Vikramaditya Singh: हिमाचल प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के तहत वर्ष 2026-27 के लिए राज्य को 239.45 करोड़ रुपए की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस भारी भरकम बजट से प्रदेश की दो बेहद महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण और उन्नयन का काम पूरा किया जाएगा।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) ने बताया कि यह महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता राज्य सरकार और लोक निर्माण विभाग की निरंतर कोशिशों का सुखद परिणाम है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के विषय को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्रालय के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया था। सभी प्रशासनिक औपचारिकताओं को तेजी से पूरा करके निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा ताकि जनता को समय पर इसका लाभ मिल सके।
स्वीकृत परियोजनाओं का विस्तृत बजट विवरण
स्वीकृत की गई कुल 239.45 करोड़ रुपए की राशि को दो मुख्य सड़कों के विकास के लिए बांटा गया है। पहली परियोजना छैला-नेरिपुल-यशवंत नगर-कुमारहट्टी मार्ग के उन्नयन की है जिसके लिए 203.52 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। दूसरी परियोजना टिक्कर-जरोल-खमाड़ी सड़क के छूटे हुए 16 किलोमीटर लंबे भाग के उन्नयन की है जिसके लिए 35.93 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
रामपुर और सेब बहुल क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
टिक्कर-जरोल-खमाड़ी मार्ग का शेष भाग स्वीकृत होने से रामपुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों और बागवानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में बड़ी आसानी होगी। वहीं छैला-कुमारहट्टी मार्ग ठियोग, कोटखाई, जुब्बल, रोहड़ू और चौपाल जैसे प्रमुख सेब उत्पादक क्षेत्रों की लाइफलाइन माना जाता है। इस मार्ग के सुधरने से सेब और अन्य बागवानी उत्पादों का परिवहन तेज होगा, ढुलाई की लागत घटेगी और उत्पादकों को बेहतर बाजार मिलेगा।
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास के लिए प्रतिबद्धता
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने स्पष्ट किया कि यह केवल सड़कों का निर्माण नहीं है बल्कि यह प्रदेश के किसानों और बागवानों के बेहतर भविष्य में किया गया एक बड़ा निवेश है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र सरकार के साथ लगातार सकारात्मक समन्वय बनाकर काम करती रहेगी।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



