Solan Crime News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अंतर्गत आने वाले उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत शहरोल के कुईरू गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पुरानी रंजिश को लेकर हुए एक झगड़े में अपने बेटे का बचाव करने पहुंची महिला की ऊंचाई से गिरने के कारण जान चली गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है और उस पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित युवक शुभम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शाम के समय घर के पास टहलने गया था। वापस लौटते वक्त गांव के एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते उसे रोक लिया और हाथापाई शुरू कर दी। किसी तरह खुद को बचाकर युवक ने अपनी मां मीना देवी और पत्नी दीक्षा को फोन करके घटनास्थल पर बुलाया। परिजन जब मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, तो हाथापाई के दौरान आरोपी ने धक्का दे दिया।
10 फीट की ऊंचाई से गिरने से आई गंभीर चोटें
धक्के के कारण मीना देवी अपना संतुलन खो बैठीं और पास ही बने एक मकान के आंगन में करीब 10 फीट की ऊंचाई से नीचे जा गिरीं। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं इस हाथापाई में युवक की पत्नी भी चोटिल हो गई। स्थानीय निवासियों की मदद से घायल मीना देवी को तुरंत नागरिक अस्पताल अर्की ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन का पुलिस रिमांड मंजूर
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। सोलन के पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जिसके तहत घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

