई तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम के इस बदलते मिजाज ने प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 20 और 21 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर जैसे जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा शिमला, सोलन, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर में भी 22 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में भी राज्य के कई इलाकों में बादलों ने डेरा जमाए रखा। चंबा के चुआड़ी में 18 मिमी और धर्मशाला में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले 4-5 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा उलटफेर देखने को नहीं मिलेगा, जिससे उमस और नमी बनी रहेगी।
प्रशासन की सख्त अपील
आईएमडी और स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों सहित आम जनता से बेहद सतर्क रहने को कहा है। उफनते नदी-नालों से दूर रहने, लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में सफर न करने और ट्रेकिंग जैसी गतिविधियों को पूरी तरह टालने की सलाह दी गई है। किसी भी क्षेत्र में जाने से पहले आधिकारिक ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक कर लें।
स्कूलों की छुट्टी पर बड़ा फैसला
लगातार खराब हो रहे मौसम के बीच अभिभावकों और छात्रों के मन में स्कूलों के बंद होने को लेकर संशय बना हुआ है। इस पर स्थिति साफ करते हुए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि पूरे राज्य में एक साथ स्कूल बंद नहीं किए जाएंगे। सरकार ने इसका जिम्मा स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित जिलों के उपायुक्तों को सौंप दिया है।
मंडी में कोहरे का साया
रविवार को मंडी शहर और उसके आस-पास के इलाकों में हल्की फुहारों के साथ घने कोहरे का असर देखा गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि ड्रोन कैमरों से की गई निगरानी में ब्यास नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य पाया गया है और शहर में बाढ़ जैसी कोई अप्रिय स्थिति नहीं है। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार जिला मंडी में 19 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रतिकूल मौसम रहने की संभावना है। विशेष रूप से 20 जुलाई और 21 जुलाई को वर्षा की तीव्रता बढ़ने की आशंका है। उपायुक्त ने सभी नागरिकों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदियों-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा उफनते खड्डों से दूर रहने, अस्थिर ढलानों और ओवरफ्लो पुलों को पार न करने की सलाह दी है। आपात स्थिति में दूरभाष नंबर 01905-226201, 226202, 226203, 226204 तथा आपातकालीन मोबाइल/व्हाट्सएप: 8544771889 पर और टोल फ्री आपदा हेल्पलाइन: 1077 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
कांगड़ा जिला में भारी बारिश का पूर्वानुमान, बारिश के रेड अलर्ट के चलते डीसी ने ली जिला अधिकारियों की बैठक
कांगड़ा जिला में आगामी तीन दिनों तक बारिश के ऑरेंज तथा रेड अलर्ट के मद्देनजर रविवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में हाई लेवल वर्चुअल मीटिंग का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्व अनुमान के अनुसार कांगड़ा जिला में 20 जुलाई को ऑरेंज तथा 21,22 जुलाई को रेड अलर्ट बताया है । जिला में भारी बारिश के चलते किसी प्रकार का जानी – माली नुकसान न हो प्रशासन इसके लिए पूर्ण रूप से तैयारी में जुटा है। उन्होंने जिला वासियों से भी आग्रह किया है कि रेड अलर्ट एवं बरसात के मौसम के चलते कोई भी व्यक्ति नदी नालों एवं जोखिम भरे क्षेत्रों के नजदीक न जाए।
हिमाचल प्रदेश में तापमान और मौसम की ताजा स्थिति (19 जुलाई)
मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान और वर्तमान स्थिति इस प्रकार है:
| स्थान | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान | मौसम की वास्तविक स्थिति |
| ऊना | 22°C | 32°C | लगातार बारिश और घने बादल |
| बिलासपुर | 21°C | 31°C | मध्यम से भारी वर्षा |
| कांगड़ा | 20°C | 29°C | मूसलाधार बारिश का दौर जारी |
| हमीरपुर | 20°C | 30°C | बादल छाए हैं, रुक-रुक कर बारिश |
| मंडी | 19°C | 27°C | हल्की फुहारें और घना कोहरा |
| चंबा | 18°C | 28°C | भारी बारिश का येलो अलर्ट |
| सोलन | 17°C | 26°C | ठंडी हवाएं और गरज के साथ बौछारें |
| कुल्लू | 16°C | 25°C | आसमान में काले बादल, बारिश शुरू |
| धर्मशाला | 16°C | 24°C | रुक-रुक कर तेज बारिश |
| शिमला | 15°C | 21°C | धुंध/कोहरा और सुखद ठंडी हवाएं |
| मनाली | 10°C | 18°C | काफी ठंडा और सुहावना मौसम |
| केलांग | 5°C | 13°C | कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाएं |
सोर्स: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम केंद्र शिमला और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्ट।
संकलन: सोमसी देष्टा
हिमाचल में अगले 10 दिन का मौसम जानने के लिए यहां Click करें
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



