29 July in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार वर्ष का 210वां दिन (लीप वर्ष में 211वां दिन) है। साल में अभी और 155 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 29 जुलाई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 29 जुलाई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
2006: जब जयवर्धने और संगकारा ने रचा टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का महाकीर्तिमान

यह कहानी क्रिकेट के इतिहास के उस सुनहरे दिन की है, जब श्रीलंका के दो दिग्गज बल्लेबाजों ने मिलकर दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को असहाय कर दिया और रिकॉर्ड बुक्स के पन्ने नए सिरे से लिखने पर मजबूर कर दिया।
27 जुलाई 2006 को कोलंबो के ‘सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब’ मैदान पर श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच शुरू हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम मुथैया मुरलीधरन और दिलहारा फर्नांडो की घातक गेंदबाजी (दोनों को 4-4 विकेट) के आगे महज 169 रनों पर ढेर हो गई।
इसके बाद अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। डेल स्टेन ने दोनों ओपनरों को दहाई का आंकड़ा छुए बिना ही पवेलियन भेज दिया। महज 14 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद क्रीज़ पर कदम रखा कुमार संगकारा और कप्तान महेला जयवर्धने की जोड़ी ने। पहले दिन का खेल खत्म होने तक दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए अर्धशतक जड़े और टीम का स्कोर 128 रन तक पहुंचाया।
लेकिन असली तमाशा दूसरे दिन शुरू हुआ। जयवर्धने और संगकारा ने मैदान के चारों तरफ खूबसूरत शॉट्स जड़े। दक्षिण अफ्रीका का कोई भी गेंदबाज इस जोड़ी को तोड़ने में नाकाम रहा। पूरे दिन एक भी विकेट नहीं गिरा और खेल खत्म होने तक दोनों ने शानदार दोहरे शतक ठोक दिए। श्रीलंका का स्कोर 485 रन पहुंच चुका था।
तीसरे दिन यानी 29 जुलाई को लंच ब्रेक तक दोनों के बीच 570 रनों की विशाल पार्टनरशिप हो चुकी थी। लंच के तुरंत बाद दोनों ने सनथ जयसूर्या और रोशन महानामा द्वारा 1997 में भारत के खिलाफ बनाए गए सबसे बड़ी साझेदारी (576 रन) के वर्ल्ड रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
आखिरकार, 624 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी के बाद एंड्रयू हॉल की गेंद पर कुमार संगकारा 287 रन पर आउट हुए। संगकारा के आउट होने के तुरंत बाद जब जयवर्धने 374 रन पर आउट हुए, तो श्रीलंका ने 5 विकेट पर 756 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। यह टेस्ट इतिहास का चौथा सबसे बड़ा स्कोर था। श्रीलंका ने यह मुकाबला एक पारी और 153 रनों के विशाल अंतर से जीता।
1958: जब सोवियत संघ के खौफ से हुआ नासा (NASA) का जन्म

द्वितीय विश्वयुद्ध खत्म होने के बाद दुनिया दो महाशक्तियों अमेरिका और सोवियत संघ के बीच बंट चुकी थी। दोनों के बीच एक अघोषित ‘शीत युद्ध’ छिड़ चुका था। यह लड़ाई सिर्फ सेना और हथियारों की नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी और अंतरिक्ष पर कब्जे की भी थी।
4 अक्टूबर 1957 को सोवियत संघ ने दुनिया का पहला मानव निर्मित उपग्रह ‘स्पूतनिक’ अंतरिक्ष में लॉन्च कर दिया। इस एक उपलब्धि ने पूरे अमेरिका में हड़कंप मचा दिया। अमेरिका को लगने लगा था कि सोवियत संघ इस तरह मिसाइल और सैटेलाइट लॉन्च कर अमेरिका के लिए खतरा बन सकता है।
स्पूतनिक के झटके से उबरने के लिए अमेरिका की नेशनल एडवाइजरी कमेटी फॉर एयरोनॉटिक्स (NACA) की एक अहम बैठक बुलाई गई (नासा से पहले यही संस्था विमानन से जुड़े काम देखती थी)।
इस बैठक में फैसला लिया गया कि रक्षा विभाग से अलग एक ऐसी समर्पित सिविलियन फेडरल एजेंसी बनाई जाए, जो सिर्फ अंतरिक्ष अनुसंधान, गैर-सैन्य वैज्ञानिक गतिविधियों और स्पेस एक्सप्लोरेशन पर ध्यान केंद्रित करे।
तमाम बहसों के बाद अमेरिकी संसद ने कानून पास किया। आखिरकार 29 जुलाई 1958 को अमेरिकी राष्ट्रपति ड्वाइट डी. आइजनहावर ने ऐतिहासिक ‘नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एक्ट’ पर हस्ताक्षर कर दिए। इसी कानून के तहत जन्म हुआ—NASA (National Aeronautics and Space Administration) का।
नासा ने 1 अक्टूबर 1958 से 100 मिलियन डॉलर के शुरुआती बजट के साथ आधिकारिक रूप से काम करना शुरू किया। गठन के तुरंत बाद नासा ने अपने पहले ह्यूमन स्पेसफ्लाइट प्रोग्राम (प्रोजेक्ट मर्करी) पर काम शुरू कर दिया, जिसका मकसद इंसान को अंतरिक्ष में भेजना था। जिस एजेंसी की शुरुआत सोवियत संघ के खौफ और प्रतिस्पर्धा के दबाव में हुई थी, उसी नासा ने 1969 में ‘अपोलो 11’ मिशन के जरिए चांद पर पहली बार इंसान (नील आर्मस्ट्रांग) को उतारकर इतिहास रच दिया। आज नासा दुनिया की सबसे अत्याधुनिक और अग्रणी स्पेस रिसर्च एजेंसियों में शीर्ष पर शुमार है।
देश-विदेश में 29 जुलाई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1567: जेम्स VI को मात्र तेरह महीने की उम्र में स्कॉटलैंड का राजा बनाया गया।
1748: र्इस्ट इंडिया कंपनी की सहायता के लिये ब्रिटिश सेना की पहली सैन्य टुकड़ी भारत पहुंची, जिसने आगे चलकर भारत में ब्रिटिश औपनिवेशिक सत्ता के विस्तार का मार्ग प्रशस्त किया।
1655: नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम में विश्व का सबसे बड़ा टाउनहाल खुला। इसकी विशालता और सुंदरता के कारण उस समय दुनिया का “आठवां आश्चर्य” कहा गया था। वर्तमान में यह Royal Palace of Amsterdam के रूप में जाना जाता है।
1786: एलेघनी पर्वतों के पश्चिम में पहला चार पृष्ठों का साप्ताहिक अखबार पिट्स गैजेट (Pittsburgh Gazette) प्रकाशित किया गया था। इसे फिलाडेल्फिया से पहाड़ों के पार लाई गई एक लकड़ी की प्रेस पर छापा गया था। बाद में यह ऐतिहासिक अखबार Pittsburgh Post-Gazette के रूप में जाना गया।
1858: सयुंक्त राष्ट्र अमेरिका और जापान ने हैरिस संधि पर हस्ताक्षर किए, जिसने जापान के सदियों पुराने अलगाववाद को समाप्त किया, व्यापार के द्वार खोले और अमेरिकी राजनयिक विशेषाधिकार सुनिश्चित किए।
1876: भारत में विज्ञान संगठन की स्थापना की गई। इसे पूरी तरह से भारतीयों द्वारा आधुनिक विज्ञान के अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए बनाया था। यह भारत का सबसे पुराना और एशिया का पहला ऐसा शोध केंद्र है।
1899: न्यूयॉर्क में पहली मोटरसाइकिल रेस का आयोजन हुआ।
1899: अंतरराष्ट्रीय विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए Permanent Court of Arbitration (PCA) की स्थापना की गई।
1911: कोलकाता के भारतीय क्लब मोहन बागान ने आर्इएफ शील्ड पहली बार जीता। किसी भारतीय क्लब द्वारा ब्रिटिश टीम को हराकर यह खिताब जीतने वाली यह पहली ऐतिहासिक घटना थी। भारत के खेल इतिहास में 29 जुलाई को ‘मोहन बागान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
1914: दुनिया की पहली ट्रांसकॉन्टिनेंटल टेलीफोन सर्विस लाइन की शुरुआत हुई।
1921: हिटलर नेशनल सोशलिस्ट जर्मन वर्कर्स पार्टी का प्रमुख नेता चुना गया।
1937: जापानी सेना ने चीन के पेकिंग (बीजिंग) और टिनट्सीन (तियानजिं) पर कब्जा कर लिया था। यह घटना चीन पर जापानी हमले और दूसरे चीन-जापानी युद्ध के दौरान हुई थी।
1949: BBC (ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन) रेडियो पर प्रसारण शुरू हुआ।
1957: संयुक्त राष्ट्र ने परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से ‘अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी’ IAEA (International Atomic Energy Agency) का गठन किया।
1980: मॉस्को ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्पेन को 4-3 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। यह भारत का आठवां और अब तक का आखिरी ओलंपिक स्वर्ण पदक है।
1981: ब्रिटेन के राजकुमार प्रिंस चार्ल्स और लेडी डायना स्पेंसर का ऐतिहासिक विवाह लंदन के सेंट पॉल कैथेड्रल में हुआ था। इसे Wedding of the Century कहा गया, जिसे दुनिया भर में लगभग 75 करोड़ लोगों ने टीवी पर लाइव देखा था।
1987: भारत के प्रधानमंत्री राजीव गांधी और श्रीलंका के राष्ट्रपति जे. आर. जयवर्धने ने कोलंबो में भारत-श्रीलंका शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद भारतीय शांति सेना को श्रीलंका भेजा गया। यह भारत की विदेश नीति के इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक है।
1996: अरुणाचल प्रदेश में गुवाहाटी उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ का उद्घाटन।
2000: सीमा भदौरिया ने अपने दांतों से 3390 किलोग्राम वजन का एक विमान खींचकर एक ऐतिहासिक और अनोखा रिकॉर्ड बनाया था।
2010: संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 122 देशों के समर्थन से सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल तथा स्वच्छता के अधिकार को एक मानवाधिकार के रूप में मान्यता देने वाला ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया था।
2013: इराक में एक कार बम हमले में 44 लोगों की मौत हो गई।
2013: पाकिस्तान के डेरा इस्माल खान में को तालिबान हमले के बाद 300 कैदी फरार हो गए।
2015: माइक्रोसॉफ्ट ने विंडोज-10 लॉन्च किया।
2020: भारत सरकार के केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) को मंजूरी दी थी, जिसने 34 साल पुरानी 1986 की शिक्षा नीति को बदला।
29 July in History: 29 जुलाई को जन्मे प्रमुख व्यक्ति
1904: जे. आर. डी. टाटा – आधुनिक भारत की बुनियाद रखने वाली उद्योगपति थे। पूरा नाम जहांगीर रतनजी दादाभाई टाटा था। 1992 में ‘भारत रत्न’ से भी नवाजा गया था।
1905: डैग हैमरस्क्जोंल्ड – संयुक्त राष्ट्र (UN) के दूसरे महासचिव तथा 1961 के नोबेल शांति पुरस्कार (मरणोपरांत) से सम्मानित।
1931: सी. नारायण रेड्डी – ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित तेलुगु भाषा के प्रख्यात कवि।
1953: अनूप जलोटा– भारत के प्रसिद्ध भजन गायक और संगीतकार (जिन्हें ‘भजन सम्राट’ के नाम से भी जाना जाता है)।
1959: संजय दत्त– हिंदी फ़िल्म अभिनेता और निर्माता। खलनायक, वास्तव, मुन्ना भाई M.B.B.S. और अग्निपथ जैसी फिल्मों के लिए प्रसिद्ध।
29 July in History: 29 जुलाई को हुए प्रमुख निधन
1890: विन्सेंट वैन गो – विश्वविख्यात चित्रकार, जिनकी कृतियां Starry Night और Sunflowers आज भी कला जगत की अमूल्य धरोहर मानी जाती हैं।
1891: ईश्वर चन्द्र विद्यासागर – प्रसिद्ध समाज सुधारक, शिक्षाशास्त्री और स्वाधीनता सेनानी।
1996: अरुणा आसफ़ अली – भारतीय स्वतंत्रता सेनानी।
2003: जॉनी वॉकर– भारत के एक सुप्रसिद्ध हास्य अभिनेता।
2017: स्नेहमयी चौधरी – प्रसिद्ध हिन्दी कवयित्री।
29 जुलाई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव
आज इंटरनेशनल टाइगर डे

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस (International Tiger Day) आज इंटरनेशनल टाइगर डे है। दुनियाभर में हर साल बाघ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 29 जुलाई को इंटरनेशनल टाइगर डे मनाया जाता है। सबसे पहले साल 2010 में रूस के सेंट पीट्सबर्ग में आयोजित एक शिखर सम्मेलन में इंटरनेशनल टाइगर डे मनाने की शुरुआत हुई थी। उसके बाद से हर साल 29 जुलाई को इस दिन को पूरी दुनिया में मनाया जाता है। बाघ (टाइगर) भारत का राष्ट्रीय पशु है। बाघ देश की शक्ति, शान, सतर्कता, बुद्धि और धीरज का प्रतीक है।
मोहन बागान दिवस

भारत के खेल इतिहास में 29 जुलाई को ‘मोहन बागान दिवस’ (Mohun Bagan Day) के रूप में मनाया जाता है। 29 जुलाई 1911 को कोलकाता के मोहन बागान एथलेटिक क्लब ने ‘ईस्ट यॉर्कशर रेजीमेंट’ (ब्रिटिश सेना की टीम) को 2-1 से हराकर प्रतिष्ठित IFA शील्ड का खिताब जीता था। किसी भारतीय फुटबॉल क्लब द्वारा ब्रिटिश टीम को हराकर यह ऐतिहासिक जीत हासिल करने की स्मृति में भारतीय खेल प्रेमी इस दिन को उत्सव की तरह मनाते हैं।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



